मुंबई के पूर्व स्पिनर प्रवीण तांबे कैरेबियाई प्रीमियर लीग में खेलने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्हें लीग की नीलामी में ट्रिनबागो नाइट राइडर्स ने अपनी टीम से जोड़ा। प्रथम श्रेणी क्रिकेट से संन्यास ले चुके 48 साल के तांबे को सीपीएल में खेलने के लिए बीसीसीआई से अनापत्ति प्रमाण पत्र की आवश्यकता होगी। सीपीएल की छह फ्रेंचाइजियों ने 18 अगस्त से 10 सितंबर तक होने वाली लीग के लिए टीमों का चयन किया है।
कोविड-19 महामारी के कारण टूर्नामेंट को दर्शकों के बिना खेला जाएगा। सीपीएल से जारी बयान में कहा गया कि नीलामी का ऑनलाइन आयोजन किया गया जिसमें छह टीमों ने कैरिबियन और विदेशी खिलाड़ियों को टीम में जोड़ा। इसमें राशिद खान, मार्कस स्टोइनिस, रॉस टेलर, ताम्बे और कार्लोस ब्रैथवेट जैसे खिलाड़ी शामिल है। तांबे 41 साल की उम्र में आईपीएल में पदार्पण कर लीग में खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने थे। उन्होंने आईपीएल के 33 मैचों में 30.5 के औसत से 28 विकेट लिए है।
बीसीसीआई ने तांबे को केकेआर के लिए आईपीएल में खेलने की अनुमति नहीं दी थी, क्योंकि वह अबु धाबी में एक अमान्य टी-10 लीग में खेले थे। बोर्ड के नियमों के अनुसार किसी भी खिलाड़ी को दूसरे देश में घरेलू टी-20 लीग खेलने की अनुमति तभी मिलेगी, जब वह इंडियन प्रीमियर लीग समेत सभी तरह के घरेलू क्रिकेट से संन्यास लें। बीसीसीआई का नियम साफ तौर पर यह कहता है कि भारतीय खिलाड़ी सिर्फ आईपीएल में खेलेंगे या फिर वह इससे दूर रहें और अन्य देशों की लीगों में खेलें। उनका नाम टी-10 लीग में भेजना और अब उन्हें आईपीएल का हिस्सा बनाना साफ तौर पर बीसीसीआई के नियमों के खिलाफ होगा।
आईपीएल के 13वें सीजन के लिए तांबे को कोलकाता नाइटराइडर्स ने उनकी बेस प्राइस 20 लाख में खरीदा था। तांबे पिछली बार 2016 में इस लीग में खेले थे। प्रवीण तांबे ने साल 2018 में संन्यास का एलान करते हुए मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) को इस्तीफा दे दिया था। विदेशी लीग खेलने के बाद उन्होंने इस्तीफा वापस लेकर मुंबई लीग में भाग लिया था। युवराज सिंह ने भी कनाडा में वैश्विक टी-20 लीग खेलने से पहले यही किया।
प्रवीण तांबे ने अपना करियर ही 40 साल से ज्यादा की उम्र में शुरू किया था। तांबे ने 2013 तक किसी फर्स्ट क्लास साइड तक के लिए कोई बड़ा मैच तक नहीं खेला था, लेकिन 2013 में राहुल द्रविड़ की नजर उन पर पड़ी और द्रविड़ ने 41 साल के तांबे को आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए चुना था।