Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   deo ki dairy satir on Risk cover within relationships

देव की डायरी: रिश्तेदारी में जोखिम कवर है!

देव प्रकाश चौधरी देव प्रकाश चौधरी
Updated Sun, 15 Nov 2026 12:35 PM IST
सार

आप किसी रिश्तेदार की शादी या जन्मदिन में जाते हैं तो सोचते हैं कि मन भर खाएंगे और पुराने परिचितों से मिलेंगे। लेकिन आजकल ऐसी दावतों में मिठाई से पहले बीमा एजेंट मिलते हैं। वे हाल-चाल पूछने के बहाने आपकी आर्थिक हैसियत और पारिवारिक जिम्मेदारियों का सर्वेक्षण करते हैं। आप रसगुल्ला उठाते हैं तो वे अस्पताल का खर्च बताते हैं, पान खाते हैं तो मृत्यु के बाद परिवार की मुश्किलें गिनाने लगते हैं।

जन्मदिन पर लंबी उम्र की शुभकामना भी देते हैं तो उसके पीछे टर्म प्लान का प्रस्ताव छिपा होता है। आखिर आप तय करते हैं कि अगली दावत में जाने से पहले मेहमानों की सूची देखेंगे, मेन्यू बाद में, क्योंकि रिश्तेदारी भी अब जोखिम से खाली नहीं रही।

विज्ञापन
deo ki dairy satir on Risk cover within relationships
रिश्तेदारी में जोखिम कवर - फोटो : Amarujala.com/AI

विस्तार

हम जैसा एक आम आदमी अपने दोस्त या रिश्तेदार के घर किसी फंक्शन में जाता है तो उसकी कुछ आदिमकालीन सामान्य सी इच्छाएं होती हैं। वह मन भर कर खाना खाए, पुराने परिचित लोगों से मिले, हंसे-बोले, बच्चों की पढ़ाई और बढ़ती महंगाई पर चर्चा करे, समाज के रसातल में जाने पर चार बातें बोले और रात को घर लौट आए। लेकिन हाल के दिनों में ऐसे सामाजिक आयोजनों में ऐसा होना संभव नहीं हो पा रहा है।

विज्ञापन


एक नया खतरा पैदा हो गया है और यह खतरा न परोसे जा रहे व्यंजनों या पकवानों से है, न मेजबान की तरफ से, न नाराज रिश्तेदारों से और न ही झगड़े के किसी पुराने अध्याय के खुलने से। ऐसा खतरा उस परिचित से होता है, जो किसी बीमा कंपनी में एजेंट होता है और उस फंक्शन में शामिल होता है। हाल के दिनों में ऐसे आयोजनों में ऐसी प्रजाति की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
विज्ञापन


आप किसी पारिवारिक समारोह में अभी पहुंचे ही हैं। अभी ठीक से बैठे भी नहीं कि आदमी एक पोर्टेबल बैग के साथ हाजिर होता है। चेहरे पर ऐसी आत्मीय मुस्कान, मानो बरसों से आपकी तलाश में हो।
विज्ञापन
विज्ञापन


बातचीत शुरू होती है- 'और भाई साहब, कैसे हैं? बच्चे कैसे हैं? भाभी जी ठीक हैं? नौकरी कैसी चल रही है?'
आपका मन भर आता है।
आज भी दुनिया में ऐसे लोग हैं, जिन्हें आपकी चिंता है।
आप लगभग भावुक हो चुके होते हैं।
तभी आपके सामने उनका अगला सवाल आता है, “और टर्म प्लान लिया या नहीं?”

आपकी भावुकता का बीमा वहीं उतर जाता है। थोड़ी देर के लिए आपको कोई जवाब नहीं सूझता। आप भरे मन से कहते हैं, “अभी तो नहीं।”

दावत में आए हैं तो जीवन बीमा कराइए!

वह आपको ऐसे देखने लगा, जैसे आपने अपनी पत्नी और बच्चों को बेसहारा छोड़ने का बाकायदा इंतजाम कर रखा हो। फिर वह शुरू होता है, “अरे साहब, आजकल जिंदगी का कोई भरोसा नहीं। सड़क पर निकलो तो दुर्घटना, घर में रहो तो बीमारी, नौकरी करो तो छंटनी, बिजनेस करो तो घाटा और खेती-बाड़ी तो आप जानते ही हैं कि उसमें कुछ रखा नहीं है। फिर आदमी कब तक है, कोई नहीं जानता।“

वह आपके जीवन की संभावनाएं नहीं गिनता, जीवन की समाप्ति के रास्ते गिनाता है। आप दावत में समोसे की प्रतीक्षा कर रहे होते हैं और वह बातों ही बातों में आपको श्मशान तक पहुंचाकर लौट आता है। आप समारोह में मिठाई खाने आए थे, अचानक अपनी मृत्यु की आर्थिक व्यवस्था पर विचार करने लगते हैं। बीमा एजेंट की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वह किसी भी खुशी के अवसर को भविष्य की अनिश्चितता से जोड़ सकता है।

बच्चे का जन्मदिन हो तो वह बाल बीमा योजना बताता है। शादी हो तो जीवन बीमा। गृह प्रवेश हो तो मकान का बीमा। किसी की सेवानिवृत्ति हो तो पेंशन योजना और यदि किसी की तेरहवीं में चला जाए तो वहां भी वह परिवार को समझा सकता है कि समय रहते बीमा करा लिया होता तो आज यह दिन नहीं देखना पड़ता।

रसगुल्ला निगलें या हेल्थ पॉलिसी?

उसके लिए कोई अवसर अनुपयुक्त नहीं है। केवल ग्राहक अनुपयुक्त हो सकता है, जिसे वह उपयुक्त बनाने में लगा रहता है। आप उससे बचने के लिए भोजन की मेज की तरफ बढ़ते हैं। वह भी साथ हो लेता है। आप प्लेट में दो स्पंजी रसगुल्ले रखते हैं। तभी वह पूछता है, “आपके पास हेल्थ इंश्योरेंस है?” आप रसगुल्ले को चम्मच से उठाने की दृढ़ कोशिश में लगे हैं।

स्पंजी रसगुल्ले ने चम्मच पर चढ़ने से इनकार कर दिया है। प्लेट की सतह चिकनी है। आगे-आगे रसगुल्ला और पीछे-पीछे चम्मच घूम रहा है। इसे देखकर भी वह हंसता नहीं। उसे लगता है कि आप विषय की गंभीरता नहीं समझ रहे। वह बताता है कि अस्पताल में एक रात का खर्च कितना आता है। आप रसगुल्ले को हाथ से उठाकर खाना चाहते हैं।

इतने में वह एक पर्चा निकालकर कहता है कि इस योजना में परिवार के सभी सदस्य कवर हो जाएंगे। आप पहली बार महसूस करते हैं कि परिवार में इतने सारे सदस्यों का होना भी एक आर्थिक जोखिम है।

बीमा एजेंट रिश्तेदार हो तो संकट और गहरा जाता है। आप उसे मना भी नहीं कर सकते। वह आपकी माता जी का कोई दूर का भाई हो सकता है, बुआ का लड़का हो सकता है, मौसी का दामाद हो सकता है या पत्नी की तरफ का कोई ऐसा संबंधी, जिसका नाम आपको ठीक से याद भी नहीं।

आप उसे लगभग भूल चुके होते हैं, लेकिन वह कभी आपको नहीं भूलता। वह हर साल आपके जन्मदिन पर फोन करके शुभकामनाएं देता है, “जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई! भगवान आपको लंबी उम्र दे।” आप धन्यवाद देते हैं। वह कहता है, “इसीलिए तो कह रहा हूं, एक अच्छा टर्म प्लान ले लीजिए।”

अब आप समझते हैं कि वह आपकी लंबी उम्र की कामना क्यों कर रहा है। लंबी उम्र में प्रीमियम की किस्तें भी लंबी चलती हैं।

कोई-कोई एजेंट तो इतना समर्पित होता है कि आपके घर आने से पहले ही आपकी आर्थिक स्थिति का आकलन कर लेता है। उसे पता है कि आपने नई कार खरीदी है, बेटा सेट हो गया है और अब शादी की बात चल रही है। वह समझता है कि आपके पास पैसा है। आप समझते हैं कि आपने मेहनत से कुछ कमाया है। दोनों के बीच इस पैसे को लेकर वैचारिक मतभेद है। आप उसे बचाना चाहते हैं, वह उसे किस्तों में कंपनी तक पहुंचाना चाहता है।

पान के साथ जेब की सुपारी

समारोह में सबसे मुश्किल घड़ी तब आती है, जब खाना खाने के बाद आप किसी सोफे पर बैठकर लोगों को खाते हुए देख रहे होते हैं, तभी वह आपके लिए एक पान लाकर आपके बगल में बैठ जाता है, “आपने कुछ मन बनाया?” यह वाक्य सुनते ही आप समझ जाते हैं कि यह छोड़ेगा नहीं। आपको लगने लगता है कि पान वाले ने पान में चूना ज्यादा डाल दिया है और जीभ कट सकती है। लेकिन वहां तो जेब काटने की तैयारी शुरू हो चुकी होती है।

वह मोबाइल निकालता है। कुछ चार्ट दिखाता है। ग्राफ ऊपर जाता है। उसको आपका भविष्य सुरक्षित होता दिखता है।

आप अपनी जेब का भविष्य असुरक्षित महसूस करते हैं। आप अपने भीतर साहस जमा करते हैं और कहते हैं, “अभी रहने दीजिए।” वह कहता है, ”लेकिन जिंदगी का कोई भरोसा नहीं।” आप मन ही मन कहते हैं, “तुम्हारे बगल में बैठने के बाद तो अपनी जिंदगी का बिल्कुल भरोसा नहीं रहा।” आखिरकार आप उससे छुटकारा पाने के लिए कह देते हैं कि आप पहले से बीमित हैं। वह पूछता है, “कितने का?”

आप कहते हैं, “इतने का कि अगर आज मैं मर जाऊं तो परिवार आराम से जी सके।” वह तुरंत पूछता है, “और अगर आप जिंदा रहे तो?”

अब आप निरुत्तर हैं। आपको पहली बार लगता है कि मरने के बाद भी इस आदमी से पीछा नहीं छूटेगा। रात को घर लौटते हुए आप तय करते हैं कि अगली बार किसी समारोह में जाएंगे तो पहले पता कर लेंगे कि वहां कौन-कौन आ रहा है। खाने का मेन्यू बाद में देखेंगे, मेहमानों की सूची पहले। आखिर आदमी को जीवन में कुछ तो ऐसा चाहिए, जो बीमा के दायरे से बाहर हो। रिश्तेदारी ही सही!

लेकिन यह भी संभव नहीं। आप जिस रिश्तेदार से बचने के लिए अगली शादी में नहीं जाने का फैसला करते हैं, वह अगले दिन फोन करके पूछता है, “भाई साहब, एक बात बताइए, आपने अपना अंतिम संस्कार वाला खर्च कवर कराया है या नहीं?”

आपका मन करता है कि कह दें, “भाई, अभी तो जिंदा हूं।” लेकिन वह कहता है, “इसीलिए तो कह रहा हूं। बाद में तो आप कुछ बता भी नहीं पाएंगे!” अब आप ही बताएं, आदमी करे तो क्या करे? दावत में जाए तो मौत का हिसाब और घर में बैठे तो फोन पर हिसाब।




--------------------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed