एशिया कप: शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर की जगह इन दो खिलाड़ियों को मिले मौका
कप्तान रोहित शर्मा के साथ शुभमन गिल पारी की शुरुआत में पाकिस्तानी गेंदबाजों शाहीन शाह अफरीदी और नसीम शाह के आगे केवल जूझते नजर आए। रोहित शर्मा रक्षात्मक ढंग से अफरीदी की गेंद को खेलने के दौरान क्लीन बोल्ड हो गए और कुछ इसी अंदाज में विराट कोहली ने भी अपना विकेट अफरीदी को दिया।
विस्तार
श्रीलंका के शहर कैंडी के मैदान पर एशिया कप में भारत-पाकिस्तान का मैच भले बारिश से धुल गया हो, लेकिन 50 ओवर के खेल में भारतीय बैटिंग की पोल जरूर खुल गई है। खासकर टॉप ऑर्डर की बल्लेबाजी बिल्कुल भी नहीं चली और बुरी तरह लड़खड़ा गई। कप्तान रोहित शर्मा के साथ शुभमन गिल पारी की शुरुआत में पाकिस्तानी गेंदबाजों शाहीन शाह अफरीदी और नसीम शाह के आगे केवल जूझते नजर आए।
रोहित शर्मा रक्षात्मक ढंग से अफरीदी की गेंद को खेलने के दौरान क्लीन बोल्ड हो गए और कुछ इसी अंदाज में विराट कोहली ने भी अपना विकेट अफरीदी को दिया। लंबे समय के बाद टीम इंडिया में शामिल किए गए श्रेयस अय्यर ने शुरुआत में काफी तेजी से रन बनाने के इरादे जताए, लेकिन हारिस राऊफ की गेंद को पुल करने के दौरान मिड विकेट पर कैच दे बैठे। रोहित और विराट का विकेट गिरने के बाद श्रेयस की जिम्मेदारी पिच पर टिककर खेलने की थी, जिसमें वो नाकाम रहे। यदि ईशान किशन और हार्दिक पांड्या ने 138 रनों की पार्टनरशिप न की होती तो भारत 150 रनों के अंदर ही सिमट जाता।
एशिया कप के अपने पहले मैच में भारत को कई सबक मिले हैं। पाकिस्तान के खिलाफ जो प्लेइंग इलेवन भारत ने मैदान पर उतारी, उसमें निश्चित रूप से परिवर्तन करना चाहिए। भारत चार सितंबर को कैंडी में ही नेपाल के खिलाफ खेले जाने वाले मैच में शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर को मैदान के बाहर बैठकर उनकी जगह सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा को मौका दे। शुभमन गिल पाकिस्तान के खिलाफ कहीं भी अपनी छाप नहीं छोड़ पाए। शाहीन शाह अफरीदी और नसीम शाह की गेंदों का डटकर सामना नहीं कर सके। नसीम शाह के एक ओवर में तो उन्होंने कई गेंदों को विकेटकीपर के लिए छोड़ दिया। शुभमन ने 32 गेंदों का सामना किया और मात्र 10 रन स्कोर बोर्ड में जोड़े, जिसमें एक ही चौक था। बाद में हारिस राऊफ की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए।
ईशान किशन और हार्दिक पांड्या की तारीफ करनी होगी, जिन्होंने पांचवें विकेट के लिए 138 रन जोड़े। हालांकि, दोनों ही खिलाड़ी दुर्भाग्यशाली रहे। दोनों अपना शतक पूरा कर सके। ईशान 81 गेंदों पर 82 रन और हार्दिक पांड्या 90 बॉल पर 87 रन बनाकर आउट हुए। जब ईशान और हार्दिक पिच पर खड़े थे तो लग रहा था कि भारत 300 प्लस रन का टारगेट दे सकता है। बारिश प्रभावित मैच में 300 रन का स्कोर विनिंग स्कोर जैसा होता है।
टीम इंडिया को चाहिए कि अगले मैच में रोहित शर्मा के साथ ईशान किशन से पारी की शुरुआत कराए, क्योंकि दाएं और बाएं हाथ की बल्लेबाजी का काम्बनेशन सदैव अच्छा रहता है। इससे गेंदबाजों को थोड़ी परेशानी होती है। तीसरे नंबर पर विराट कोहली का खेलना सही है। हालांकि, पाकिस्तान के खिलाफ उनका दिन अच्छा नहीं था।
वैसे अक्सर पाकिस्तान के खिलाफ वो बड़ी पारियां खेलते हैं। श्रेयस अय्यर की जगह चौथे नंबर पर तिलक वर्मा को मौका मिलना चाहिए। तिलक वर्मा ने वेस्टइंडीज दौरे पर खुद को साबित भी किया है और वो बेहतरीन खिलाड़ी हैं। जिस जगह पर अभी ईशान किशन को खिलाया जा रहा है, वहां सूर्यकुमार यादव को भेजा जाना चाहिए।
गेंदबाजों की परीक्षा पाकिस्तान के खिलाफ मैच में नहीं हुई है, इसलिए चार बॉलर और दो ऑलराउंडर लेकर खेलने में कोई हर्ज नहीं है। रविंद्र जडेजा और हार्दिक पांड्या ऑलराउंडर की कमी को पूरा करते हैं। तिलक वर्मा भी गेंदबाजी कर लेते हैं।
हालांकि, अभी तिलक वर्मा की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदबाजी की परीक्षा होना बाकी है, लेकिन संकट के समय में उन्हें गेंद दी जा सकती है। शार्दुल ठाकुर भी बल्ला घूमा लेते हैं। अब तो जसप्रीस बुमराह से भी उम्मीदें जागने लगी हैं, क्योंकि जिस तरह से पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने तीन चौके लगाए तो लग रहा है कि निचले क्रम में बुमराह से कुछ रनों की उम्मीद की जा सकती है।
वर्ल्ड कप से पहले एशिया कप भारत के लिए एक बड़ी परीक्षा है। यदि वर्ल्ड कप में भारत को अच्छा प्रदर्शन करना है तो एशिया कप को जीतना ही पड़ेगा। एशिया कप में भारत के पूल में पाकिस्तान के अलावा नेपाल की टीम है। दूसरे पूल में बांग्लादेश, अफगानिस्तान और श्रीलंका हैं।
यह तय है कि सेमीफाइनल या फाइनल में भारत का मुकाबला फिर से पाकिस्तान से हो सकता है। इस समय पाकिस्तान एक मजबूत टीम है। खासकर जब से पाकिस्तान वनडे में नंबर वन टीम बनी है, तब से उसके हौसले बुलंद हैं। उनका आत्मविश्वास सातवें आसमान पर है। कैंडी में हमने देखा कि किस तरह से पाकिस्तान के खिलाड़ी जोश से भरे हुए थे। पाकिस्तान के साथ मैच भारत के लिए एक बड़ा सबक देकर गया है। उम्मीद है कि एशिया कप के बाकी मैचों में टीम इंडिया अपनी गलतियों को नहीं दोहराएगी और एक मजबूत दावेदारी पेश करेगी।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकताु, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदाई नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।