Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Opinion ›   Microsoft outage extraordinary failure threat to digital systems not external internal changes need attention

एक असाधारण विफलता और कुछ सवाल: डिजिटल सिस्टम को खतरा बाहरी दुश्मन से नहीं, कंपनी के आंतरिक बदलाव पर नजर अहम

Mon, 16 Nov 2026 08:08 AM IST
प्रवीण कौशल अमर उजाला, नई दिल्ली।
अमर उजाला, नई दिल्ली। Published by: प्रवीण कौशल Updated Mon, 16 Nov 2026 08:08 AM IST
सार

बिना किसी हैकर या एआई हमले के माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं 74 देशों में 18 घंटे तक ठप रहीं, वहीं नेटवर्क की खराबी से अमेरिका में चार घंटे उड़ानें रुकी रहीं। ये दोनों घटनाएं यही इशारा करती हैं कि हमारे विशाल डिजिटल सिस्टम को खतरा बाहरी दुश्मनों से नहीं, बल्कि कंपनी के आंतरिक बदलावों से है।

विज्ञापन
Microsoft outage extraordinary failure threat to digital systems not external internal changes need attention
माइक्रोसॉफ्ट आउटेज से दुनियाभर में कई सेवाओं में परेशानी। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

मैंने गुरुवार देर रात इस पर ध्यान दिया। मेरा इनबॉक्स अपडेट होना बंद हो गया था। मैंने भी वही किया, जो आमतौर पर ऐसी स्थिति में हर कोई करता है। पहले वाई-फाई को दोष दिया, फिर राउटर रीस्टार्ट किया और दोबारा कोशिश की। पर, कोई फायदा नहीं हुआ। अगली सुबह तक यह साफ हो चुका था कि समस्या इंटरनेट की नहीं है। गड़बड़ी माइक्रोसॉफ्ट की तरफ से थी और इसका असर हर जगह दिखाई दे रहा था।

विज्ञापन


74 देशों में आउटलुक, टीम्स, वनड्राइव और कोपायलट ठप हो गए। माइक्रोसॉफ्ट को सेवाएं काफी हद तक सामान्य करने में लगभग 18 घंटे लग गए। कई देशों से कुछ गंभीर और परेशान करने वाली खबरें सामने आईं। हमारे यहां भी, एयरलाइंस ने यात्रियों को चेतावनी दी कि उनका ई-मेल सपोर्ट प्रभावित हुआ है। माइक्रोसॉफ्ट ने इस गड़बड़ी के लिए माफी मांगी। कंपनी के मुताबिक, समस्या नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने के लिए किए गए एक पुराने अपग्रेड से जुड़ी थी, जो बाद में नेटवर्क में किए गए बदलाव के समय सामने आई। उसने यह भी साफ किया कि इसका हैकर्स या एआई से कोई लेना-देना नहीं था।
विज्ञापन


मैं समझ सकता हूं कि लोगों को यह सुनकर तसल्ली क्यों मिली होगी। लेकिन, मुझे नहीं मिली। जरा सोचिए कि इसका क्या मतलब है। कई दुश्मन देश इतने बड़े डिजिटल सिस्टम को ठप करने के लिए वर्षों तक कोशिश करते हैं और इस पर भारी-भरकम पैसा खर्च करते हैं, लेकिन ज्यादातर नाकाम रहते हैं। इस बार तो किसी को कोई कोशिश ही नहीं करनी पड़ी। एक सामान्य रखरखाव के काम ने ही सब कुछ ठप कर दिया। अगले दिन, एक अलग घटना में, नेटवर्क की खराबी के कारण अमेरिका में उड़ान भरने वाली सभी उड़ानें चार घंटे से ज्यादा समय तक रुकी रहीं। दो दिनों में हुई इन दोनों घटनाओं का आपस में भले ही कोई संबंध न हो, फिर भी ये एक ही दिशा में इशारा करती हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन


आज बड़े डिजिटल सिस्टम बाहरी हमलों से ज्यादा आंतरिक गड़बड़ियों और सामान्य बदलावों के कारण ठप होने का खतरा झेल रहे हैं। कभी हमारी डिजिटल व्यवस्थाओं में छोटी-मोटी गलतियों का असर रोकने और उन्हें संभालने की पर्याप्त गुंजाइश हुआ करती थी। लेकिन, धीरे-धीरे यह सुरक्षा कमजोर हो रही है। माइक्रोसॉफ्ट ने खुद माना कि उसने कुछ सर्वरों को दोबारा चालू किया, पर ट्रैफिक लौटते ही वे फिर ठप हो गए। कुछ इंजीनियरों का मानना है कि कोड में वर्षों से कोई कमी मौजूद थी, और हाल ही में किए गए बदलावों ने उसे सक्रिय कर दिया। हालांकि, इसकी पुष्टि माइक्रोसॉफ्ट की विस्तृत रिपोर्ट से ही हो पाएगी।

