Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   jeevan dhara Accept inevitability of death and come to know yourself life is precious gift

जीवन धारा: मृत्यु की अपरिहार्यता को स्वीकार कर खुद को जानें, जीवन एक अनमोल उपहार है

Mon, 16 Nov 2026 08:16 AM IST
Jyoti Bhaskar ज्योति भास्कर
Updated Mon, 16 Nov 2026 08:16 AM IST
सार

जीवन एक अनमोल उपहार और अपने आप में एक गहरा सुख है। इसका हर क्षण शाश्वत आनंद का अनुभव बन सकता है, बशर्ते समय रहते इसके महत्व को समझकर अपने कदमों को सही दिशा दी जाए।

विज्ञापन
jeevan dhara Accept inevitability of death and come to know yourself life is precious gift
सच्चाई यह है कि मृत्यु हमारे जीवन का सबसे बड़ा सत्य है (सांकेतिक) - फोटो : अमर उजाला / एजेंसी

विस्तार

हममें से ज्यादातर लोग मृत्यु के विचार को अपने जीवन से दूर रखते हैं। हम ऐसे जीते हैं, मानो जीवन कभी समाप्त नहीं होगा। पर, सच्चाई यह है कि मृत्यु हमारे जीवन का सबसे बड़ा सत्य है और इसकी अपरिहार्यता को हमें मन में हमेशा जीवित रखना चाहिए। जीवन कितना छोटा व अनिश्चित है, इस बात का एहसास हमें अपने ध्येय और लक्ष्यों को पूरा करने की प्रेरणा देता है। जब हम मृत्यु की वास्तविकता को स्वीकार करना सीख लेते हैं, तब जीवन के झटकों और कठिन परिस्थितियों का सामना करना भी आसान हो जाता है। हम समझने लगते हैं कि हमारे इस छोटे-से अस्तित्व में वास्तव में क्या मायने रखता है।

विज्ञापन


ज्यादातर लोग दूसरों से खुद को अलग दिखाने, श्रेष्ठ साबित करने और अपनी पहचान को दूसरों से ऊपर रखने में लगे रहते हैं। जबकि मृत्यु हमें याद दिलाती है कि अंततः हम सभी एक समान हैं। हमारी उपलब्धियां, पद, प्रतिष्ठा व संपत्ति सब यहीं रह जाएगी। हम सभी नश्वर हैं और यही साझा सच्चाई हमें एक-दूसरे से जोड़ती है। अपनी नश्वरता के प्रति गहरी सजगता हमें जीवन के हर अनुभव को अधिक गहराई, संवेदनशीलता व कृतज्ञता के साथ जीना सिखाती है।
विज्ञापन


फ्योदोर दोस्तोयेव्स्की ने जीवन के अंतिम सत्य को जिस गहराई से महसूस किया था, वह उनके शब्दों में दिखाई देता है। वह कहते हैं कि जब मैं पीछे मुड़कर अपने अतीत को देखता हूं और उस समय के बारे में सोचता हूं, जिसे मैंने भ्रम, आलस्य और जीने के वास्तविक ज्ञान के अभाव में गंवा दिया, जब मुझे एहसास होता है कि मैंने किस तरह अपने अंतस और अपनी आत्मा के विरुद्ध पाप किया है, तब मेरा हृदय पीड़ा से भर उठता है।
विज्ञापन
विज्ञापन


जीवन एक अनमोल उपहार और अपने आप में परम सुख है। इसका हर एक क्षण शाश्वत आनंद का अनुभव बन सकता था। काश! युवावस्था में ही मनुष्य इस सत्य को समझ पाता। पर, जब तक जीवन शेष है, तब तक बदलाव की संभावना भी शेष है। हमारे जीवन में बहुत कुछ ऐसा है, जिस पर हमारा कोई नियंत्रण नहीं होता। मृत्यु इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। बीमारी, शारीरिक पीड़ा, अपनों से बिछड़ना, असफलता और दूसरों के व्यवहार से मिलने वाली चोटें जीवन का हिस्सा हैं।  

हमें कठिन अनुभवों से बचने के बजाय उन्हें खुले मन से स्वीकार करना सीखना चाहिए। इसका अर्थ यह नहीं कि हम पीड़ा को गले लगाएं, बल्कि यह समझें कि जीवन की हर चुनौती अपने साथ एक सीख लेकर आती है। यही अनुभव हमें भीतर से मजबूत बनाते हैं, खुद को नए सिरे से पहचानने का अवसर देते हैं और पहले से बेहतर इन्सान बनने की राह दिखाते हैं। जब हम ऐसा करना सीख लेते हैं, तब हम केवल कठिनाइयों को सहना नहीं सीखते, बल्कि जीवन को उसकी संपूर्णता में स्वीकार करना सीखते हैं।      -द लॉज ऑफ ह्यूमन नेचर के अनूदित अंश 


सूत्र-खुद को जानें
मृत्यु की अपरिहार्यता को स्वीकार करना ही जीवन को सचमुच जीने की पहली सीढ़ी है। जीवन बहुत छोटा है, इसलिए इसे अहंकार, प्रतिस्पर्धा और व्यर्थ की चिंताओं में गंवाने के बजाय प्रेम, उद्देश्य और आत्मविकास में लगाना चाहिए। हर कठिनाई, विछोह और असफलता को जीवन का अंत नहीं, बल्कि खुद को समझने और मजबूत बनाने का अवसर मानें। 

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed