विश्व सिनेमा की जादुई दुनिया: हाल मोर जिसने बनाया अपना कैमरा
1915 में मोर ने हॉलीवुड में काम प्रारंभ किया, पहले यूनिवर्सल में फिल्म कटर और धीरे-धीरे असिस्टेंट फोटोग्राफार बन गया। प्रथम महायुद्ध के समय उसने अमेरिकन सेना के लिए काम किया। बाद में डॉक्यूमेंट्री बनने लगा। 1921 में वह फोटोग्राफी डॉयरेक्टर के पद पर पहुंचा।
विस्तार
हाल मोर (Hal Mohr) सिनेमा के जन्म के आस-पास जन्मा था। उसका जन्म 2 अगस्त 1894 को सेन फ्रांसिस्को के मध्य वर्गीय परिवार में हुआ था। इस विशिष्ट शुरुआती दौर के सिनेमाटोग्राफर ने छ: दशक तक मोशन पिक्चर में काम किया और 1912 से उसके काम का लेखा-जोखा प्राप्त होता है।
यह जानना रोचक है कि इसने अपना कैमरा खुद बनाया, कैसे बनाया इसकी भी कहानी है। कैमरा तब बनाया जब वह स्कूल में था और उसी समय से स्थानीय रुचिकर चीजों की फोटोग्राफी करने लगा। इतना ही नहीं, वह फोटो खुद डेवलप करता और खुद उन्हें प्रिंट करता।
मोर ने अपने खींचे-डेवलप और प्रिंट किए फोटो न्यूयॉर्क हेराल्ड-ट्रिब्यून को भेजे और वे इतने अच्छे माने गए कि हॉलीवुड ने उसे आमंत्रण दिया। इस तरह अपनी लगन, परिश्रम और मेधा से वह हॉलीवुड पहुंच गया। वहां शुरू में उसने फ्रीलान्सिंग की फिर उसे सोल लेसेर कम्पनी की जनरल फिल्म्स ने अपने यहां न्यूजरील शूट करने के लिए रख लिया।
1915 में शुरू हुआ हॉलीवुड का सफर
1915 में मोर ने हॉलीवुड में काम प्रारंभ किया, पहले यूनिवर्सल में फिल्म कटर और धीरे-धीरे असिस्टेंट फोटोग्राफार बन गया। प्रथम महायुद्ध के समय उसने अमेरिकन सेना के लिए काम किया। बाद में डॉक्यूमेंट्री बनने लगा। 1921 में वह फोटोग्राफी डॉयरेक्टर के पद पर पहुंचा।
इस बीच एक साल पेरिस में यूरोपियन फिल्म मेकिंग तकनीक भी सीखी। उसने पॉल लेनी, माइकेल कर्टिज आदि निर्देशकों के साथ काम किया। बूम तथा डॉली शॉट्स का भी एक तरह से उसने अन्वेषण किया।
‘द जाज सिंगर’, ‘बुलेट्स ओर बैलेट्स’,‘द ग्रीन पैस्चर्स’, ‘कैप्टन ब्लड’, ‘ए मिडसमर नाइट्स ड्रीम’, ‘फैंथम ऑफ दि ऑपेरा’, ‘अनदर पार्ट ऑफ द फोरेस्ट’, ‘रैंचो नोटोरियस’, ‘द मैन फ्रॉम द डिनर’स क्लब’, ‘द लास्ट वोयज’ ‘द गन अर्नर्स’ आदि उसकी फिल्माई कुछ फिल्में हैं। वह अमेरिकन सोसायटी ऑफ सिनेमाटोग्राफर्स का प्रेसीडेंट (1930-31, 1963-65 तथा 1969-70) रहा।
लियोनार्ड मल्टिन ने उसका एक बहुत लंबा साक्षात्कार लिया जो ‘दि आर्ट ऑफ द सिनेमाटोग्राफर: ए सर्वे एंड इंटरव्यूज विद फाइव मास्टर्स’ में संकलित है। 10 मई 1974 को उसकी मृत्यु हुई। उसे ‘ए मिडसमर नाइट्स ड्रीम’ तथा ‘फैंथम ऑफ दि ऑपेरा’ केलिए अकादमी पुरस्कार मिला।
आइए देखते हैं उसने कैसे अपना कैमरा बनाया।
कैसे बनाया कैमरा?
स्वयं उसके अनुसार सैन फ्रांसिस्को के भूकंप तथा आग लगने के समय वह मात्र 11 साल का था। उन दिनों चलचित्र बहुत विरल होते थे और उस समय तक उसने कोई फिल्म नहीं देखी थी। मगर इस दुर्घटना के बाद सारे शहर में यह नया चलचित्र दिखने लगा। यह होने लगा पहले के स्टोर अथवा बेसमेंट में या फिर जल गई इमारतों में।
उसने पहली पिक्चर जहां देखी वहां ट्रेन आने और पार होने वाली फिल्म दिखाई जा रही थी। बस इतना ही था। मगर मोर इसके सम्मोहन की गिरफ्त में आ गया। बस वह यही चाहता था। वह जानना चाहता था कैसे ट्रेन आती है और दर्शकों से गुजर जाती है और कोई मरता नहीं है।
उसने हाई स्कूल समाप्त नहीं किया, उसे मूवी थियेटर में आने वाली फिल्म के देखभाल का काम मिल गया। वहीं काम करते हुए उसे एक पुराना छोटा, लगभग खिलौने जैसी एक प्रोजेक्शन मशीन (मोटिओग्राफ का पिछला संस्करण ओप्टिग्राफ) मिल गई। उसने अपने बॉस से वह मांग ली। उसके पास तीस-चालीस फीट के फिल्म रील के टुकड़े थे, मगर लैम्प न था मशीन के सिरे पर दो इंच का प्रोजेक्शन लेन्स था।
उसे उसने एक डार्क बक्से में डाला और उसी से कैमरा बना लिया। जरा भी पैसे मिलते, वह प्रयोग करता। वह चलचित्र बनाने लगा। उसने ट्राइपॉड भी बनाया, इससे उसे अपना कैमरा घुमाने में सहूलियत होने लगी।। डेवलेपिंग रूम भी अपने बेसमेंट में बना लिया।
जल्द ही उसने सेन फ्रांसिको में होने वाली घटनाओं के फोटो लेने शुरू किए। इनको वह ओर्फेअम और इम्प्रेस थियेटर में दिखा कर दस-बीस कमाने लगा। कुछ लोग उन दिनों गौमोन्ट कैमरा प्रयोग कर रहे थे। मोर पंद्रह साल का नहीं हुआ था मगर अपने बनाए कैमरे के साथ सब जगह नजर आने लगा। जल्द स्कूल छोड़ कर पूरे समय यही काम करने लगा।
तेल-कुंओं पर फिल्म
ग्रिफिन नाम का एक आदमी सैलिनास घाटी में तेल का व्यापारी था, वह बेकरस्फील्ड के तेल-कुंओं पर फिल्म बनाना चाहता था। उस आदमी ने मोर को काम पर रखा, मोर को यह काम अच्छा लगा। मोर को इस फिल्म बनने का उद्देश्य नहीं मालूम था। वह गंभीरता से अपना काम करने लगा। लेकिन जब पैटेन्ट्स कम्पनी को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने अपने जासूस मोर के पीछे भेजे।
यह घटना उसके जीवन की सबसे मजेदार घटना है। एक लड़का जो पहले ट्रक ड्राइवर था, उसका सहायक था। उसका काम लोगों को कैमरे के काम के समय दूर रखना था ताकि लोगों को उसके काम की जानकारी न हो और विघ्न भी न पड़े।
उस लड़के ने इन दो जासूसों को भी दूर रखने की कोशिश की। उन दोनों ने मोर को एक दूसरे स्थान पर जा पकड़ा और उसका कैमरा देखने की इच्छा जाहिर की। और लो! मोर ने बेवकूफ की तरह अपना कैमरा बड़े गर्व से उन्हें दिखाया। बस उन्हें और क्या चाहिए था। उन लोगों ने उस पर केस कर दिया। मोर के पिता की कुछ सम्पत्ति थी अत: परिवार नहीं चाहता था वे किसी लफड़े में पड़ें। अत: पिता ने कहा, ‘अच्छा होगा तुम उन लोगों को कैमरा दे दो और यह सब भूल जाओ।’
वैसे भी परिवार उनकी इस संलग्नता से नाखुश था। और वे से फ्रांसिस्को के इस अटर्नी के पास अपना कैमरा लेकर पहुंचे। उसने कहा वह इसे लेगा। मोर का उत्तर था, इसे तुम ले सकते हो मगर एक कैमरे के रूप में नहीं। और मोर ने कैमरा जोर से उसके सामने फर्श पर पटक दिया, जो कई दिशाओं में बिखर गया। ‘यही कैमरा तुम चाहते थे न लो!’ मोर के शब्द थे।
-----------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदाई नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।