{"_id":"6afb7ca090cbd456ec037be6","slug":"thoughts-give-color-to-life-positive-ideas-bring-a-new-direction-and-beauty-2026-11-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"जीवन धारा: विचार ही जीवन को रंग देते हैं, सकारात्मक बातों से नई दिशा और सुंदरता","category":{"title":"Blog","title_hn":"अभिमत","slug":"blog"}}
जीवन धारा: विचार ही जीवन को रंग देते हैं, सकारात्मक बातों से नई दिशा और सुंदरता
Tue, 17 Nov 2026 03:29 AM IST
ज्योति भास्कर
जेम्स ऐलन (ब्रिटिश दार्शनिक)
जेम्स ऐलन (ब्रिटिश दार्शनिक)
Published by: ज्योति भास्कर
Updated Tue, 17 Nov 2026 03:29 AM IST
सार
जिस प्रकार सूर्य की किरणें अंधकार को मिटा देती हैं, उसी प्रकार सकारात्मक विचार मन की नकारात्मकता को दूर कर जीवन को नई दिशा और सुंदरता प्रदान करते हैं।
विज्ञापन
हृदय में उठने वाले अच्छे विचारों के सामने कोई भी बुराई टिक नहीं सकती। (सांकेतिक)
- फोटो : freepik
विस्तार
जिस प्रकार प्रातःकाल सूर्य की किरणों के सामने अंधकार को विवश होकर भागना पड़ता है, उसी प्रकार सच्चे विश्वास और पवित्रता से भरे हृदय में उठने वाले अच्छे विचारों के सामने कोई भी बुराई टिक नहीं सकती। जहां अटल विश्वास और सच्ची पवित्रता होती है, वहीं स्वास्थ्य है, सफलता है और शक्ति है।
विज्ञापन
ऐसे मनुष्य के जीवन में रोग, असफलता और विपत्तियां अधिक समय तक नहीं टिक सकतीं, क्योंकि उसके भीतर इनके पनपने का कोई आधार ही नहीं होता। अक्सर हमारी मानसिक अवस्था ही हमारे शारीरिक स्वास्थ्य को प्रभावित करती है। आज का विज्ञान भी इस सत्य को पहले से कहीं अधिक गंभीरता से समझने लगा है। अब यह विचार प्रबल हो रहा है कि मनुष्य अपने शरीर से कहीं अधिक श्रेष्ठ है और उसका शरीर उसकी विचार-शक्ति से गहराई से प्रभावित होता है।
विज्ञापन
संसार की कोई भी बुराई ऐसी नहीं, जिसकी जड़ हमारे मन में न हो। हमारे पाप, रोग, दुख और कष्ट केवल बाहरी परिस्थितियों से पैदा नहीं होते और न ही वे स्वाभाविक रूप से हमसे आकर चिपक जाते हैं। जब हम अपने विचारों को दूषित होने देते हैं, तब हमें उनके परिणामस्वरूप अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
विज्ञापन
कहा जाता है कि प्राचीन भारत में दार्शनिकों का एक ऐसा वर्ग था, जो अत्यंत पवित्रता और सादगी से जीवन व्यतीत करता था। सामान्यतः वे लोग 150 वर्ष तक जीवित रहते थे। यदि आप क्रोध, चिंता, ईर्ष्या, लोभ या किसी अन्य नकारात्मक मानसिक अवस्था के वश में रहते हैं, फिर भी पूर्ण स्वास्थ्य की आशा करते हैं, तो आप असंभव चीज की कल्पना कर रहे हैं।
ऐसा इसलिए, क्योंकि इन भावनाओं के साथ आप निरंतर अपने भीतर रोग के बीज बो रहे होते हैं। यदि आप शारीरिक पीड़ाओं और कष्टों से मुक्त होकर स्वस्थ एवं आनंदमय जीवन जीना चाहते हैं, तो सबसे पहले अपने मन को शांत और स्थिर रखना होगा। अपने विचारों में संतुलन और सामंजस्य लाना होगा। अपने मन में आनंद, प्रेम और सद्भाव के भावों को स्थान देना होगा। लोक-कल्याण और परोपकार की भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाना होगा। जब आपके भीतर ऐसे विचारों का प्रवाह होगा, तो आपका जीवन स्वयं सकारात्मक बदलाव की ओर बढ़ने लगेगा।
अपने मन से ईर्ष्या, दुख, संदेह, चिंता, घृणा और स्वार्थ जैसी नकारात्मक भावनाओं को बाहर निकाल फेंकिए। विचारों को निर्मल और सकारात्मक बनाइए। सकारात्मक सोच न केवल आपके नजरिये को बदलती है, बल्कि जीवन को बेहतर दिशा देने की क्षमता भी रखती है। याद रखिए, सुखी और स्वस्थ जीवन का पहला कदम मन की शुद्धता और विचारों की सकारात्मकता है।
- फ्रॉम पॉवर्टी टु पावर के अनूदित अंश
