जेडीयू से निकाले गए 'हत्या की राजनीति शुरू' करने वाले विधायक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अपने विवादित बयानों के कारण लगातार सरकार और पार्टी का सिरदर्द बने गोपालपुर के विधायक गोपाल मंडल पर आखिर गाज गिर ही गई। पार्टी ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया है। इसके साथ ही एमएलसी राणा गंगेश्वर को भी पार्टी से निलंबित कर दिया गया है। गोपाल का बयान मीडिया की सुर्खियां बनने के बाद जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने यह कार्रवाई की।
बता दें कि जेडीयू के बड़बोले विधायक गोपाल मंडल ने एक तरह से कानून व्यवस्था और सरकार को ही चुनौती देते हुए कह डाला था कि अब उन्हें दोबारा हत्या की राजनीति शुरू करनी होगी।
भागलपुर के गोपालपुर से विधायक नीरज कुमार उर्फ गोपाल मंडल ने नवगछिया में एक कवि सम्मेलन के दौरान विरोधियों को सीधे सीधे धमकी दे डाली। मंच से लोगों को संबोधित करते हुए गोपाल मंडल ने कहा मेरे पास बंदूक है गोला बारूद है। मैं आप लोगों की सुरक्षा करूंगा।
आपकी सुरक्षा की जिम्मेदारी मेरी है मैं नहीं करूंगा तो कौन करेगा। विधायक यहीं नहीं रुके कहा, मैंने पहले भी हत्या की राजनीति की है और अब मुझे फिर वो ही शुरू करना पड़ेगा। आपको सुरक्षा देने के लिए मुझे किसी की हत्या भी करनी पड़ेगी तो वो भी करूंगा। सामने बैठे लोगों को देखते हुए गोपाल बोले, आप लोग मेरे वोटर नहीं हैं लेकिन आपकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी मुझ पर है।
पूर्व में भी विवादित बयानों के कारण चर्चा में रहे हैं विधायक
विधायक ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शराब बंदी के कानून को भी गलत ठहरा दिया कहा, इससे क्या फायदा होगा। ये बेकार का नियम है। हालांकि जब उनके बयान पर विवाद शुरू हुआ तो गोपाल मंडल पूरी तरह पलट गए। इसका दोष भी विरोधी भाजपा के सिर मढ़ दिया।
कहा, भाजपा लगातार उन्हें परेशान कर रही है इसलिए उन्होंने कहा था कि हत्या की राजनीति से कुछ नहीं होगा। मेरे बयान का गलत मतलब निकाला गया है। बता दें कि गोपालपुर विधायक गोपाल मंडल लगातार अपने विवादित बयानों के कारण चर्चा में रहते हैं।
कुछ दिन पहले ही पंचायत चुनाव में उन पर विरोधियों को धमकाने का आरोप लगा था। वो खुलेआम यह कहते भी सुने गए थे कि जो उनकी तरफ उंगली उठाएगा उसकी उंगली काट देंगे जो आंख दिखाएगा उसकी आंख फोड़ देंगे। विधायक के इस बयान पर विधनसभा में भी जमकर हंगामा हुआ था।