सीजी: कोरबा में आईटीआई छात्र की आत्महत्या से मचा हड़कंप, पिता बोले- बेटा फोन पर बताता था प्रताड़ना की बात
कोरबा के सलिहाभांठा गांव में 19 वर्षीय आईटीआई छात्र इंद्रजीत महतो ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। पिता ने साथ रहने वाले युवक पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उरगा पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
उरगा थाना क्षेत्र के सलिहाभांठा गांव में 19 वर्षीय छात्र इंद्रजीत महतो ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह करतला में आईटीआई के इलेक्ट्रिशियन ट्रेड की पढ़ाई कर रहा था। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। मृतक के पिता दिलीप कुमार महतो ने बेटे के साथ रहने वाले युवक राजेश्वर पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।
दिलीप कुमार महतो ने बताया कि उनका बेटा इंद्रजीत स्वभाव से सीधा-साधा था। उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका है। इंद्रजीत ने करतला में आईटीआई के इलेक्ट्रिशियन ट्रेड में दाखिला लिया था। शुरुआत में वह घर से ही कॉलेज आने-जाने करता था, लेकिन बस की सुविधा नहीं मिलने के कारण उसे गांव के ही राजेश्वर नाम के युवक के साथ रहने के लिए भेज दिया गया था।
पिता के अनुसार, इंद्रजीत फोन पर उन्हें बताता था कि राजेश्वर उसे मानसिक रूप से परेशान करता है और गाली-गलौज करता है। उन्होंने बताया कि इंद्रजीत स्वभाव से भोला-भाला था और इस तरह की परिस्थितियों को सहन नहीं कर पाता था। पिता का दावा है कि वह इन घटनाओं के कारण मानसिक तनाव में रहने लगा था।
पढे़ं: किन विभागों के अफसरों-कर्मियों पर निगरानी की नजर? घूसखोरों के पकड़ाने का खतरा कहां, देखें ट्रेंड
दिलीप कुमार महतो ने बताया कि इंद्रजीत ने दो दिन पहले भी उन्हें इस बारे में जानकारी दी थी। वह राजेश्वर से बात करने जाने वाले थे, लेकिन इससे पहले ही बेटे ने आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना की जानकारी उन्हें रात करीब 12 बजे मिली, जब वह बाहर से घर लौटे। घर पहुंचने पर पता चला कि इंद्रजीत ने अपने ही घर में फांसी लगा ली है।
पिता ने बताया कि इंद्रजीत अपने परिवार का बहुत सम्मान करता था। उनके अनुसार, परिवार के लिए अपशब्द कहे जाने पर भी वह काफी दुखी हो जाता था। पिता ने बेटे की मौत के लिए कथित मानसिक प्रताड़ना को जिम्मेदार ठहराया है।
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपित युवक के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उरगा पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।