{"_id":"6a3e24c218b00505030da1bc","slug":"korba-police-arrest-92-in-assault-cases-jail-9-under-bnss-170-penalize-7-drunk-drivers-bike-patrols-tightened-habitual-offender-booked-under-bnss-129-korba-news-c-1-1-noi1487-4436776-2026-06-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"Korba: मारपीट में 92 आरोपी गिरफ्तार, 9 जेल भेजे गए, शराब पीकर गाड़ी चलाने पर सात के खिलाफ कार्रवाई","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Korba: मारपीट में 92 आरोपी गिरफ्तार, 9 जेल भेजे गए, शराब पीकर गाड़ी चलाने पर सात के खिलाफ कार्रवाई
Fri, 26 Jun 2026 04:29 PM IST
कोरबा ब्यूरो
अमर उजाला नेटवर्क, कोरबा
अमर उजाला नेटवर्क, कोरबा
Published by: कोरबा ब्यूरो
Updated Fri, 26 Jun 2026 04:29 PM IST
सार
कोरबा में अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कोरबा पुलिस का “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान लगातार जारी है।
विज्ञापन
korba
विस्तार
कोरबा में अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कोरबा पुलिस का “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत 24 जून 2026 को जिले के सभी थाना-चौकी क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। मारपीट, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और यातायात नियम उल्लंघन पर सख्ती बरती गई।
विज्ञापन
जिले भर में मारपीट और आपसी विवाद के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल 92 आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों के खिलाफ न्यायालयीन कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि विवाद बढ़ने से पहले ही हस्तक्षेप कर शांति व्यवस्था बनाए रखना अभियान का मुख्य उद्देश्य है। अभियान के तहत बाइक पेट्रोलिंग टीमों को तैनात किया गया। संकीर्ण गलियों और उन इलाकों में विशेष निगरानी रखी गई जहां चार पहिया पेट्रोलिंग वाहन नहीं पहुंच पाते। संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखकर समय रहते कार्रवाई की गई।
विज्ञापन
भविष्य में होने वाले विवाद और शांति भंग की आशंका को रोकने के लिए धारा 170 BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इस दौरान 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आदतन लड़ाई-झगड़ा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए शराब पीकर वाहन चलाने वाले 7 चालकों पर धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा अन्य यातायात नियम तोड़ने वालों पर भी एमवी एक्ट की विभिन्न धाराओं में चालान की कार्रवाई हुई। आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक धारा 185 के तहत 1021 वाहन चालकों पर कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस ने दोहराया कि नशे में गाड़ी चलाना जानलेवा है और इसके खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है।
विज्ञापन
आपराधिक गतिविधियों में लिप्त और आदतन अपराधी की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए एक व्यक्ति के खिलाफ धारा 129 BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। ऐसे लोगों पर नजर रखी जा रही है जिनसे शांति भंग होने या भविष्य में अपराध होने की आशंका है। कोरबा पुलिस ने कहा कि “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि जिले में कानून व्यवस्था और शांति बनी रहे।

korba

korba

korba