Korba: सोता रहा परिवार और चोर ले उड़े लाखों के गहने, सुबह आंख खुलते ही मचा हड़कप, जांच में जुटी पुलिस
कान्हा स्टोर में धावा बोलकर अज्ञात चोरों ने नकदी रकम, सोना, चांदी के जेवरातों की चोरी कर ली। चोर ने पहले स्टोर के शटर के सेंटर लॉक को तोड़ने का प्रयास किया, असफल होने पर पीछे का दरवाजा तोड़कर भीतर घुसे और वारदात को अंजाम दिया।
विस्तार
कोरबा जिले में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। चोर एक के बाद एक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस केवल तमाशा देख रही है। कटघोरा थाना क्षेत्र में एक बार फिर से चोरी की वारदात सामने आई है। कटघोरा कसनिया मुख्य मार्ग के किनारे संचालित कान्हा स्टोर में धावा बोलकर अज्ञात चोरों ने नकदी रकम, सोना, चांदी के जेवरातों की चोरी कर ली। चोर ने पहले स्टोर के शटर के सेंटर लॉक को तोड़ने का प्रयास किया, असफल होने पर पीछे का दरवाजा तोड़कर भीतर घुसे और वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि आशु मित्तल का परिवार निवास करता है जहां नीचे में दुकान और मकान दोनों है उसके ऊपर एक मंजिला मकान बना हुआ है। शुक्रवार के रात दुकानदारी करने के बाद अंदर से दुकान बंद कर सब अपने कमरे में खाना खाकर सोने चले गए सुबह उठने पर उन्हें घटना की जानकारी हुई। दुकान का सामान बिखरा हुआ था इसके अलावा चोरों ने और कमरों में भी चोरी करने का प्रयास किया लेकिन वह असफल रहे।
बताया जा रहा है कि चोर चांदी के सिक्के सोने के जेवरात समेत लगभग तीन लाख का सामान ले गए हैं। जहां इसकी शिकायत दुकान संचालक आशु मित्तल ने तत्काल कटघोरा थाना पुलिस को दी।
कटघोरा थाना प्रभारी धरम तिवारी अपने स्टाफ के साथ घटनास्थल पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए आगे की जांच कार्रवाई शुरू की। चोरों को पकड़ने पुलिस ने डॉग स्क्वायड की भी मदद ली। जहां डॉग बांघा ने सेंट लेकर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया।
फिलहाल इस पूरे मामले में कटोरा पुलिस ने मामला दर्ज कर परिजनों का बयान दर्ज किया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।