छत्तीसगढ़ः पुलिस ने युवक को पूछताछ के लिए बुलाया, देर रात फांसी से लटकता मिला शव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
छत्तीसगढ़ में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। युवक को पुलिस ने चोरी के मामले में पूछताछ करने के लिए बुलाया था। जिसका पांच घंटे बाद फांसी से लटकता शव मिला। शव मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों ने पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाए है।
पंकज कुमार बेक सूरजपुर जिले के भटगांव थाना क्षेत्र के सलका अघिना निवासी था। जिसे पुलिस ने रविवार रात करीब 8 बजे चोरी के मामले में पूछताछ के लिए बुलाया था। रात करीब डेढ़ बजे साइबर सेल से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर फांसी से लटकता उसका शव मिला। मृतक के पैर जमीन से घुटने के बल टिके थे। उसके शरीर पर केवल अंडरवियर ही था। साथ ही चोट के निशान भी थे।
इस मामले में पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दाैरान वह शौच करने की बात कह कर बाहर निकला था। जिसके बाद फरार हो गया और फांसी लगा ली। परिजनों ने पुलिस की बातों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस कस्टडी से फरार होकर पंकज फांसी कैसे लगा सकता है। उन्होंने पुलिस कस्टडी में ही मौत होने की आशंका जाहिर की है। आईजी केसी अग्रवाल ने कहा कि टीआई सहित 5 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही जांच के लिए एसपी को निर्देश दिए हैं।
आक्रोशित परिजनों ने सड़क पर शव रखकर लगाया जाम, दोषी पर कार्रवाई की मांग
बेटे की संदिग्ध हालात में हुई मौत के बाद परिजनों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा था। उन्होंने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। साथ ही दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग की। परिजनों को समझाने में पुलिस के हांथ-पैर फूल गए। 50 हजार रुपये की सहायता राशि दिए जाने के बाद लोगों ने जाम खुलने दिया।
डीजीपी डीएम अवस्थी ने कहा कि हिरासत में मौत की पुष्टि होने पर पुलिस अधीक्षक की चूक मानी जाएगी। जिसे उनकी सीआर में लिखा जाएगा। उन्होंने कहा कि आरोपियों को हिरासत में रखने के नियम होते हैं जिनके पालन की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक नगर पुलिस अधीक्षकों की होगी।
पोस्टमार्टम के लिए गठित की गई टीम के सदस्य डाॅ. राजीव कुमार वर्मा ने बताया कि युवक की मौत फांसी लगने से हुई है। मृतक के पैर और हाथ में चोट के निशान हैं।