Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Opinion ›   japan-watch-thief-apology-narayan-surve-house-theft-moral-lessons

मसला तो मनुष्य बने रहने का है: गलती मानना इस युग में आसान नहीं रह गया, चोरों के पश्चाताप की अनोखी कहानियां

Wed, 18 Nov 2026 06:41 AM IST
देवेश त्रिपाठी नन्दितेश निलय, स्पीकर, लेखक एवं एथिक्स प्रशिक्षक
नन्दितेश निलय, स्पीकर, लेखक एवं एथिक्स प्रशिक्षक Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Wed, 18 Nov 2026 06:41 AM IST
विज्ञापन
सार
युद्ध, हिंसा, घृणा और आगे निकलने की अंधी होड़ के इस दौर में जापान में एक चोर करोड़ों की घड़ी लौटाता है। महाराष्ट्र में भी एक चोर मशहूर कवि के घर से चुराई गई चीजें माफीनामे के साथ लौटा देता है। ये विरल प्रसंग याद दिलाते हैं कि बुराइयों के अंधेरे के बीच भी मनुष्यता की लौ पूरी तरह बुझी नहीं है।
loader
japan-watch-thief-apology-narayan-surve-house-theft-moral-lessons
पश्चाताप की दो अनोखी कहानियां - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

महाराष्ट्र के एक प्रतिष्ठित साहित्यकार हुए नारायण सुर्वे। इनकी कई रचनाओं का हिंदी में अनुवाद, निशिकांत ठकार ने किया और यहां मैं उल्लेख करना चाहता हूं उनकी ही एक अनूदित रचना का, जिसके शब्द शायद किसी खास वाकये के लिए रचे गए थे, वे कुछ यों हैं, ‘मेरे शब्द आपको हमारी कहानी सुनाएंगे।’ इसी पृष्ठभूमि में मैं जिक्र करना चाहता हूं, उन दो इन्सानों का, जिन्होंने जापान और भारत में रहकर कुछ ऐसा किया, जिसे करना आसान नहीं होता। उन्होंने कुछ ऐसा किया, जो उनके अपने अंतर्मन को नागवार गुजरा। फिर, उन्हें पश्चाताप हुआ और वे सॉरी कह गए। आप भी यह मानेंगे कि अपनी गलती मानना या पश्चाताप करना, इस युग में आसान नहीं रह गया है। इसलिए, वे दोनों कहानी बन गए।


आपको याद है कि आखिरी बार आपने किसी को कब सॉरी बोला, बोला भी या नहीं? क्योंकि सॉरी बोलना, दिल से सॉरी बोलना, या अपनी गलती को महसूस करना कोई साधारण काम नहीं होता। वे वीर होते हैं, जो अपने मन की अनंत परतों से गुजरते हुए उस चेतना तक पहुंचते हैं, जहां समय यह प्रश्न करता है कि फलां आचरण या व्यवहार सही था या गलत। फिर, उस गलती के एहसास के लिए वह साहसी व्यक्ति अंतर्मन के अनगिनत भावों से उबरता है और सॉरी भी कहता है।


हुआ कुछ यों कि हाल ही में जापान की राजधानी टोक्यो में एक स्विस लग्जरी घड़ी, जिसकी कीमत लगभग 290,000 डॉलर (करीब 2.4 करोड़ रुपये) थी, चोरी हो जाने के बावजूद वापस मिल जाती है। कमाल की बात यह रही कि इसके साथ एक माफीनामा भी मिलता है। और, यह न भूलिए कि यह कीमत कोई कम नहीं है। क्या धनी, क्या गरीब। माफीनामा तो बेशकीमती है। वह चोरी तब हुई, जब वह व्यक्ति उस स्टोर में ग्राहक बनकर आया और उसने ‘ऑडेमर्स पिगुएट’ ब्रांड की घड़ी पहनकर देखी। फिर चुपके से वह व्यक्ति घड़ी को अपनी कलाई पर पहने हुए ही दुकान से चंपत हो जाता है।

मनुष्य सदियों से अपने लालच में इतना डूबा रहा है कि उसकी इच्छाएं कभी खत्म नहीं होतीं। किसी वस्तु को पाने की भूख आसमान की ऊंचाई लिए होती है। कोई नैतिक छलांग तो किसी को उस नकली ऊंचाई तक नहीं पहुंचा सकती। कवि नरेश सक्सेना भी अपनी कविता गिरना में लिखते हैं, ‘चीजों के गिरने के नियम होते हैं, मनुष्यों के गिरने के कोई नियम नहीं होते।’ लेकिन, वह शख्स उस चमचमाती घड़ी से अपनी नैतिकता को, अपने ईमान को चौंधियाना नहीं चाह रहा था। जिस लालच ने उसे उस घड़ी के साथ भगाया था, वही घड़ी अब उसके अंतर्मन में मानो टिक-टिक कर यह पूछ रही थी कि उसके अंदर का इन्सान आखिर कब जागेगा और वह उस घड़ी को लौटाएगा या नहीं। आखिर मनुष्य का लालच कहां उसे कुछ लौटाने देता है।क्योंकि, अपनी गलती मानने के लिए लौटना पड़ता है और वह लौटना ही उसे अपनी गलतियों को समझने और सही रास्ता चुनने की समझ देता है। लेकिन, वह लौटा। उसके पहले चलिए थोड़ी देर अपने देश की तरफ लौटते हैं, क्योंकि जापान को लेकर तो पहले से ही एक नैतिक छवि बनी हुई है।

हमारे देश में भी ऐसी ही एक घटना कुछ वर्ष पहले महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के नेरल में घटी, जहां चोरी करने वाले एक व्यक्ति ने चुराया हुआ सामान वापस कर दिया। साथ ही, माफीनामा भी छोड़ा। वह उस साहित्यकार के घर में चोरी करने घुसा था, जो जाने-माने और सम्मानित मराठी कवि, नारायण सुर्वे का था। जब उनके परिवार के सदस्य घर पर नहीं थे, तब उस व्यक्ति ने घर में घुसकर कई चीजें चुरा लीं। इनमें दीवार पर लगा एक महंगा एलईडी टीवी तो था ही, साथ ही साथ वह खाने-पीने व घर के रोजमर्रा के कुछ सामान (जैसे दाल, खाना पकाने का तेल, साबुन और चायपत्ती) भी अपने साथ ले गया। आखिर भूखा पेट किसी घड़ी या टीवी से तो नहीं भरता। भूख तो सभी को लगती है। वह व्यक्ति दूसरी बार भी चोरी करने के लिए घर में घुसा, लेकिन तभी उसकी नजर उस अलमारी पर पड़ी, जिसमें पद्मश्री का सम्मान चिह्न था और उसके साथ-साथ कई बड़े पुरस्कार, सम्मान चिह्न और कुछ ट्रॉफियां थीं। शायद उसने ध्यान से देखा होगा और यह समझा होगा कि सम्मान बाजार से खरीदे नहीं जाते। वे भले ही वस्तु के रूप में दिख जाएं, पर वे रुपये के मूल्य से मुक्त होकर अमूल्य हो जाते हैं। यह सब देखने के बाद ही उसे पता चला होगा कि यह घर मराठी के मशहूर कवि नारायण सुर्वे का है। शायद उसने उनकी कविताएं पढ़ी होंगी, इसलिए उसे बड़ी ग्लानि महसूस हुई। इसके बाद उसने न केवल चोरी का इरादा बदल दिया, बल्कि टीवी सहित जो सामान वह ले गया था, एक पन्ने पर माफीनामे के साथ उन्हें लौटा गया।

आखिर नैतिक मन सभी को तो नहीं मिलता और जिनको मिलता है, वे लालच से कोसों दूर रहते हैं और किसी कारणवश गलती हो भी गई, तो अपने अंतर्मन को खूब टटोलते हैं, और सॉरी कहने से, अपनी गलती मानने से नहीं चूकते। शायद उस व्यक्ति को शब्दों की भी समझ थी। उसने लिखा- ‘मुझे मालूम नहीं था कि यह महान कवि नारायण सुर्वे का घर है। मालूम होता, तो चोरी नहीं करता। मैं एक-एक कर सारा सामान लौटा रहा हूं।’ लेकिन, इतना तो आसान नहीं होता सॉरी बोलना या अपनी गलती मानना। हम तो उस दौर में रहते हैं, जहां अपनी गलती को भी सही ठहराना एक जीत बन जाती है। हम यह समझ नहीं पाते कि वह मनुष्य ही है, जो पश्चाताप और पुनरावलोकन की योग्यता रखता है। अपनी आदतों, अपने व्यवहार, अपने आचरण को लेकर वह पश्चाताप कर सकता है। आखिर कार भी तो सर्विस सेंटर जाती है। चाहे वह मर्सिडीज की ही क्यों न हो। लेकिन, किसी इन्सान को उसकी गलती का एहसास कैसे और कौन कराए?

और, उधर जापान को मामले में तब एक नया मोड़ आया, जब स्टोर को एक पैकेट मिला, जिसमें वह घड़ी और हाथ से लिखा एक माफीनामा था। उस माफीनामे में उस घड़ी से अत्यधिक कीमत के शब्द लिखे थे, जो मानो दिल से लिपटे हुए समय की घड़ी को कह रहे थे, सॉरी। शायद जापान का वह इन्सान घड़ी के साथ अपने अंदर के मनुष्य को भी बचाना चाहता था। और मनुष्य के अंतर्मन को और उस मनुष्य को बचाना ही सब कुछ है। परवीन शाकिर भी लिखती हैं-वो तो खुश-बू है हवाओं में बिखर जाएगा, मसअला फूल का है फूल किधर जाएगा।        
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed