सीजी: कबड्डी खेलने आया 15 वर्षीय खिलाड़ी नहर में बहा, तेज बहाव में पैर फिसलने से हुआ हादसा; रेस्क्यू जारी
तंदुला नहर के तेज बहाव में 15 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी शिवम यादव बह गया। हाथ-पैर धोते समय पैर फिसलने के बाद वह गहरे पानी में चला गया। सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया।
विस्तार
जानकारी के अनुसार, शिवम यादव प्रतियोगिता स्थल के पास स्थित तंदुला नहर की ओर शौच के लिए गए थे। इसके बाद नहर किनारे हाथ-पैर धोने के दौरान काई और ढलान के कारण उनका पैर फिसल गया। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण शिवम खुद को संभाल नहीं सके और गहरे पानी में बह गए।
शिवम को नहर में बहता देखकर उनके साथी खिलाड़ियों ने तत्काल बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। देखते ही देखते शिवम तेज बहाव में लापता हो गए।
घटना की सूचना सेलूद सरपंच ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही उतई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल एसडीआरएफ को जानकारी दी। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। फिलहाल टीम लगातार नहर में शिवम की तलाश कर रही है।
एसडीआरएफ अधिकारी दिनेश रावटे ने बताया कि पुलिस से सेलूद स्थित नहर में एक युवक के तेज बहाव में बहने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद एसडीआरएफ की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। टीम द्वारा लगातार युवक की तलाश की जा रही है।
बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते क्षेत्र की नदी-नालों में पानी का बहाव तेज है। इसी वजह से नहर में भी पानी का प्रवाह काफी तेज बना हुआ है। फिलहाल एसडीआरएफ का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

नहर के तेज बहाव पानी में खिलाड़ी बहा।