रायगढ़: सूने मकान का ताला तोडकर नकदी, जमीन के कागजात और अंकसूची किया पार, पुलिस जांच में जुटी
रायगढ़ जिले में अज्ञात चोरों ने सुने मकान का ताला तोडकर नगदी रकम के अलावा जमीन के कागजात और अंकसूची चोरी कर फरार हो जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की रिपोर्ट के बाद पुलिस अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
विस्तार
रायगढ़ जिले में अज्ञात चोरों ने सुने मकान का ताला तोडकर नगदी रकम के अलावा जमीन के कागजात और अंकसूची चोरी कर फरार हो जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की रिपोर्ट के बाद पुलिस अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मामला कापू थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार जुगरू राम कुर्रे ने कापू थाने में रिपोर्ट लिखाते हुए बताया कि कदम चैक में स्थित ग्रामीण बैंक के पास उसका बैग, जूता, चप्पल का दुकान है। जुगरू राम कुर्रे ने बताया कि रोजाना की भांति सुबह 9 बजे वह अपने दुकान चला गया था और दोनों बच्चे स्कूल गए थे और उसकी पत्नी किसी काम के सिलसिले में पत्थलगांव चली गई थी। प्रार्थी ने बताया कि शाम 4 बजे उसकी बेटी स्कूल से जब घर पहुंची तो उसने देखा कि पीछे तरफ का दरवाजा खुला हुआ था। साथ ही तीनों कमरों का ताला भी टूटा हुआ था जिसके बाद उसने अपने पिता को पूरी घटना की जानकारी दी।
प्रार्थी ने जुगरू राम कुर्रे ने बताया कि इस सूचना के बाद वह मौके पर पहुंचकर जांच किया तो पाया कि अज्ञात चोरों ने उसके घर के आलमारी में रखे 70 से 80 हजार रूपये नगद के अलावा जमीन के कागजात एवं बच्चों की अंकसूची लेकर फरार हो गया। जिसके बाद उसने कापू थाने में उक्त मामले की रिपोर्ट लिखाई है। बहरहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 305, 331(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दो शिक्षकों के मकान से 12 हजार की चोरी
इसी तरह की दूसरी घटना में कापू थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बंधनपुर निवासी निलम कुमार खटर्जी ने रिपोर्ट लिखाते हुए बताया कि वह शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला अलोला संकुल अलोला विकासखण्ड धरमजयगढ में शिक्षक के पद पर पदस्थ है एवं उसकी पत्नी भी शिक्षिका है। 25 अगस्त को वह और उसकी पत्नी रोजाना की भांति घर में ताला लगाकर स्कूल गए हुए थे। इस बीच अहाता फांदकर अज्ञात चोर उनके मकान में दाखिल हुए और उनके घर से नगदी रकम 8 हजार के अलावा उनके यहां किराये में रहने वाली एक अन्य शिक्षिका के घर का भी ताला तोड़कर वहां से नगदी रकम 4 हजार को मिलाकर कुल 12 हजार नगदी रकम की चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। बहरहाल पीड़ित शिक्षक की रिपोर्ट के बाद कापू पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 305 331(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।