राजस्थान: पाइपलाइन में छेद कर 8 लाख लीटर क्रूड ऑयल चोरी, एसओजी ने एक और आरोपी दबोचा; अब तक 10 की गिरफ्तारी
एसओजी ने आईओसीएल की भूमिगत पाइपलाइन से 8 लाख लीटर क्रूड ऑयल चोरी मामले में रविधारी यादव को गिरफ्तार किया है। गिरोह ने पाइपलाइन में अवैध वाल्व लगाकर चोरी की थी। आरोपी को नौ दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया।
विस्तार
स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) की भूमिगत पाइपलाइन से क्रूड ऑयल चोरी करने वाले गिरोह के एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रविधारी यादव के रूप में हुई है। गिरोह ने पाइपलाइन में छेद कर अवैध वाल्व लगाया था और करीब 8 लाख लीटर यानी 36 टैंकर क्रूड ऑयल चोरी किया था। एसओजी ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे नौ दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। इस मामले में एसओजी अब तक कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
285 मीटर लंबी नाली खोदकर बिछाई पाइप
एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि आईओसीएल के सहायक प्रबंधक संजय कुमार सेन ने अप्रैल 2025 में इस संबंध में मामला दर्ज कराया था। शिकायत के अनुसार, अजमेर जिले की मसूदा तहसील के नासून गांव में चरागाह भूमि से होकर आईओसीएल की सलाया-मथुरा पाइपलाइन (एसएमपीएल-24) गुजर रही है। गिरोह ने भूमिगत पाइपलाइन में छेद कर अवैध वाल्व लगा दिया था।
पढ़ें: शौचालय में टूटी टाइल के नीचे छिपे मिले दो मोबाइल, मचा हड़कंप; जांच जारी
आरोपियों ने लोहे और हाइड्रोलिक प्लास्टिक पाइप की मदद से कनेक्शन तैयार किया। इसके बाद करीब 285 मीटर लंबी नाली खोदकर पूरी पाइपलाइन को जमीन के अंदर बिछा दिया। इसी रास्ते के जरिए क्रूड ऑयल की चोरी की जाती थी।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच टीम ने एफएसएल, साइबर, फुटप्रिंट और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद से घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। इसके बाद मौके से मिले बीटीएस डेटा और दूरसंचार कंपनियों से प्राप्त सीडीआर का विश्लेषण किया गया।
तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्ध आरोपियों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। इसी दौरान रविधारी यादव की वारदात में संलिप्तता सामने आई। इसके बाद एसओजी ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में शामिल अन्य वांछित और संदिग्ध आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।