Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Opinion ›   Sonia Gandhi Belonging silences and questions author share life experiences whose voice emerges most prominent

किताब, चुप्पियां और सवाल: लेखिका ने जीवन के अहम अनुभवों को साझा किया, बिलॉन्गिंग में किसकी आवाज सर्वाधिक मुखर?

Tue, 17 Nov 2026 03:05 AM IST
SPrasannarajan प्रसन्नराजन एस प्रसन्नराजन
Updated Tue, 17 Nov 2026 03:05 AM IST
विज्ञापन
सार
कैंब्रिज के एक कैफे से शुरू हुआ बिलॉन्गिंग का सफर कई अनकहे सवाल छोड़ जाता है। लेखिका ने अपने जीवन के अहम पड़ावों और अनुभवों को साझा किया है, लेकिन कुछ चुप्पियां अब भी बरकरार हैं।
loader
Sonia Gandhi Belonging silences and questions author share life experiences whose voice emerges most prominent
'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' के विमोचन के मौके पर सोनिया गांधी - फोटो : एक्स/काग्रेस/वीडियो ग्रैब/एक्स

विस्तार

साहित्य के बेहतरीन क्षणों में कई बार इतिहास की निश्चितता की जगह स्मृतियों की स्पष्टता ले लेती है। यही वजह है कि एक अच्छी आत्मकथा में रचनात्मक स्वतंत्रता और ऐतिहासिक जिम्मेदारी के बीच संतुलन बनाना बेहद जरूरी हो जाता है। खासकर तब, जब लेखक अपने जीवन की कहानी के साथ उस समाज और परिवेश को भी सामने रख रहा हो, जिसमें उसका जीवन बीता है। एक जीवनीकार किसी दूसरे व्यक्ति के जीवन का इतिहास लिखता है। उसके पास तथ्यों को परखने और उनके आधार पर फैसला लेने की सुविधा होती है। लेकिन, संस्मरण लिखने वाला व्यक्ति अपने जीवन का सबसे बड़ा जानकार होता है। उसे अपने अनुभवों को चुनने, कुछ बातों को छोड़ने और उन्हें अपने नजरिये से दोबारा पेश करने की पूरी आजादी होती है।



सोनिया गांधी का जीवन भारतीय राजनीति में कई नाटकीय मोड़ों का गवाह रहा है। इसकी शुरुआत एक प्रेम कहानी से हुई थी। इटली के छोटे-से कस्बे ओरबासानो की एक साधारण मध्यमवर्गीय लड़की, जिसकी आंखों में सपने थे, पूरब के एक राजकुमार के प्रेम में पड़ गई। धीरे-धीरे यह कहानी भारतीय राजनीति के सबसे प्रभावशाली परिवार का हिस्सा बनने तक पहुंची। उनका जीवन देश की सबसे शक्तिशाली महिला के रूप में पहचान रखने वाली इंदिरा गांधी की बहू के तौर पर आगे बढ़ा।


इस पूरी कहानी में सोनिया गांधी एक ऐसी पत्नी के रूप में पर्दे के पीछे रहीं, जो नहीं चाहती थीं कि उनके पति सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री बनें, जो उस वक्त भारत को 21वीं सदी में ले जाने का सपना देख रहे थे। इसके बाद उनके जीवन में दो ऐसी त्रासदियां आईं, जिन्होंने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे देश को झकझोर दिया। पहली हत्या उनकी सास की हुई, जो उस समय अपनी सत्ता और संदेह की पराकाष्ठा पर थीं। दूसरी हत्या उनके पति की हुई, जिन्हें एक आकर्षक और आधुनिक सोच वाले नेता के रूप में देश का भरपूर प्यार और सम्मान मिल रहा था।

इसके बाद एक दिलचस्प राजनीतिक घटनाक्रम के तहत, संसद के सेंट्रल हॉल में सोनिया गांधी की जगह पार्टी के एक वफादार सहयोगी को प्रधानमंत्री के रूप में नामित किया गया। इसे उनके राजनीतिक त्याग के रूप में देखा गया। हालांकि, सत्ता में न रहते हुए भी सोनिया गांधी देश की सबसे शक्तिशाली महिला बनकर उभरीं। दिल्ली की सत्ता और राजनीति में उनका काफी दखल था। वह किसी सांविधानिक पद पर न होते हुए भी बड़े राजनीतिक फैसलों को प्रभावित करने की ताकत रखती थीं। वह भारत की सबसे पुरानी राजनीतिक परंपरा के उन समर्थकों के लिए एक ‘मुक्तिदाता’ बनीं, जो किसी तरह एक उपनाम (गांधी परिवार) से चिपके रहना चाहते थे। इस पूरे सफर में कभी उन्हें रहस्यमयी और चुप रहने वाली नेता के रूप में देखा गया, तो कभी कांग्रेस के लिए आखिरी उम्मीद के तौर पर। फिलहाल, वह इस बात का इंतजार कर रही हैं कि उनका बेटा उस राजनीतिक भरोसे को फिर से हासिल करने में कितना समय लेगा, जो पार्टी लंबे वक्त से खो चुकी है।

बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव सोनिया गांधी के जीवन की पूरी कहानी सामने लाने का प्रयास है, जैसा एक संस्मरण से उम्मीद भी की जाती है। किताब के कवर से ही इसकी कहानी का दायरा समझ आता है। सामने के कवर पर युवा सोनिया की एक ब्लैक-एंड-व्हाइट तस्वीर है, जिसमें वह कैमरे की ओर देख रही हैं; वहीं पिछले कवर पर आज की सोनिया की एक रंगीन तस्वीर है, जिसमें वह पूरी गरिमा के साथ नजर आ रही हैं और उनके पीछे किताबों से भरी अलमारियां हैं। इन दोनों तस्वीरों के बीच उनकी जिंदगी की कहानी है। किताब का शुरुआती हिस्सा, सोनिया गांधी के कैंब्रिज के परिसरों से लेकर सत्ता के निजी गलियारों के सफर तक, काफी कुछ उजागर करता है। यहां हम एक शांत और संयमित सोनिया को देखते हैं, जो पत्नी, बहू और मां की भूमिकाओं में हैं। वह एक ऐसे राजनीतिक थ्रिलर का हिस्सा हैं, जिसमें पूर्ण सत्ता और अचानक पतन, कभी न भरने वाले नुकसान और चमत्कारी वापसी जैसे उतार-चढ़ाव शामिल हैं। सांस्कृतिक उलझनों और अपनी पहचान पर हुए हमलों के बीच, उन्होंने कई भूमिकाएं निभाईं, लेकिन उनकी असल कहानी कभी पूरी तरह सामने नहीं आ पाई। बिलॉन्गिंग आत्मकथा की तरह अपनी जिंदगी की कहानी को खुद बताने की कोशिश है, ताकि दूसरों के बताए नजरिये के बजाय लोग उसे उसी की जुबानी जान सकें।

किताब के वे हिस्से अधिक प्रभावशाली लगते हैं, जिनमें राजनीति से ज्यादा सोनिया गांधी अपने अनुभवों, रिश्तों और भावनाओं के बारे में बातें करती हैं। तब पाठक भी उनसे बेहतर ढंग से जुड़ पाता है। लेकिन, जब पुस्तक का स्वर ऐसा होने लगता है, जैसे कोई राजनीतिक जानकार अधूरी समझ के साथ अपनी राय दे रहा हो, तब यह प्रभाव कम होने लगता है। खासकर, प्रधानमंत्री मोदी के साथ हुई कुछ मुलाकातों का संक्षिप्त और औपचारिक उल्लेख इस कमी को और स्पष्ट करता है।

पुस्तक के आखिरी हिस्से में सोनिया गांधी की राजनीतिक शिकायतें और मौजूदा सत्ता के प्रति उनकी नाराजगी खुलकर सामने आती है। ऐसा लगता है कि वह कांग्रेस और गांधी परिवार के कमजोर होने को राजनीतिक बदलाव का स्वाभाविक परिणाम मानने के बजाय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और दक्षिणपंथी राजनीति की ओर से लोकतंत्र के लिए पैदा हुए खतरे के रूप में देखती हैं।

वह सवाल उठाती हैं, ‘भाजपा के विभाजनकारी शासन के दीर्घकालिक परिणाम क्या होंगे? तानाशाही शासन अक्सर जन-विरोध का जवाब और भी कठोर दमन से देते हैं, जैसा कि भारत में भी हो रहा है। लेकिन, यह शासन हमेशा के लिए नहीं है।’ इस तरह सोनिया गांधी खुद को एक आखिरी ‘धर्मनिरपेक्ष आशावादी’ के रूप में पेश करती हैं, जो अपने राजनीतिक विरोधियों से कहीं अधिक ‘भारतीय’ हैं। इससे एक ऐसी कहानी में थोड़ी कड़वाहट आ जाती है, जिसे अब तक काफी सहज और बिना किसी पक्षपात के सुनाया जा रहा था।

बिलॉन्गिंग के आखिरी पन्ने तक पहुंचने के बाद आपको एहसास होता है कि कैंब्रिज के एक कैफे से शुरू हुई यह कहानी, कई सवाल और चुप्पियां छोड़ जाती है। सबसे बड़ा सवाल तो यही है कि किताब में किसकी आवाज सबसे अधिक मुखर है-लेखिका की स्मृतियों की या उस इतिहास की, जिसका वह लंबे समय तक हिस्सा रही हैं?

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed