{"_id":"695dba3bf51a0f01b1098627","slug":"the-rhythm-of-existence-the-breath-of-the-soul-and-the-poetry-of-courage-dont-wait-just-keep-moving-2026-01-07","type":"story","status":"publish","title_hn":"जीवन धारा: अस्तित्व की गति, आत्मा की सांस और साहस की कविता; इंतजार न करें; बस चलते रहें","category":{"title":"Blog","title_hn":"अभिमत","slug":"blog"}}
जीवन धारा: अस्तित्व की गति, आत्मा की सांस और साहस की कविता; इंतजार न करें; बस चलते रहें
Wed, 07 Jan 2026 07:13 AM IST
शुभम कुमार
सोरेन कीर्केगार्ड
सोरेन कीर्केगार्ड
Published by: शुभम कुमार
Updated Wed, 07 Jan 2026 07:13 AM IST
सार
जो व्यक्ति केवल परिणाम चाहता है, वह थक जाता है, क्योंकि उसका दृष्टिकोण सीमित होता है। पर जो चलता रहता है, वह सीखता है कि अर्थ मंजिल में नहीं, बल्कि यात्रा के अनुभव में निहित होता है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
चलना केवल एक भौतिक क्रिया नहीं, बल्कि मनुष्य के अस्तित्व की सबसे सुंदर स्वीकृति है। जब मनुष्य चलता है, वह हर कदम में यह स्वीकार करता है कि वह जीवित है और उसके भीतर अब भी खोजने, समझने व जीने की इच्छा शेष है। गति तो आत्मा का श्वास है। जो व्यक्ति चलना बंद कर देता है, वह केवल ठहरता नहीं, बल्कि वह धीरे-धीरे अपने भीतर के जीवन से वियोग अनुभव करने लगता है। जड़ता एक प्रकार की आध्यात्मिक मृत्यु है, जो शरीर से पहले आत्मा को निष्प्राण बना देती है।
विज्ञापन
चलना आत्मा व शरीर के बीच संवाद का माध्यम है। थमे हुए विचार गति में आकर बहने लगते हैं, और आत्मा उस मौन में बोल उठती है, जिसे स्थिरता ने रोक रखा था। ऐसा लगता है, जैसे जीवन स्वयं कह रहा हो कि ‘मत रुक, क्योंकि रुकते ही तू अपने भय का शिकार हो जाएगा।’ गति में विश्वास है, जबकि ठहराव में डर। चलना एक सौम्य विद्रोह है-ठहराव के खिलाफ, निराशा के खिलाफ, और अपने भीतर के संदेह के खिलाफ। जब मनुष्य एक कदम आगे रखता है, तो वह खुद से कहता है, ‘मैं अभी समाप्त नहीं हुआ हूं।’
विज्ञापन
जब मैं चलता हूं, तो अपने अस्तित्व से संवाद करता हूं। मेरे विचार खुलते हैं, बोझ हल्का होता है, और भीतर का मौन बोलने लगता है। रास्ता स्वयं मेरे पांवों के नीचे निर्मित होता चला जाता है। मैं समझता हूं कि जीवन किसी निष्कर्ष का नाम नहीं, बल्कि उस निरंतर गतिविधि का नाम है, जिसके बिना आत्मा नष्ट हो जाती है। चलना तो साहस का प्रतीक है, यानी डर के बावजूद कदम उठाने का विश्वास, अंधेरे में भी यह मानने की हिम्मत कि आगे बढ़ना संभव है। जब मनुष्य ऐसा करता है, तो वह अनिश्चितता को अपने होने का प्रमाण बना देता है। अस्तित्व का सार इसी अनिश्चितता में है। यही अनिश्चितता मनुष्य को सोचने, बदलने, और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।
विज्ञापन
जो व्यक्ति केवल परिणाम चाहता है, वह थक जाता है, क्योंकि उसका दृष्टिकोण सीमित होता है। पर जो चलता रहता है, वह सीखता है कि अर्थ मंजिल में नहीं, बल्कि यात्रा के अनुभव में निहित होता है। यही जीवन का सत्य है। हर कदम यह सिखाता है कि रुकना हार नहीं, बस एक क्षणिक ठहराव है। जीवन भी हमारी गति के साथ चलता है। जब हम ठहरते हैं, वह भी ठहर जाता है, जब हम बढ़ते हैं, वह भी बढ़ता है। इसलिए, अपनी चलने की इच्छा को जीवित रखें, क्योंकि जब तक आदमी चलता रहता है, वह अपने भीतर की रोशनी से जुड़ा रहता है। अस्तित्व हमेशा उसी को दिशा देता है, जो उठकर चलने का साहस रखता है। और जब एक मनुष्य यह समझ लेता है कि चलना ही जीवन का सबसे गहरा विश्वास है, तब मार्ग, स्वयं अपनी दिशा प्रकट कर देता है।
कुछ बदलने का साहस रखें
चलना केवल आगे बढ़ना नहीं, बल्कि अपने अस्तित्व को स्वीकार करना भी है। जब मनुष्य चलता है, वह मान लेता है कि उसके भीतर अब भी आशा शेष है, सीखने की क्षमता जीवित है और बदलने का साहस बाकी है। ठहराव शरीर को विश्राम देता है, पर जड़ता आत्मा को थका देती है। इसलिए जीवन में रुकना कभी समाधान नहीं होता है।