Raigarh: जेपीएल कंपनी के यूपीएस रूम में एसी सही करने के दौरान गिरा मैकेनिक, उपचार के दौरान हुई मौत
रायगढ़ जिले में जेपीएल कंपनी के यूपीएस रूम में एसी सुधारने के दौरान उंचाई से गिरकर घायल हुए मैकेनिक की बीती रात उपचार के दौरान मौत हो गई। जिसके बाद आज सुबह मृतक के शव का पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
विस्तार
रायगढ़ जिले में जेपीएल कंपनी के यूपीएस रूम में एसी सुधारने के दौरान उंचाई से गिरकर घायल हुए मैकेनिक की बीती रात उपचार के दौरान मौत हो गई। जिसके बाद आज सुबह मृतक के शव का पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बिलासखार का रहने वाला राजेश्वर धोबा पिता रामसिंह धोबा 24 साल जेपीएल तमनार में बीते 3 सालों से एक ठेकेदार के मातहत एसी सुधारने का काम करते आ रहा था।
बीते 13 मई की दोपहर राजेश्वर जेपीएल कंपनी के यूपीएस रूप में काम करने के लिये लगभग 25 फीट उपर चढ़ा था, इस दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर पड़ा।
अचानक घटी इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई थी। मौके पर मौजूद लोगों ने प्रबंधन को इस घटना की सूचना देते हुए आनन-फानन में पहले उसे फोर्टिस अस्पताल तमनार ले गया गया जहां प्रारंभिक उपचार के बाद उसे ओपी जिंदल अस्पताल रायगढ़ रेफर कर दिया गया था जहां उसका उपचार जारी था। बताया जा रहा है कि बीती रात तकरीबन 11 बजे के आसपास राजेश्वर की उपचार के दौरान मौत हो गई। बहरहाल आज सुबह मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये जिला अस्पताल लाया गया जिसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिये परिजनों को सौंपते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।