AFGvZIM: अशगर ने तोड़ा धोनी का वर्ल्ड रिकॉर्ड, अफगानिस्तान ने किया क्लीन स्वीप
अफगानिस्तान की टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरा टी-20 मैच भी आसानी से जीत लिया। अबू धाबी में शनिवार को खेले गए सीरीज के आखिरी मुकाबले में अफगानी टीम ने 47 रनों से जीत दर्ज की। इसी के साथ अफगानी टीम ने तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला भी 3-0 से अपने नाम कर ली।
बात करें मैच की तो अफगानिस्तान की टीम ने एक बार फिर से टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उसका यह फैसला फिर सही साबित हुआ और उसने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 183 रन बनाए। अफगानिस्तान की तरफ से इस बार नजीबुल्लाह जदरान ने 35 गेंदों में 72 रनों की नाबाद पारी खेली। उनके अलावा अन्य बल्लेबाजों- छोटी पारियां खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में पांच विकेट खोकर सिर्फ 136 रन ही बना पाई और मैच के साथ-साथ सीरीज भी हार गई।
अशगर ने तोड़ा धोनी का वर्ल्ड रिकॉर्ड:
अफगानिस्तान के कप्तान अशगर अफगान ने इस जीत के साथ ही भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में बतौर कप्तान सबसे अधिक मैच जीतने वाले क्रिकेटर बन गए हैं। अशगर ने अपनी कप्तानी में 42 जीत दर्ज कर ली है, जबकि धोनी ने 41 मैचों में बाजी मारी थी। इस मामले में इंग्लैंड के कप्तान इयोन मॉर्गन 33 जीत के साथ तीसरे स्थान पर मौजूद हैं।
राशिद सर्वाधिक विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज
अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान ने भी एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली। वह अब टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक विकेट लेने के मामले में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इस मामले में उन्होंने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज टिम साउथी को पछाड़ दिया है।