Raigarh: सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत, वहीं टाटा कंसलटेंसी कंपनी के क्वालिटी इंजीनियर की कार चोरी
दो बाइकों की आमने-सामने भिड़त की घटना में एक युवक की मौत हो गई। मृतक युवक अपनी मां को लेने जाने निकला था इसी बीच यह घटना घटित हो गई। वहीं जिन्दल कंपनी के अंतर्गत टाटा कंसलटेंसी कंपनी के क्वालिटी इंजीनियर की कार चोरी हो जाने का मामला सामने आया है।
विस्तार
रायगढ़ जिले में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़त की घटना में एक युवक की मौत हो गई। मृतक युवक अपनी मां को लेने जाने निकला था इसी बीच यह घटना घटित हो गई। परिजनों की रिपोर्ट के बाद पुलिस आरोपी चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में ले लिया है। उक्त मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है। धरमजयगढ़ थाने में दुर्गापुर निवासी फिर सिंह राठिया ने रिपोर्ट लिखाते हुए बताया कि कल शाम को उसका भतीजा वेदराम राठिया अपनी मां को लेने धरमजयगढ़ जाने अपनी मोटर सायकल क्रमांक सीजी 13 एस 5719 में सवार होकर शाम 4 बजे के आसपास निकला था।
इस बीच एक घंटे बाद गांव के ही भागीरथी राठिया ने उसे फोन करके बताया कि वेदराम का दुर्गापुर के शाहपुर कालोनी के बीच एक्सीडेंट हो गया। इस सूचना के बाद जब वह मौके पर पहुंचा तो उसे बताया गया कि वेदराम राठिया के मोटर सायकल को दूसरे मोटर सायकल क्रमांक सीजी 13 एयू 7162 के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए सामने से जोरदार ठोकर मार दिया।
फिर सिंह राठिया ने बताया कि बाईक की ठोकर से गंभीर रूप से घायल उसके भतीजे को डायल 112 की सहायता से तत्काल उपचार हेतु धरमजयगढ़ अस्पताल ले जाया गया जहां प्रारंभिक जांच में ही मौके पर मौजूद डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बहरहाल परिजनों की रिपोर्ट के बाद धरमजयगढ़ पुलिस ने दूसरे मोटर सायकल के चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
इंजीनियर की कार चोरी
रायगढ़ जिले में जिन्दल कंपनी के अंतर्गत टाटा कंसलटेंसी कंपनी के क्वालिटी इंजीनियर की कार चोरी हो जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर कालोनी के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। उक्त मामला तमनार थाना क्षेत्र का है। तमनार थाने में सावित्री नगर जिंदल कालोनी के रहने वाले विनय कुमार सिंह ने रिपोर्ट लिखाते हुए बताया कि वह जिन्दल कंपनी के अंतर्गत टाटा कंसलटेंसी कंपनी में क्वालिटी इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। विनय कुमार ने बताया कि 9 मार्च को वह अपनी कार क्रमांक बीआर 02 बीक्यू 9161 में सपरिवार रायगढ़ आया था और रात साढ़े 9 बजे वापस अपने घर लौट आया था। जिसके बाद अगले दिन सुबह 9 बजे वह अपने ड्यूटी में चला गया। इस दौरान घर के सामने से कार को नदारद देखकर उसकी पत्नी ने उससे पूछताछ की तब उसने अपनी पत्नी को बताया कि वह कार लेकर ड्यूटी नही आया है।
विनय कुमार ने बताया कि आसपास काफी खोजबीन करने के बावजूद उनकी कार कहीं नही मिली। अज्ञात व्यक्ति के द्वारा उनके घर के सामने खड़ी कार की चोरी कर ली गई। चोरी हुए कार की कीमत करीब 11 लाख रूपये बताई गई है। कालोनी से कार चोरी हो जाने के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि अज्ञात चोर को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। बहरहाल पीड़ित जिन्दल कंपनी के क्वालिटी इंजीनियर की रिपोर्ट के बाद तमनार पुलिस अज्ञात चोर के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में ले लिया है।