{"_id":"6a3de453caf6928b2e000425","slug":"uplabdhi-gorella-pendra-marwahi-news-c-1-1-noi1501-4436664-2026-06-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: पेंड्रा की आकृति साहू ने 12वीं में पाया 8वां स्थान, कलेक्टर ने दी बधाई","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: पेंड्रा की आकृति साहू ने 12वीं में पाया 8वां स्थान, कलेक्टर ने दी बधाई
Fri, 26 Jun 2026 09:27 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
अमर उजाला नेटवर्क, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही
अमर उजाला नेटवर्क, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही
Published by: अमर उजाला ब्यूरो
Updated Fri, 26 Jun 2026 09:27 AM IST
विज्ञापन
पुनर्मूल्यांकन के बाद मिली उपलब्धि।।।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं की राज्य मेरिट सूची में आठवां स्थान प्राप्त करने वाली स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, पेंड्रा की मेधावी छात्रा आकृति साहू ने अपने परिवारजनों के साथ कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन से मुलाकात की। इस दौरान कलेक्टर ने उनकी उल्लेखनीय सफलता पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विज्ञापन
आकृति साहू ने पुनर्मूल्यांकन के बाद अपनी उपलब्धि को और बेहतर बनाया। पुनर्मूल्यांकन में चार अंक बढ़ने से उनका कुल प्राप्तांक 484 हो गया, जिसके आधार पर उन्होंने राज्य मेरिट सूची में आठवां स्थान प्राप्त किया। वहीं बोनस अंक जोड़ने के बाद उनका कुल प्राप्तांक 494 (98.80 प्रतिशत) दर्ज किया गया। इससे पहले भी आकृति ने कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में राज्य मेरिट सूची में स्थान बनाकर जिले का नाम रोशन किया था। लगातार दो बोर्ड परीक्षाओं में राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्होंने जिले और विद्यालय की प्रतिष्ठा बढ़ाई है।
विज्ञापन
कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन ने कहा कि आकृति की सफलता पूरे गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से हर विद्यार्थी बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकता है। आकृति की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है और यह साबित करती है कि ग्रामीण अंचल के विद्यार्थी भी अपनी प्रतिभा के दम पर राज्य स्तर पर उत्कृष्ट स्थान प्राप्त कर सकते हैं।
विज्ञापन
इस अवसर पर कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी को निर्देश दिए कि जिले की राज्य मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले चारों विद्यार्थियों के साथ विभिन्न विद्यालयों में संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इन कार्यक्रमों में मेधावी छात्र-छात्राएं अपनी अध्ययन पद्धति, समय प्रबंधन, परीक्षा की तैयारी और सफलता के अनुभव अन्य विद्यार्थियों के साथ साझा करेंगे, जिससे अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं प्रेरित होकर बेहतर प्रदर्शन कर सकें और आने वाले वर्षों में जिले का नाम राज्य मेरिट सूची में और अधिक संख्या में दर्ज हो।