मध्यप्रदेश में कोरोना: राज्य में 106 और पॉजिटिव केस, संक्रमितों की संख्या 2942 हुई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मध्य प्रदेश में 106 लोगों को और कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इसी के साथ राज्य में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 2942 हो गई है। कोरोना वायरस के प्रकोप से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में से एक इंदौर है। रेड जोन में शामिल जिले में अब तक इस महामारी के 1,611 मरीज मिले हैं। इनमें से 77 लोगों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।
हर्षवर्धन ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से कोरोना नियंत्रण उपायों की समीक्षा की
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने मध्य प्रदेश में कोरोना की वर्तमान स्थिति, प्रबंधन और प्रगति की समीक्षा करने के लिए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा के साथ वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से बैठक की।
डॉ. हर्षवर्धन ने बैठक में मध्य प्रदेश में कोरोना की उच्च मृत्यु दर पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा, 'यह दर कुछ जिलों में राष्ट्रीय औसत से भी अधिक है। मृत्यु दर को कम करने के लिए राज्य उचित हस्तक्षेप, अधिक आक्रामक निगरानी और प्रारंभिक निदान आदि को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की जरूरत है कि कोरोना से जुड़े मामलों का व्यवस्थित ढंग से निवारण किया जाए और इससे निपटने के व्यापक उपाय भी किए जाए। साथ ही केंद्र द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन किया जाए,ताकि ताजा मामलों के फैलाव को रोका जा सके।'
कल से ऑरेंज-ग्रीन जोन में खुलेंगी शराब और भांग की दुकानें
मध्य प्रदेश में 40 दिनों के बाद मंगलवार से शराब और भांग की दुकानें खुलेंगी। प्रदेश में रेड जोन में आने वाले भोपाल, इंदौर और उज्जैन जिलों में शराब और भांग की समस्त दुकानें आगामी आदेश तक बंद रहेंगी। रेड जोन के अन्य जिलों जबलपुर, धार, बड़वानी, पूर्वी निमाड़ (खंडवा), देवास और ग्वालियर जिलों मुख्यालय (शहरी क्षेत्र) की दुकानों को छोड़कर अन्य क्षेत्रों की शराब और भांग की दुकानें संचालित की जाएंगी।
इंदौर के निजी नर्सिंग होम के दो डॉक्टर कोरोना से संक्रमित
मध्यप्रदेश के इंदौर के एक निजी नर्सिंग होम में अन्य बीमारियों के मरीजों का इलाज कर रहे दो डॉक्टर सोमवार को कोविड-19 से संक्रमित पाए गए। इसके बाद प्रशासन ने इस चिकित्सा संस्थान को अस्थायी रूप से बंद करते हुए संक्रमणमुक्त करने का फैसला किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने बताया कि शहर के राजबाड़ा क्षेत्र के अर्पण नर्सिंग होम की एक महिला डॉक्टर और एक पुरुष डॉक्टर कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं। हालांकि, निजी क्षेत्र का यह चिकित्सा संस्थान ग्रीन श्रेणी का है यानी वहां इस महामारी के मरीजों का इलाज नहीं किया जा रहा था।
उन्होंने बताया कि नर्सिंग होम के पूरे स्टाफ के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है। हाल के दिनों में इस संस्थान में इलाज कराने वाले मरीजों की पहचान की जा रही है और उनकी सेहत की भी जांच की जाएगी। सीएमएचओ ने बताया कि नर्सिंग होम के आस-पास के इलाके को निषिद्ध क्षेत्र (कंटेनमेंट जोन) घोषित कर सील किया जा रहा है।
इस बीच, जिलाधिकारी मनीष सिंह ने बताया कि अर्पण नर्सिंग होम में फिलहाल कुछ मरीज भर्ती हैं। इन मरीजों को अन्य अस्पतालों में भेजा जायेगा। फिर नर्सिंग होम को अस्थायी रूप से बंद कर संक्रमणमुक्त किया जायेगा।
उन्होंने कहा, 'जिले के छोटे अस्पतालों और डॉक्टरों के निजी क्लीनिकों को खोलने की अनुमति फिलहाल नहीं दी जाएगी। यह देखा गया है कि इन जगहों पर कोविड-19 से बचाव की पर्याप्त सावधानियां नहीं बरती जातीं जिससे डॉक्टरों और मरीजों, दोनों में इसका संक्रमण फैलने का खतरा होता है।'
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक इंदौर, देश में कोरोना वायरस के प्रकोप से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में से एक है। रेड जोन में शामिल जिले में अब तक इस महामारी के 1,611 मरीज मिले हैं। इनमें से 77 लोगों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।
इंदौर में संक्रमितों की संख्या 1611 हुई, अब तक 77 मरीजों की मौत
पूरे देश में कोरोना वायरस के प्रकोप में बढ़ोतरी देखी जा रही है। पिछले 24 घंटे में 2553 नए मामले सामने आए हैं और 72 लोगों की मौत हुई है। वहीं, इस वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में एक 82 वर्षीय मरीज की कोरोना से मौत हो गई है। इसके साथ ही जिले में इस वायरस के संक्रमण से मरने वाले मरीजों की तादाद बढ़कर 77 पर पहुंच गई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि कोविड-19 से संक्रमित 82 वर्षीय पुरुष ने रविवार को एक निजी अस्पताल में आखिरी सांस ली। वह मधुमेह और श्वसन तंत्र संबंधी रोग (सीओपीडी) से पहले ही जूझ रहा था।
सीएमएचओ ने बताया कि रेड जोन में शामिल जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस के 43 और मरीज मिलने के बाद इस महामारी की जद में आए लोगों की तादाद 1,568 से बढ़कर 1,611 पर पहुंच गई है। इनमें से 362 मरीजों को इलाज के बाद स्वस्थ होने पर अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि स्थानीय अस्पतालों के कोविड-19 वॉर्ड से सोमवार को 100 से ज्यादा मरीजों को छुट्टी दी जाएगी।
सीएमएचओ ने जिले में कोविड-19 की स्थिति नियंत्रण में होने का दावा करते हुए कहा कि अगर आम लोगों ने लॉकडाउन के तीसरे चरण में सरकारी हिदायतों का पूरी तरह पालन किया, तो जिले में इस महामारी के हालात में और सुधार होगा। इंदौर जिले की आबादी 35 लाख से ज्यादा है। जड़िया ने दावा किया कि कोविड-19 के सर्वेक्षण के दौरान जिले के 28.33 लाख लोगों तक पहुंचा जा चुका है।
उन्होंने बताया कि हमने सर्वेक्षण के दौरान सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार और सांस लेने में दिक्कत के लक्षणों के आधार पर करीब 9,000 लोगों को छांटा है। कोविड-19 की जांच के लिए इनके नमूने लिए जाने का अभियान सोमवार से शुरू कर दिया गया है।
ताजा आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि सोमवार सुबह की स्थिति में जिले में कोविड-19 के मरीजों की मृत्यु दर 4.78 फीसदी थी। हालांकि, पिछले 25 दिन के दौरान इसमें बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। इंदौर में प्रशासन ने 25 मार्च से शहरी सीमा में कर्फ्यू लगा रखा है जबकि जिले के अन्य स्थानों में सख्त लॉकडाउन लागू है।