गड़बड़ी की असली वजह चाहे जो भी रही हो, इस तरह की व्यवस्था को दोबारा पटरी पर लाने के लिए सबसे ज्यादा जरूरत इन्सानी विशेषज्ञता की होती है। खासकर ऐसे लोगों की, जिन्हें अच्छी तरह पता हो कि कोई विशाल व जटिल सिस्टम कैसे काम करता है और उसके अलग-अलग हिस्से एक-दूसरे से कैसे जुड़े हैं। ऐसे अनुभव और विशेषज्ञता वाले लोगों को न तो जल्दबाजी में नौकरी पर रखा जा सकता है और न ही तकनीक की मदद से तैयार किया जा सकता है। इसीलिए, मुझे नहीं लगता कि यह महज एक नेटवर्क टीम की कमी है। यह उन फैसलों की कहानी है, जो कंपनी के शीर्ष नेतृत्व स्तर पर लिए गए। 

कंपनी के सीईओ सत्या नडेला कह चुके हैं कि माइक्रोसॉफ्ट के कुछ प्रोजेक्ट में कोड का एक बड़ा हिस्सा अब एआई लिख रहा है। कंपनी इस साल एआई ढांचे पर करीब 175 अरब डॉलर खर्च करने जा रही है। दूसरी ओर, उसने हजारों कर्मचारियों की छंटनी की और सेवाएं ठप पड़ने की घटना से बमुश्किल दो सप्ताह पहले करीब 60 हजार को स्वैच्छिक रूप से नौकरी छोड़ने का प्रस्ताव दिया। हालांकि, गुरुवार की गड़बड़ी को इन फैसलों का नतीजा नहीं कहा जा सकता। माइक्रोसॉफ्ट की ओर से इस घटना पर पूरी रिपोर्ट अभी सामने नहीं आई है। पर, जो कोई भी किसी बड़ी टेक कंपनी में काम कर चुका है, वह जानता है कि वहां चीजें कैसे चलती हैं। फिलहाल, सारा जोर एआई के नए फीचर्स को जल्द से जल्द लॉन्च करने पर है। इसलिए, मैं इसे माइक्रोसॉफ्ट के नेतृत्व की एक असाधारण विफलता कहूंगा। क्या इस घटना के बाद माइक्रोसॉफ्ट अपने ग्राहक खो देगा? शायद ही ऐसा हो। और, यही बात मुझे सेवाओं के ठप होने से भी ज्यादा परेशान करती है। किसी बड़े संगठन को आउटलुक और टीम्स से हटाकर किसी दूसरे प्लेटफॉर्म पर ले जाना आसान नहीं है। इसमें काफी समय लग सकता है, कर्मचारियों को नए सिरे से प्रशिक्षण देना पड़ता है और कंसल्टिंग पर भारी-भरकम रकम खर्च करनी होती है। कोई भी ऐसा जोखिम नहीं उठाना चाहेगा। माइक्रोसॉफ्ट भी यह बात जानता है।
 
2008 के वित्तीय संकट के बाद, हमने बैंकों का ‘स्ट्रेस-टेस्ट’ (तनाव-परीक्षण) करना शुरू किया। आज कुछ गिनी-चुनी क्लाउड और सॉफ्टवेयर कंपनियों के सहारे अस्पतालों, अदालतों, संसदों, एयरलाइनों और शेयर बाजारों का कामकाज चल रहा है। इन कंपनियों की भी उसी तरह कड़ी निगरानी होनी चाहिए। भारत को इस दिशा में जोर-शोर से काम करना चाहिए। हमारे मंत्रालय, बैंक, आईटी कंपनियां और एयरलाइंस भी कुछ गिने-चुने सेवा प्रदाताओं पर निर्भर हैं। भारतीय रिजर्व बैंक पहले से ही बैंकों से अपेक्षा करता है कि वे किसी महत्वपूर्ण सेवा प्रदाता के ठप होने की स्थिति से निपटने की तैयारी रखें। अब इस सोच को बैंकिंग क्षेत्र से आगे भी लागू करने की जरूरत है। बड़ी भारतीय कंपनियों और संस्थानों को सेवा प्रदाताओं के साथ होने वाले अनुबंधों में सिस्टम को बहाल करने के नियमित अभ्यास, स्वतंत्र ऑडिट और नियमों के उल्लंघन पर जुर्माने का प्रावधान शामिल करना चाहिए। एक और बात। इन बड़े डिजिटल सिस्टम की गड़बड़ियों को दुरुस्त करने वाले कई इंजीनियर भारत से ही आते हैं। वे उन सिस्टम को ठीक करते हैं, जिन्हें वर्षों पहले किसी और ने डिजाइन किया था। अगर किसी को इस बात का अंदाजा है कि ऐसे जटिल सिस्टम को संभालने वाले अनुभवी विशेषज्ञों की संख्या कितनी कम होती जा रही है, तो वह हम ही हैं।


जब माइक्रोसॉफ्ट की रिपोर्ट आएगी, तो संभवत: कंपनी इस गड़बड़ी के लिए नेटवर्क की सेटिंग में किए गए बदलाव और कोड की कुछ गलत पंक्तियों को जिम्मेदार ठहराए। मुझे उम्मीद है कि इसमें उस सवाल का भी जवाब मिलेगा, जो वास्तव में मायने रखता है और वह यह कि माइक्रोसॉफ्ट के अंदर अब भी ऐसे कितने लोग हैं, जो समझते हैं कि यह सिस्टम कैसे काम करता है, और क्या कंपनी उन्हें अपने साथ बनाए रखने के लिए पर्याप्त प्रयास कर रही है?    
-लेखक तकनीकी एवं सामाजिक उद्यमी, सार्वजनिक नीति टिप्पणीकार व स्तंभकार हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed