विश्व सिनेमा की जादुई दुनिया: एरिक रॉथ- सफल फिल्मों के लेखक
फिल्म इतिहास बिना फिल्म राइटर की बात करे आगे नहीं बढ़ सकता है। इसीलिए चलिए आज बात करते हैं, ‘किलर्स ऑफ द फ्लॉवर मून’ के लेखक की। इस फिल्म लेखक का नाम है एरिक रॉथ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
‘आजकल तेरे मेरे प्यार के चर्चे हैं हर ओर’ की भांति एक फिल्म की चर्चा भी जोरों से हैऔर चारों ओर है। फिल्म का नाम है, ‘किलर्स ऑफ द फ्लॉवर मून’ (2023)। फिल्म को पुरस्कार मिले हैं और आने वाले ऑस्कर समारोह में उसकी धूम मचने वाली है। ‘किलर्स ऑफ द फ्लॉवर मून’ के निर्देशक को भला कौन नहीं जानता है। इसी के डॉयरेक्टर मार्टिन स्कॉरसेसी ने अब तक 190 पुरस्कार जीते हैं, जिसमें ऑस्कर भी शामिल है।
उन्होंने 72 फिल्में बनाई है, जिनमें ‘किलर्स ऑफ द फ्लॉवर मून’ के पहले ‘टैक्सी ड्राइवर’, ‘गैंग्स ऑफ न्यू यॉर्क’, ‘ह्यूगो’, ‘द वुल्फ ऑफ वॉलस्ट्रीट’, ‘दि एवीयेटर’, ‘कुंदन’ ‘कैसिनो’ जैसी चर्चित फिल्में बनाई हैं।
मगर क्या आप ‘किलर्स ऑफ द फ्लॉवर मून’ के स्क्रीनप्ले राइटर का नाम जानते हैं? नहीं जानते होंगे। क्योंकि अक्सर यही होता है, जब शुरू में राइटर का नाम परदे पर आता है, तो दर्शक ध्यान नहीं देता और अंत में क्रेडिट रोल करते तक दर्शक हॉल से बाहर जा चुका होता है या फिर अपना लैपटॉप बंद कर चुका होता है।
समीक्षक भी कदाचित ही फिल्म राइटर की बात करते हैं। लेकिन फिल्म इतिहास बिना फिल्म राइटर की बात करे आगे नहीं बढ़ सकता है। इसीलिए चलिए आज बात करते हैं, ‘किलर्स ऑफ द फ्लॉवर मून’ के लेखक की। इस फिल्म लेखक का नाम है एरिक रॉथ।
ऑस्कर विजेता एरिक रॉथ
एरिक रॉथ फिल्म लेखन करते हैं, साथ ही वह प्रड्यूसर हैं और एडिशनल क्रू भी संभालते हैं। इस फिल्म राइटर को अब तक 118 बार नामांकन मिला है और इसने 15 पुरस्कार जीते हैं और खेल अभी बाकी है। न्यूयॉर्क सिटी में 22 मार्च 1945 को एरिक का जन्म हुआ था। इन्हें लेखन हेतु एक ऑस्कर मिला है, फिल्म है ‘फोरेस्ट गम्प’। साथ ही ‘दि इनसाइडर’, ‘म्युनिख’, ‘द क्यूरियस केस ऑफ बेन्जामिन बटन’, ‘ए स्टार इज बोर्न’, ‘डयून’ जैसी फिल्मों के लेखन केलिए नामांकन मिला है।
31 स्क्रीनप्ले लिखने वाले एरिक केलिए आने वाले ऑस्कर में काफी उम्मीदें हैं। आइए इनकी लिखी कुछ फिल्मों को थोड़ा विस्तार से देखते हैं।
ड्यून नाम से कई बार फिल्म बनी है। 1984 (निर्देशक डेविड लिंच), 2000 में इसी नाम से कई फिल्म बनीं, मिनी टी. वी. सिरीज, वीडियो गेम, म्युजिकल वीडियो आदि बने। फिर 2021 में ‘ड्यून: पार्ट वन’ बनी और अब इस साल 2024 में ड्यून: पार्ट टू’ बन रही है। हम बात कर रहे हैं, 2021 के ड्यून: पार्ट वन’ की।
इस ड्रामा, एडवेंचर, एक्शन फिल्म के कैनेडियन निर्देशक हैं, डेनिस वेल्नो। और जैसा कि चलन है, इस ढ़ाई घंटे की फिल्म का लेखन एरिक रॉथ ने डेनिस वेल्नो तथा जॉन स्पाइस के साथ मिल कर किया है। पूरी दुनिया में गैलेक्सी को नियंत्रित करने की होड़ लगी हुई है। असल में यह सारा युद्ध गैलेक्सी के बहुमूल्य संसाधनों पर कब्जा करने को ले कर है।
एरिक रॉथ लिखित ‘ड्यून: पार्ट वन’ में भी एक कुलीन परिवार इसी युद्ध में कूदा हुआ है, लेकिन उसका वंशज भविष्य के भयंकर स्वप्न देखने लगता है। फिल्म को कुल 285 नामांकन मिले और उसने 173 पुरस्कार जीते जिसमें 6 ऑस्कर भी शामिल हैं। और फिल्म के अभिनेता हैं, टिमोथी चैलामेट, रेबेका फर्गुसन तथा जेन्डाया आदि।
एरिक रॉथ ने कुरोसावा की राप्सोडी भी लिखी, इनकी लिखी ‘द होर्स विस्पर’ तथा ‘अली’ की भी खूब प्रशंसा हुई। इन्हें ड्ब्ल्यूजी ए (WGA Laurel) का लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार, विशिष्ट उपलब्धि के लिए 2008 में स्क्रीनराइटर पुरस्कार मिला और इन्होंने 6 फिल्म भी प्रड्यूस की हैं, जिनमें से पांच टी. वी. सीरियल और एक फिल्म ‘मंक’ है। लेकिन इन्होंने रिटायर्मेंट की सारी राशि एक स्कीम में लगा दी और वह स्कीम फेल हो गई, अत: इनको बहुत बुरे दिन देखने पड़े। इनकी पढ़ाई यूसीएलए (UCLA) फिल्म स्कूल में हुई, वहीं इनकी दोस्ती गायक जिम मॉरीसन से हुई, दोनों अच्छे दोस्त हैं।
यूसीएलए बॉयोटेक्निस्ट तथा वकील पत्नी डेब्रा ग्रीनफील्ड में एसोशिएट प्रोफेसर हैं, हालांकि दोनों ने 1987 में शादी के बाद अब तलाक की अर्जी दी हुई है। दोनों के पांच बच्चे हैं।
फिल्म ‘किलर्स ऑफ द फ्लॉवर मून’
एरिक रॉथ ने ‘किलर्स ऑफ द फ्लॉवर मून’ लिखी जिसका उल्लेख ऊपर हो चुका है। साढ़े तीन घंटे की इस फिल्म को जिसने देखा, उसने तारीफ की है। यह ड्रामा, क्राइम तथा ऐतिहासिक फिल्म है, जिसमें ओसेज नेशन लैंड की बात दिखाई गई है। तेल को लेकर चलने वाली लड़ाई से आज हम सब परिचित हैं। यह फिल्म पिछली सदी के दूसरे दशक की कहानी कहती है, जब ओक्लाहामा ओसेज नेशन लैंड का हिस्सा था और वहां खनिज तेल की खोज हुई थी। और जहां तेल निकलता है, वर्चस्व की लड़ाई शुरु हो जाती है।
फिल्म दिखाती है कि तेल मिलते ही ओसेज लोगों की हत्या भी शुरु हो जाती है। हत्याओं के रहस्य को सुलझाने एफबीआई आती है और बहुत कुछ होता है। फिल्म की नायिका लिली ग्लैडस्टोन को सर्वोत्तम अभिनेत्री का गोल्डेन ग्लोब पुरस्कार मिल चुका है आने वाले ऑस्कर पर सबकी नजरे हैं, क्योंकि इसे कई नामांकन मिले हैं। फिल्म में लियोनार्डो डिकैप्रिओ के साथ रॉबर्ट डि नीरो, मतलब दो घाकड़ अभिनेता हैं।
2008 में एरिक रॉथ ने पौने तीन घंटे की ड्रामा, फंतासी, रोमांस फिल्म ‘द क्यूरियस केस ऑफ बेंजामिन बटन’ लिखी थी, जिसे तीन-तीन ऑस्कर से नवाजा गया था। कुल 85 पुरस्कार वाली इस फिल्म को 160 नामांकन मिले थे। इसे भी एरिक ने रोबिन स्वीकोर्ड तथा स्कॉट फिट्जेराल्ड के साथ मिल कर लिखा था।
फिल्म एक विचित्र रोग की शिनाख्त करती है, जिसमें बेंजामिन बटन आयु में पीछे की ओर लौटने लगता है। इसके कारण तमाम बातें होती है। डेविड फिंचर निर्देशित इस फिल्म में मुख्य अभिनेता ब्रैड पिट तथा कैट ब्लैंचेट हैं।
और याद है अलाबामा के उस आदमी की जिसकी आईक्यू मात्र 75 है, और जो अपनी बचपन के प्रेम से मिलने की ख्वाहिश रखता है। इस दो घंटे बाइस मिनट की फिल्म में यूनाइटेड स्टेट्स के पचास से सत्तर के दशक का इतिहास खुलता जाता है। 1994 की इस रोमांस तथा ड्रामा फिल्म का नाम है, ‘फोरेस्ट गम्प’। इस विशिष्ट फिल्म के निर्देशक हैं, रॉबर्ट जेमेकस और अभिनेता हैं, टॉम हैंक्स, रोबिन राइट तथा गैरी सिनिसे। 6 ऑस्कर जीतने वाली इस फिल्म को एरिक रॉथ ने विन्स्टन ग्रूम के साथ मिल कर लिखा था। 74 नामंकन के साथ फिल्म ने 50 पुरस्कार जीते थे।
लड़की और घोड़े के घायल होने पर एक अनोखा अश्व प्रशिक्षक आगे आता है। इस पौने तीन से कुछ ऊपर घंटे की ड्रामा, रोमांस, वेस्टर्न फिल्म ‘द होर्स विस्पर’ (निर्देशक-अभिनेता रॉबर्ट रेडफोर्ड) का लेखन 1998 में एरिक रॉथ ने दो अन्य लोगों के साथ मिल कर किया था।
ऐसे बेनाम स्क्रीनप्ले राइटर को याद करना अच्छा लगता है।
--------------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकताु, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदाई नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।