आईपीएल 2023: क्या धोनी का अभी संन्यास न लेना सिर्फ सांत्वना है?
चेन्नई मैच जीती तो धोनी को ट्रॉफी उठाने के लिए बुलाया गया और वो सवाल आखिरकार कमेंटेटर हर्षा भोगले ने उनसे पूछ ही लिया, जिसका जवाब हर कोई जानना चाहता था। धोनी से पूछा गया कि वे संन्यास कब ले रहे हैं? इसके जवाब में माही ने जो कहा उसने हर क्रिकेट प्रेमी का दिल जीत लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
क्रिकेट का भगवान लोग सचिन तेंदुलकर को कहते हैं, लेकिन अगर महेंद्र सिंह धोनी को भी उसी श्रेणी में रखा जाए तो शायद इसमें कोई दो राय न हो। एक ऐसा खिलाड़ी जिसने भारतीय क्रिकेट को पूरी तरह बदल कर रख दिया। वर्ल्ड कप, टी-20 वर्ल्ड कप, चैंपिंयस ट्रॉफी, आईपीएल खिताब जैसे कई अन्य सम्मान भारतीय क्रिकेट की झोली में लाकर डाल दिए और ये सब किया धोनी ने।
5वीं बार चेन्नई की हुई ट्रॉफी
वहीं, 5वीं बार धोनी ब्रिगेड ने आईपीएल ट्रॉफी जीत कर सबको ये बता दिया कि भले ही शेर बूढ़ा हो गया हो, लेकिन शिकार करना नहीं भूला है। आईपीएल की सबसे बूढ़ी टीम कही जाने वाली चेन्नई सुपर किंग्स ने गुजरात को उसी के गढ़ में मात देकर जीत हासिल की।
इस जीत से सभी गदगद थे और हो भी क्यों न, क्योंकि चर्चाओं का बाजार इस बात को लेकर काफी गर्म था कि सबके प्यार धोनी अंतराष्ट्रीय क्रिकेट के बाद अब आईपीएल से भी विदा ले लेंगे।
ऐसे में चेन्नई की भरपूर कोशिश थी कि अपने माही को एक जीत वाली विदाई दी जाए, जो शायद वर्ल्ड कप के उस न्यूजीलैंड बनाम भारत वाले मैच में न मिल पाई। हुआ भी कुछ ऐसा ही, आखिरी दो गेंदों पर 10 रन चाहिए थे और गुजरात के विकेट टेकर तेज गेंदबाज मोहित शर्मा के सामने रवींद्र जडेजा बल्लेबाजी कर रहे थे। जड़ेजा ने न केवल 2 गेंदों पर 10 रन बनाए, बल्कि ये सुनिश्चित कर दिया कि अगर माही संन्यास लेते हैं, तो इससे अच्छी विदाई उनके लिए और क्या ही हो सकती है।
धोनी के जवाब ने सबका दिल जीत लिया
वहीं, चेन्नई मैच जीती तो धोनी को ट्रॉफी उठाने के लिए बुलाया गया और वो सवाल आखिरकार कमेंटेटर हर्षा भोगले ने उनसे पूछ ही लिया, जिसका जवाब हर कोई जानना चाहता था। धोनी से पूछा गया कि वे संन्यास कब ले रहे हैं? इसके जवाब में माही ने जो कहा उसने हर क्रिकेट प्रेमी का दिल जीत लिया।
धोनी ने अपने संन्यास को लेकर कहा कि, 'अगर परिस्थितियों को देखे तो मेरे लिये संन्यास लेने का यह सर्वश्रेष्ठ समय है। मेरे लिये ये कहना बहुत आसान है कि अब मैं विदा ले रहा हूं, लेकिन अगले नौ महीने तक कड़ी मेहनत करके लौटना और एक सत्र और खेलना कठिन है।'
उन्होंने आगे कहा कि, 'शरीर को साथ देना होगा। चेन्नई के प्रशंसकों ने जिस तरह से मुझे प्यार दिया, ये उनके लिये मेरा तोहफा होगा कि मैं एक सत्र और खेलूं। उन्होंने जो प्यार और जज्बात दिखाए हैं, मुझे भी उनके लिये कुछ करना चाहिए।'
धोनी यहीं नहीं रूके, उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए ये भी कहा कि 'यह मेरे करियर का आखिरी दौर है। यहीं से शुरूआत हुई थी और पूरा स्टेडियम मेरा नाम ले रहा था। ऐसा चेन्नई में भी हुआ था, लेकिन मैं वापसी करके जितना खेल सकता हूं खेलूंगा।'
सवाल फिटनेस का है
ऐसे में भले ही धोनी ने फैंस के लिए ये कह दिया हो कि वे आईपीएल का एक और सीजन खेलने की कोशिश करेंगे, लेकिन यहां बात उनकी फिटनेस की भी है। हालांकि, ये हम सभी जानते हैं कि बात विकेट के बीच में दौड़ लगाने की हो या फिर स्टंपिंग करने की। इनमें धोनी का कोई जवाब नहीं।
क्या सीएसके के मेंटर भी हो सकते हैं धोनी?
ऐसे में हर क्रिकेट प्रेमी ये चाहता है कि धोनी आईपीएल का अगला ही नही बल्कि कई और सीजन भी खेले, लेकिन ये सब आने वाले कुछ महीनों बाद पता चल ही जाएगा कि धोनी अगले सीजन के लिए तैयार हैं या फिर वे संन्यास ले रहे हैं। वहीं, अगर धोनी संन्यास लेते हैं तो फिर वे चेन्नई के खेमे में मेंटर की भूमिका में नजर आ सकते हैं।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदाई नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।