निरंजन दास को बड़ी जिम्मेदारी: छत्तीसगढ़ सरकार ने आबकारी आयुक्त बनाया, यहीं से सात दिन पहले रिटायर हुए थे IAS
निरंजन दास राज्य प्रशासनिक सेवा संवर्ग से प्रमोट होकर IAS बने थे। उन्होंने गरियाबंद सहित कई जिलों में कलेक्टर की भी जिम्मेदारी निभाई है। साल 2019 में पहली बार निरंजन दास को आबकारी विभाग का आयुक्त बनाया गया। वहां से इस साल रिटायर हुए तो उन्हें फिर से जिम्मेदारी दे दी गई।
विस्तार
छत्तीसगढ़ सरकार ने रिटायर्ड आईएएस निरंजन दास को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उनको आबकारी आयुक्त बना दिया गया है। खास बात यह है कि सात दिन पहले 31 जनवरी को आईएएस निरंजन दास यहीं से और इसी पद से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद उन्हें एक फरवरी से संविदा नियुक्ति देकर इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग का सचिव बना दिया गया था। अब उसके साथ ही आबकारी की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से नियुक्ति आदेश जारी किया गया है। इसके मुताबिक, रिटायर्ड आईएएस निरंजन दास को आबकारी आयुक्त, नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक, स्टेट बेवरेज कॉर्पोरेशन के एमडी और वाणिज्यिक कर विभाग के सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। सेवानिवृत्त होने से पहले भी आईएएस दास के पास यही सारे विभाग थे, जो शासन के निर्देश पर अब फिर से उनके ही पास रहेंगे।