बड़े खेल प्रेमी थे अटल बिहारी वाजपेयी, टीम इंडिया को पाकिस्तान जाकर दिल जीतने की दी थी सलाह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी अब हमारे बीच नहीं रहे। लंबे समय से बीमार चल रहे वाजपेयी ने दिल्ली के एम्स में आखिरी सांस ली। एक बेहतरीन वक्ता और कवि होने के साथ-साथ अटल जी बड़े खेल प्रेमी भी थे। 2004 में अटल जी की पहल के बाद ही आतंक के साये में भारत ने पाकिस्तान का ऐतिहासिक दौरा किया था। इसे दोनों देशों के संबंधों के लिए अहम धूरी माना गया था।
अपने कार्यकाल के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी ने भारत-पाकिस्तान के बीच आए रिश्तों में खटास को हटाने के लिए खेल की मदद ली थी। लगभग 14 साल बाद पहली बार टीम इंडिया साल 2004 में सौरव गांगुली की कप्तानी में पांच वनडे और तीन टेस्ट की सीरीज खेलने पाकिस्तान रवाना हुई। दौरे पर जाने से पहले टीम इंडिया ने अटल बिहारी वाजपेयी से खास मुलाकात की थी।
इस दौरान अटल जी ने खेल भावना दिखाते हुए न सिर्फ भारतीय टीम का हौसला बढ़ाया बल्कि उपहार स्वरूप एक बल्ला भी दिया। तत्कालीन प्रधानमंत्री ने शुभकामनाओं के तौर पर दिए बल्ले में लिखा था, 'खेल ही नहीं, दिल भी जीतिए, शुभकामनाएं।
कड़ी सुरक्षा के बीच मार्च 2004 से अप्रैल 2004 तक पहले वनडे और फिर टेस्ट श्रंखला होनी थी। देश में इस सीरीज का काफी विरोध भी हुआ था। मगर सौरव गांगुली की अगुवाई में भारतीय टीम ने पहली बार पाकिस्तान को उसके घर पर जाकर पटखनी दी थी।
सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़, जहीर खान जैसे अनुभवी खिलाड़ी तो इरफान पठान, लक्ष्मीपति बालाजी, मोहम्मद कैफ जैसे युवा ब्रिगेड के दम पर भारतीय टीम ने वनडे सीरीज 3-2 से अपने नाम किया तो टेस्ट सीरीज 2-1 में 2-1 से फतह हासिल की। मुल्तान में हुए पहले टेस्ट में सहवाग ने तिहरा शतक (309 रन) जमाकर इतिहास रच दिया था।
पाकिस्तानी टीम में भी शोएब अख्तर, इंजमाम-उल-हक, शाहिद अफरीदी, मोहम्मद यूसुफ, यूनिस खान जैसे धाकड़ खिलाड़ी थे। अब भले ही भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट संबंध अच्छे नहीं चल रहे हो, लेकिन इसे सुधारने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी की पहल सराहनीय थी, जो उनके खेल प्रेम को झलकाता था।