AUSvNZ: तीसरे दिन साउथी ने झटके चार विकेट, बर्न्स-लाबुशाने के पचासे से ऑस्ट्रेलिया मजबूत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऑस्ट्रेलिया की टीम ने पर्थ में खेले जा रहे दिन-रात्रि टेस्ट के तीसरे दिन के अंतिम सत्र में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूधिया रोशनी के बीच 29 रन पर पांच विकेट गंवा दिए। स्टंप्स के समय मेजबान टीम का स्कोर छह विकेट पर 167 रन हो गया जो एक समय एक विकेट पर 131 रन था। हालांकि इसके बावजूद उसकी बढ़त 417 रन की हो गई है। जो बर्न्स ने 53 और पहली पारी में शतक लगाने वाले मार्नस लाबुशाने ने 50 रन की पारी खेली। टिम साउथी ने 63 रन देकर चार विकेट लिए। ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 250 रन की बढ़त हासिल है।
ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 416 रन बनाए थे और फिर न्यूजीलैंड को 166 रन पर ढेर कर दिया था। तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क ने 52 रन देकर पांच विकेट चटकाए। बेहद गर्मी और तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड के चोटिल होने के कारण ऑस्ट्रेलिया ने फालोऑन नहीं देने का फैसला किया।
लाबुशाने का नहीं लगा शतकीय चौका
ऑस्ट्रेलिया के लाबुशाने के नाम एक महीने पहले तक कोई टेस्ट शतक नहीं था लेकिन वह लगातार चार टेस्ट शतक जड़ने वाला दूसरे ऑस्ट्रेलियाई और कुल पांचवें बल्लेबाज बनने की राह पर थे। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की ओर से सिर्फ जैक फिंगलटन यह कारनामा कर पाए हैं। स्टीव स्मिथ एक बार फिर नाकाम रहे और 16 रन बनाने के बाद वैगनर की शार्ट गेंद पर कैच दे बैठे। स्मिथ के 71 टेस्ट के करिअर में यह पहला मौका है जब वह लगातार तीन मैचों में कोई अर्द्धशतक नहीं बना पाए। इससे पहले न्यूजीलैंड की ओर से सिर्फ अनुभवी रोस टेलर टिककर बल्लेबाजी कर पाए। उन्होंने नाथन लियोन की गेंद पर स्लिप में स्मिथ को कैच थमाने से पहले 80 रन बनाए।