Chhattisgarh Naxalite: नारायणपुर-ओरछा मार्ग पर सड़कें खोदी; नक्सलियों ने की मानवाधिकार संगठनों से ये अपील
दंतेवाड़ा में एक दिन पहले नक्सलियों के किए गए आईईडी ब्लास्ट में10 डीआरजी जवान शहीद हो गए थे। वहीं वाहन के चालक की भी जान चली गई थी। अब नारायणपुर में नक्सलियों की इस हरकत के चलते स्थानीय लोग दहशत में हैं। फिलहाल जवान मौके पर पहुंच गए हैं और सावधानी पूर्वक सड़क को खोलने का काम शुरू हो गया है। आसपास के इलाकों में सर्चिंग भी जारी है।
विस्तार
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में गुरुवार को नक्सलियों ने उत्पात मचाया है। उन्होंने नारायणपुर-ओरछा मुख्य मार्ग पर अलग-अलग जगह सड़कों को खोद दिया है। वहां बड़े-बड़े पत्थर रख दिए हैं और सड़क किनारे लगे पेड़ काटकर डाल दिए हैं। इलाके में बड़ी संख्या में बैनर और पोस्टर भी लगाए गए हैं। इसमें नक्सलियों ने जवानों की कार्रवाई के विरोध में मानवाधिकार संगठनों से अपील की है। सूचना मिलने के बाद फोर्स मौके पर है। पेड़ और पत्थर हटाकर रास्ते को खोलने का काम किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें...Chhattisgarh: दंतेवाड़ा में नक्सली हमला, IED ब्लास्ट में 3 हेड कांस्टेबल सहित 10 जवान शहीद, नागरिक की भी मौत
जानकारी के मुताबिक, नक्सलियों ने नारायणपुर में सडकों को निशाना बनाया है। ओरछा मुख्य मार्ग के धनोरा ग्राम से लेकर ओरछा इंडिया गेट कहे जाने वाली सड़क को नक्सलियों ने खोदकर नुकसान पहुंचाया है। इसके चलते करीब छह किमी का इलाका प्रभावित है। माओवादियों ने रोड पर लाल बैनर और पोस्टर भी लगाए हैं। इसमें नक्सलियों ने सुकमा और बीजापुर में हुई बमबारी का विरोध किया है। इसे लेकर ह्यूमन राइट्स वॉच, एमेनेस्टी इंटरनेशनल जैसे संगठनों से अपील की है।
यह भी पढ़ें...Chhattisgarh Naxalite: चार महीने जवानों पर पड़ते हैं भारी, 10 साल में 250 से ज्यादा शहादत; जानिए क्या है TCOC
सड़क पर लगा हो सकता है आईईडी विस्फोटक
नक्सली अक्सर इस तरह की घटना को अंजाम देकर सुरक्षाबलों को निशाना बनाने का प्रयास करते हैं। ऐसे में आशंका है कि सड़क पर आईईडी विस्फोटक लगा हो सकता है। दंतेवाड़ा में हुई घटना के बाद इसको लेकर आशंका ज्यादा बढ़ गई है। नक्सलियों ने करीब एक सप्ताह पहले भी इस रोड को बंद किया था। अब फिर रात को नक्सलियों ने इसे दोहराया है। इसे देखते हुए जवान सतर्क हैं। नारायणपुर एसपी पुष्कर शर्मा ने बताया कि पुलिस अभी उस सड़क की संक्षिप्त जानकारी ले रही है। उसके बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
यह भी पढ़ें...तस्वीरों में नक्सली हमले के निशान: 50 KG विस्फोटक से उड़ाया जवानों का वाहन, साथियों को रेस्क्यू कर लौट रहे थे