विश्व सिनेमा की जादुई दुनिया: बर्मा का उथल-पुथल भरा सिने-इतिहास
बर्मा की पहली सवाक फिल्म 1932 में ‘मनी कान्ट बाय इट’ नाम से बंबई में निर्मित हुई जिसके निर्देशक टोटे ची थे। इस समय टोटे ची, टिन पे, सन्नी आदि बर्मा के प्रसिद्ध सिने-निर्देशक थे। इस जमाने में बर्मा में सामाजिक मुद्दों तथा राजनैतिक कथानक वाली फिल्में खूब लोकप्रिय थीं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हर देश की राजनैतिक दिशा-दशा उस देश के सिनेमा को प्रभावित करती है। हमारे पड़ोसी देश बर्मा का राजनैतिक इतिहास काफी उथल-पुथल भरा रहा है। ब्रिटिश काल में यहां तरह-तरह की उथल-पुथल रही और जनवरी 1947 को ब्रिटिश साम्राज्य से स्वतंत्रता पाने के बाद भी देश में स्थिरता नहीं रही। पक्ष-विपक्ष भिड़ता रहा और अस्थिरता कायम रही। अंतत: 4 जनवरी 1948 को बर्मा वास्तविक रूप से स्वतंत्र हुआ हालांकि वह कॉमनवेल्थ से नहीं जुड़ा। फिर वहां काफी समय तक सैनिक शासन कायम रहा। इसी पृष्ठभूमि में हम बर्मा के सिने-इतिहास को देखने की चेष्टा करेंगे।
वैसे तो बर्मा के पहले प्रड्यूसर-निर्देशक यू.ओन मान्ग ने एक मूक फिल्म बना कर 1910 में ही बर्मा में फिल्म निर्माण की नींव रख दी थी। यह फिल्म एक प्रमुख राजनैतिक व्यक्ति के अंतिम संस्कार का फिल्मांकन थी। इस व्यक्ति ने लंदन में बर्मा की मुक्ति हेतु कैम्पेनिंग की थी। इस संस्कार को एक सैकेंडहैंड कैमरे की सहायता से फिल्माया गया था और इसे रॉयल सिनेमा में दिखाया गया था।
रॉयल सिनेमा बर्मा के इस सिने-जनक के दोस्त अचर का था। हालांकि यह एक तरह से वृतचित्र था, मगर बर्मा के लोगों को इस पर गर्व है। फिल्म की नोटिस में लिखा गया था, ‘फिल्म की बुरी दशा के लिए हमारी माफी स्वीकारें ।’ उन दिनों उनके पास अच्छे उपकरण उपलब्ध नहीं थे। बाद में उन्होंने कोडक कंपनी से बेहतर उपकरण खरीदे।
'म्यांमार मूवी डे'
यू. ओन मान्ग ने ही द बर्मा फिल्म कंपनी की स्थापना की और कई अन्य फिल्मों का निर्माण एवं प्रदर्शन किया। उनकी याद में 13 अक्टूबर को 'म्यांमार मूवी डे' के रूप में मनाया जाता है। इसी दिन 1920 को उनकी मूक फिल्म ‘लव एंड लिकर’ का प्रीमियर हुआ था। इसमें काम करने वाला नी.पू बर्मा का प्रथम अभिनेता कहलाया। मगर फिल्म में कास्ट अथवा क्रेडिट का उल्लेख नहीं था। कहानी पी. मो निन की थी और इसमें बताया गया था कि कैसे शराब और जुआ एक आदमी की जिंदगी बरबाद कर देता है।
बर्मा की पहली सवाक फिल्म 1932 में ‘मनी कान्ट बाय इट’ नाम से बंबई में निर्मित हुई जिसके निर्देशक टोटे ची थे। इस समय टोटे ची, टिन पे, सन्नी आदि बर्मा के प्रसिद्ध सिने-निर्देशक थे। इस जमाने में बर्मा में सामाजिक मुद्दों तथा राजनैतिक कथानक वाली फिल्में खूब लोकप्रिय थीं। पैरोट कंपनी पुलिस भ्रष्टाचार तथा अन्य सामाजिक मुद्दों पर फिल्में बना रही थी। हालांकि इस समय फिल्म ब्रिटिश सरकार द्वारा सेंसर की जाती थीं।
1936 में ‘अवर पीकॉक फ्लैग’ तथा 1937 में ‘द ट्रैम्फैंट जम्बुल’ प्रतिबंधित कर दी गई थी। संरक्षण के अभाव में आज ये फिल्में उपलब्ध नहीं हैं। इस समय बर्मा में ए 1 फिल्म, न्यू बर्मा, ब्रिटिश बर्मा, दि इम्पीरियल, बन्दुला आदि कई फिल्म कंपनी थीं जिन्होंने कई फिल्में बनाई और प्रड्यूस कीं। ए1 फिल्म एक जमाने में बर्मा फिल्म कंपनी के नाम से भी जानी जाती थी।
यह पिछली सदी पहले दशक में स्थापित हुई थी। इसी ने पहली फिल्म ‘लव एंड लिकर’ प्रड्यूस की थी।
द्वितीय विश्वयुद्ध के पश्चात कोल्डवार के काल में प्रोपगेंडा फिल्में खूब बनीं। ‘टीयर ऑफ पर्ल’ फिल्म सैनिक सत्ता के महत्व को स्थापित करती हुई फिल्म थी। इसी तरह ‘द पीपुल विन थ्रू’ कम्युनिस्ट के खिलाफ प्रचार की फिल्म थी। इसी समय बर्मा के प्रसिद्ध लेखक और सिने-निर्माता ने कई फिल्में प्रड्यूस कीं, उनकी सर्वाधिक प्रसिद्ध फिल्म ‘द लाइफ साइकल’ है। पचास के दशक के प्रधान मंत्री यू. नो ने इसकी स्क्रिप्ट तैयार की थी। 1952 में बर्मा ने अपना पहला अकादमी अवॉर्ड्स समारोह किया था।
बर्मा में साठ के दशक में फिल्म देखना बड़ी सामान्य बात थी, सिनेमाहॉल एयरकंडीशंड थे और वहां बैठने के लिए सोफा हुआ करते थे। उस समय रंगून में करीब 400 सिनेमाहॉल थे।
बर्मा में सालाना फिल्मों की दर 80 थी। आज वहां सिनेमाहॉल की संख्या घट कर 57 पहुंच गई है और ये हॉल भी पेशाब की बदबू से गंधाते रहते हैं। यहां तिलचट्टे और चूहे दौड़ते रहते हैं। इन सिनेमाघरों में दशकों पुरानी भारतीय फिल्में दिखाई जाती हैं। मशीनें इतनी खराब हैं कि चित्र धुंधले होते हैं, उससे भी स्थिति बुरी आवाज की होती है। फिर भी कुछ लोग फिल्में देखने को मजबूर हैं और कभी-कभी मशीन रुक जाने से पूरी फिल्म देखना भी संभव नहीं हो पाता है। यह सब मैं नहीं कह रही हूं यह सब लॉस एन्जेल्स टाइम्स में प्रकाशित है।
जब सिनेमाघर इतने खस्ताहाल हैं तो जिनके पास सुविधा है, वे वीडियो थियेटर में हॉलीवुड की फिल्में देखते हैं। बर्मा में काफी बड़े, कई तो 150 सीट वाले वीडियो थियेटर हैं। इन फिल्मों को देख कर फर्राटेदार इंग्लिश बोलने वाले बर्मा में खूब मिलते हैं। एक समय बर्मा के दर्शकों के बीच एन्थॉनी क्विन, शेर्ली मैक्लैन, पॉल न्यूमैन खूब लोकप्रिय थे। एन्थॉनी क्विन तथा इन्ग्रिड बर्गमैन की ‘द विजिट’, शैर्ली मैक्लैन, पॉल न्यूमैन की ‘व्हाट ए वे टू गो’, ‘किंग कॉन्ग एस्केप्स’, ‘दि एडवेंचरर्स’ आदि फिल्में यहां खूब चलीं। कॉउबॉय फिल्में खूब पसंद की जाती थीं।
सत्तर और अस्सी का दशक और फिल्में
सत्तर और अस्सी के दशक में कई लचर फिल्में बनीं तथा कई फिल्में विदेशी फिल्मों की नकल मात्र थीं। 1989 में बर्मा में सरकार ने आर्थिक उदारीकरण की नीति अपनाई तथा फिल्म उद्योग का निजीकरण कर दिया। जो फिल्म अभिनेता राजनैतिक सरगर्मियों में लिप्त थे, उनकी फिल्में प्रतिबंधित कर दी गईं। अन्ग ल्विइन, तुन वाइ जैसे अभिनेता तथा विन पे जैसे निर्देशक प्रतिबंधित हो गए।
इसी तरह इक्कीसवीं सदी में सिल्वस्टर स्टालिओन की ‘रेम्बो’ शृंखला की चौथी फिल्म दिखाने की बर्मा अनुमति नहीं मिली। ‘द सिम्सन्स’ फिल्में भी प्रतिबंधित हुईं। इसे रोकने का कारण बड़ा अजीब था, इसे रोक गया क्योंकि इस फिल्म में पीला और लाल रंग प्रयोग हुआ था।
आजकल बर्मा में अधिकांशत: कॉमेडी फिल्में बनती हैं। 2008 में करीब 800 वीडियो सीडी बने लेकिन मात्र 12 फिल्में अकादमी अवॉर्ड के योग्य मानी गईं। 2009-2011 के बीच मात्र छ: मिनी-थियेटर का निर्माण हुआ। बर्मा का पहला ए1 फिल्म स्टूडियो जिसके पास एक जमाने में 25 एकड़ जमीन थी, आज उसके पास मात्र एक एकड़ बची है, जंगल के बीच एक तख्ती पर लिखा उसका नाम शायद ही दिखता है।
सिनेमाघरों को तोड़ कर शॉपिंग मॉल बनाए जा रहे हैं। लोग बर्मा में बनी बेकार की फिल्म नहीं देखना चाहते हैं। वे थाई, चीनी, साउथ कोरियन, अमेरिकी फिल्मों की डीवीडी देखते हैं, बाजार इनके पायरेटेड संस्करण से भरा पड़ा है।
बर्मा के सिने-इतिहस में इस बीच एक अच्छी बात हुई है। बर्मा का एक सर्वोतम कॉमेडियन जागनार राजनैतिक कारणों से जेल में था, वह रिहा हुआ। तो इस कॉमेडियन ने जनवरी 2012 में इन्डिपेंडेन्ट फिल्म का एक समारोह आयोजित किया। इसमें ‘बैन दैट सीन’ ने पुरस्कार जीता, यह फिल्म सेंसरशिप के भ्रष्टाचार और ढपोरशंख पर तीखा व्यंग्य करती है। प्रसिद्ध राजनेता मिस सु ची ने इसके पुरस्कार समारोह में हिस्सा लिया।
---------------------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदाई नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।