Raigarh: खंभे से बांधकर पिटाई के दौरान शख्स की मौत का मामला, मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में 22 दिसंबर की सुबह एक अधेड़ ग्रामीण को चोरी के संदेह में बिजली खंबा से बांधकर पीट-पीटकर उसे मौत के घाट उतारने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
विस्तार
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में 22 दिसंबर की सुबह एक अधेड़ ग्रामीण को चोरी के संदेह में बिजली खंबा से बांधकर पीट-पीटकर उसे मौत के घाट उतारने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम डूमरपाली में 22 दिसंबर की सुबह एक ग्रामीण को कुछ लोगों के द्वारा मारपीट की सूचना पुलिस को मिली। जिसके बाद चक्रधरनगर पुलिस मौके पर पहुंची इस दौरान मारपीट से बनोरा निवासी पंचराम सारथी उर्फ बुटू (50 साल) की मौत हो चुकी थी। चक्रधरनगर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई कर 03 संदेहियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी वीरेंद्र सिदार और वीरेंद्र सिंह सिदार (50 वर्ष), अजय प्रधान (42 वर्ष) और अशोक प्रधान (44 वर्ष) ने अपना अपराध स्वीकार किया।
पड़ोसियों के साथ मिलकर बनाया बंधक
आरोपियों ने बताया कि पंचराम को रात करीब 2 बजे वीरेन्द्र के घर में घुसा था जिसे वीरेंद्र सिंग जो वहीं पर सोया हुआ था वह जाग गया और उसे पकड़ लिया इसके बाद पकड़कर अपने पड़ोसियों के साथ मिलकर प्लास्टिक की रस्सी से बांध दिया और डंडों व मुक्कों से पिटाई की जिससे उसकी मौत हो गई।
क्या कहते हैं पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने बताया कि 22 दिसंबर को हमे सूचना मिली कि कुछ लोगों ने एक ग्रामीण को पकड़ा है और पिटाई से उस व्यक्ति की मौत हो गई। इस मामले में तत्काल अपराध पंजीबद्ध करते हुए धारा 103 (1) बीएनएस के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर तीन आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया गया है। जिसमें मुख्य आरोपी वीरेन्द्र सिदार, अजय प्रधान, अशोक प्रधान इन लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है और मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है। प्रारंभिक जांच में जो तथ्य सामने आये हैं उसके हिसाब से चोरी के संदेह में आरोपियों ने मारपीट किया था। इस मामले में आगे कार्रवाई जारी है।