Jagdalpur: सर्पदंश से इकलौते बेटे की मौत; सुकमा में महिला ने तोड़ा दम, कुत्ते के काटने पर नहीं कराया इलाज
जगदलपुर के ग्राम तारागांव बड़ेपाल में अनित के इकलौते बेटे की सांप के काटने से मौत हो गई। वहीं सुकमा में एक महीने पहले महिला को कुत्ते ने काटा जिसका उसने इलाज नहीं कराया। लापरवाही इतनी भारी पड़ी की जान से हाथ धोना पड़ा।
विस्तार
जगदलपुर के भानपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम तारागांव बड़ेपाल में रहने वाले अनित के इकलौते बेटे को सोने के दौरान कैरेत साँप ने डस लिया। सांप के काटने से बच्चे की मौत हो गई, वहीं गुस्साए परिजनों ने सांप को पीट-पीट कर मार डाला।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि बड़ेपाल तारागांव निवासी किसान अनित सेठिया पत्नी कामिनी के साथ ही एकलौते बेटे कुशान्त सेठिया के साथ पलंग में सो रहे थे, मंगलवार की सुबह अचानक से एक कैरेत साँप कमरे में आ घुसा और पलंग में सो रहे किसान अनित के ऊपर से होते हुए बेटे कुशान्त को डस लिया। बच्चे की आवाज को सुनकर परिजन जाग गए और साँप को भागता देख परिजनों ने डंडा से पीट पीटकर साँप को मार दिया और बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल ले जाते की उससे पहले ही बच्चे की मौत हो गई। पिता ने बताया कि कुशान्त इकलौता था, बेटे की मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सुकमा में महिला ने कुत्ते के काटने पर नहीं कराया इलाज मौत
सुकमा जिले के दोरनापाल थाना क्षेत्र के ग्राम कोरापाट में आदिवासियों के द्वारा कराए जाने वाले इलाज ने एक महिला की जान ले ली। महिला को करीब माह भर पहले कुत्ते ने काटा था, लेकिन महिला उपचार कराने के लिए अस्पताल ना जाकर गाँव मे ही आदिवासियों के द्वारा किये जाने वाले उपचार को करा रही थी। मंगलवार को महिला की खराब हालत को देखकर उसे बेहतर उपचार के लिए मेकाज लाया गया, लेकिन आने से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद महिला के शव को पीएम के लिए भिजवा दिया गया।
परिजनों ने बताया कि कोरापाट निवासी मांडवी गंगे पति पोज्जा 47 वर्ष करीब एक माह पहले अपने घर के आंगन में बैठी हुई थी कि उसी समय एक कुत्ते ने आकर पैर में काट लिया। महिला के पैर से खून निकलता देख परिजनों ने उसे अस्पताल चलने की बात कही, लेकिन महिला अस्पताल ना जाकर गाँव मे ही होने वाले आदिवासी इलाज कराने की बात कही। करीब कई दिनों तक महिला ने अपना उपचार आदिवासी जड़ी बूटियों से कराई, लेकिन कुत्ते का जहर धीरे धीरे महिला के शरीर में फैलने लगा और महिला की अचानक से स्वास्थ्य खराब होने से उसे सुकमा अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसकी खराब हालत को देखते हुए मेकाज लाया गया, रास्ते मे ही महिला की मौत हो गई, डॉक्टरों ने शव को पीएम के लिए भिजवा दिया।