शुभमन गिल: किसान का बेटा बना भारत का सुपर बैटर, 90 दिनों में जड़े 6 शतक
वर्ष 2023 में सर्वाधिक शतक लगाने का रिकॉर्ड भी अब तक शुभमन के नाम है। उन्होंने इस साल अब तक 5 शतक लगाए हैं। विराट कोहली, रोहित शर्मा, जेसन रॉय, उस्मान ख्वाजा, डेविड मलान जैसे खिलाड़ी उनसे पीछे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
टीम इंडिया को नया सुपर बैटर मिल गया है। यह बैटर भारतीय क्रिकेट टीम का उभरता सितारा शुभमन गिल है। शुभमन ने अमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे टेस्ट में 90 दिनों में छठा शतक लगाकर अपनी प्रतिभा का डंका पिटवा दिया है। यह उनके टेस्ट करियर का दूसरा शतक है। शुभमन मात्र 23 साल के हैं और वह उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने क्रिकेट के मौजूदा सभी फॉर्मेट्स में शतक लगाए हैं। एक कैलेंडर ईयर में सभी फॉर्मेट में शतक लगाने वाले वो भारत के चौथे बल्लेबाज भी हैं। शुभमन टेस्ट क्रिकेट में दो, वनडे में 4 और टी-20 में एक शतक लगा चुके हैं।
शुभमन क्रिकेटर बनें, यह सपना उनके किसान पिता लखविंदर सिंह ने देखा था। लखविंदर पंजाब के फाजिल्का जिले के एक गांव में खेती करते थे। शुभमन को क्रिकेटर बनाने को लेकर पिता का जुनून ऐसा था कि उन्होंने खेतों में ही क्रिकेट ग्राउंड बना दिया था। वह शुभमन को आउट करने वाले बच्चे को 100 रुपए का इनाम देते थे। बेटा प्रोफेशनल क्रिकेटर बन सके, इसलिए लखविंदर सिंह ने गांव छोड़ा और मोहाली आ गए। कुछ दिन तो शुभमन ने स्कूल में ही क्रिकेट की कोचिंग ली और उसके बाद पिता ने उन्हें पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन एकेडमी में दाखिला दिला दिया।
तिहरा शतक भी है शुभमन के नाम
शुभमन बचपन से क्रिकेट के प्रति समर्पित रहे हैं। वर्ष 2018 में जब टीम इंडिया ने अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता था तो वह टीम के वाइस कैप्टन थे। उससे पहले 2017 में वह पंजाब के लिए रणजी ट्रॉफी में पदार्पण कर चुके थे। उन्होंने रणजी के दूसरे मैच में शतक लगाया था। वर्ष 2014 में पंजाब इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-16 टूर्नामेंट में शुभमन ने 351 की विशाल पारी खेली थी और निर्मल सिंह के साथ पहले विकेट के लिए 587 रन बनाए थे। वह विजय मर्चेंट ट्रॉफी में पंजाब के लिए दोहरा शतक भी लगा चुके हैं। शुभमन नेशनल अंडर-19 टीम का हिस्सा भी रहे हैं और उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ यूथ वनडे सीरीज की चार पारियों में 351 रन बनाए थे और मैन ऑफ द सीरीज रहे थे।
शुभमन की पिछली 10 पारियों की बात करें तो अहमदाबाद में अभी चल रहे टेस्ट मैच की पहली पारी में 128 रन बनाने के अलावा अहमदाबाद में ही न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 मैच में 126 नाबाद, न्यूजीलैंड के खिलाफ इंदौर वनडे में 112 रन, न्यूजीलैंड के खिलाफ हैदराबाद वनडे में 208 रन और तिरुवनंतपुरम में श्रीलंका के खिलाफ वनडे में 116 रन लगा चुके हैं। गुवाहाटी में श्रीलंका के खिलाफ वनडे में उन्होंने 70 रनों की पारी खेली थी।
वो ऐसी रन मशीन बन गए हैं, जिसे रोक पाना विरोधियों के बस में नहीं लग रहा है।
शुभमन के क्रिकेट करियर की बात करें तो उन्होंने टेस्ट में 14 मैचों में 762 रन बनाए हैं और 15वें मैच में शतक लगा चुके हैं। वनडे क्रिकेट में भी उनका बेहतरीन स्कोर है। 21 मैचों में 1254 रन हैं, जिनमें 4 शतक, 5 अर्धशतक और अधिकतम 208 रन हैं। टी-20 के 6 मैचों में उन्होंने 202 रन बनाए हैं और नाबाद 126 रन अधिकतम स्कोर है।
एक कैलेंडर वर्ष के सभी फॉर्मेट में शतक लगाने वाले शुभमन गिल चौथे भारतीय बल्लेबाज हैं। उनसे पहले यह करिश्मा सुरेश रैना (2010), केएल राहुल (2016), रोहित शर्मा (2017) में कर चुके हैं।
इस साल सबसे ज्यादा शतक
वर्ष 2023 में सर्वाधिक शतक लगाने का रिकॉर्ड भी अब तक शुभमन के नाम है। उन्होंने इस साल अब तक 5 शतक लगाए हैं। विराट कोहली, रोहित शर्मा, जेसन रॉय, उस्मान ख्वाजा, डेविड मलान जैसे खिलाड़ी उनसे पीछे हैं। मात्र 23 साल के शुभमन के आगे लंबा करियर है। यदि उनकी यही लय कायम रही तो वो सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली जैसे महान क्रिकेटरों की श्रेणी में शामिल हो जाएंगे और इन के रिकॉर्ड भी तोड़ेंगे।
किसान परिवार से आने वाले शुभमन आज भी खेती में रुचि रखते हैं। उनको अपने गांव और खेतों से बेहद लगाव है, जिसके फोटो उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर देखे जा सकते हैं।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदाई नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।