फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Opinion ›   west asia war and fifa world cup how sports brings world closure

युद्ध और खेल: फुटबॉल का महाकुंभ और उम्मीदों की राजनीति

Fri, 12 Jun 2026 06:40 AM IST
नितिन गौतम अमर उजाला, नई दिल्ली
अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: नितिन गौतम Updated Fri, 12 Jun 2026 06:40 AM IST
विज्ञापन
सार
जब दुनिया युद्धों और संघर्षों से घिरी हुई है और अस्थिरता का माहौल है, ऐसे वक्त में फुटबाल विश्व कप दुनिया को साझा मंच पर लाने का एक दुर्लभ अवसर है। हालांकि ताजा विश्वकप सिर्फ एक खेल आयोजन नहीं बल्कि सहयोगी की परीक्षा भी होगा। 
loader
west asia war and fifa world cup how sports brings world closure
पश्चिम एशिया संकट के बीच फुटबाल विश्वकप - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

ऐसे वक्त में, जब पश्चिम एशिया का अंतहीन दिखता संघर्ष वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति व अर्थव्यवस्थाओं के लिए नई चिंताएं पैदा कर रहा है और बढ़ती संरक्षणवादी नीतियां, सीमाओं व आप्रवासन की तीखी बहसें व अंतरराष्ट्रीय संबंधों में बढ़ता अविश्वास वैश्विक परिदृश्य को जटिल बना रहे हैं, तब अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की संयुक्त मेजबानी में आयोजित अब तक का सबसे बड़ा फुटबाल विश्वकप दुनिया को साझा मंच पर लाने का दुर्लभ अवसर है। पर सवाल है कि क्या यह खेल की उस शक्ति को साबित कर पाएगा, जो मतभेदों के बीच संवाद व तनावों के बीच उम्मीद की गुंजाइश पैदा करती है।


फुटबाल विश्वकप का इतिहास देखें, तो उम्मीद तो बंधती है। मुसोलिनी के शासन के दौरान 1934 में इटली में हुआ विश्वकप हो या फिर 1938 की प्रतिस्पर्धा, जब जर्मनी, ऑस्ट्रिया पर कब्जा कर चुका था, इस खेल ने दर्द से कराहते देशों को कुछ राहत दी थी। शीतयुद्ध के दौर में भी यह खेल संवाद का एक मंच बना था। इसी तरह, 2010 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित विश्वकप ने रंगभेद के अतीत से बाहर निकल रहे देश को वैश्विक पहचान और आत्मविश्वास प्रदान किया। इस तरह फुटबाल के खेल ने हमेशा यह संदेश दिया कि प्रतिस्पर्धा के बावजूद साझा मानवीय भावनाएं किसी भी राजनीतिक मतभेद से बड़ी हो सकती हैं। लेकिन 48 टीमों और 104 मैचों वाला कल से शुरू हुआ फीफा विश्वकप कुछ अलग है। टिकट की कीमतों और अमेरिका के सख्त प्रवासन नियमों को लेकर देशों में नाराजगी है।


अमेरिका की मेजबानी में ईरान की टीम को खेलते देखना दिलचस्प होगा, जिसने मेक्सिको को अपना ठिकाना बनाया है। उल्लेखनीय है कि ईरानी खिलाड़ी जब मेक्सिको पहुंचे, तो उन्होंने वह प्रतीक चिह्न पहना था, जो स्कूल पर हुए घातक मिसाइल हमले के पीड़ितों की याद दिलाता है। जाहिर है कि ताजा विश्वकप सिर्फ खेल का आयोजन नहीं, बल्कि सहयोग की एक बड़ी परीक्षा भी है। विश्वकप जैसे आयोजन हमेशा राष्ट्रीय गौरव, आर्थिक हितों और कूटनीतिक संदेशों से जुड़े रहते हैं, इसलिए यह अपेक्षा करना कि इससे देशों के बीच तनाव खत्म हो जाएंगे, शायद अतिरंजना होगी। पर यह भी सच है कि जब हजारों दर्शक एक साथ खुशी मनाते हैं, या निराशा साझा करते हैं, तब वे केवल नागरिक नहीं रहते, बल्कि साझा अनुभव का हिस्सा बन जाते हैं। यही वह मानवीय जुड़ाव है, जिसकी आज दुनिया को सबसे अधिक जरूरत है। ऐसे में फुटबाल के महाकुंभ के सामने चुनौती सिर्फ सफल आयोजन की नहीं, बल्कि अपनी मूल भावना को जीवित रखने की भी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed