{"_id":"69ef261a2e9419915b0628dd","slug":"durg-murder-durg-bhilai-news-c-1-1-noi1483-4215427-2026-04-27","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"शक में खूनी बदला: बहन से छेड़छाड़ पर भाई का दो युवकों पर चाकू से हमला, एक की मौत; दूसरा घायल जिंदगी से लड़ रहा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
शक में खूनी बदला: बहन से छेड़छाड़ पर भाई का दो युवकों पर चाकू से हमला, एक की मौत; दूसरा घायल जिंदगी से लड़ रहा
Mon, 27 Apr 2026 03:11 PM IST
दुर्ग-भिलाई ब्यूरो
अमर उजाला नेटवर्क, दुर्ग-भिलाई
अमर उजाला नेटवर्क, दुर्ग-भिलाई
Published by: दुर्ग-भिलाई ब्यूरो
Updated Mon, 27 Apr 2026 03:11 PM IST
सार
भिलाई में बहन से छेड़छाड़ के शक में युवक ने रजत कुशवाहा और उसके दोस्त पर चाकू से हमला कर दिया। आज रजत कुशवाह की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी गोलू सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
छेड़छाड़ के शक में चाकूबाजी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
खुर्सीपार थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ के शक ने एक गंभीर वारदात का रूप ले लिया। अपनी बहन से कथित छेड़छाड़ से नाराज एक युवक ने दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
विज्ञापन
यह घटना 25 अप्रैल को बालाजी नगर में हुई थी। जानकारी के अनुसार, 28 वर्षीय रजत कुशवाहा अपने दोस्त सुनील को बाइक से उसके घर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान आरोपी गोलू सिंह को उन दोनों पर अपनी बहन से छेड़छाड़ का शक हुआ। गुस्से में आकर उसने पहले गाली-गलौज की।
विज्ञापन
इसके बाद गोलू सिंह ने जेब में रखे धारदार चाकू से दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में रजत को पेट और सीने में गंभीर चोटें आईं। सुनील के सीने, पेट और पीठ पर कई वार किए गए। घटना के बाद आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों घायलों को तत्काल सुपेला शासकीय अस्पताल पहुंचाया।
विज्ञापन
घायलों की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें निजी अस्पताल रेफर कर दिया। आज सोमवार को इलाज के दौरान रजत कुशवाहा ने दम तोड़ दिया। सुनील की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पुलिस ने मामले में आरोपी गोलू सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पहले इस मामले में हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज किया गया था। रजत की मौत के बाद अब पुलिस ने हत्या की धारा जोड़ दी है। खुर्सीपार पुलिस पूरे मामले की गहन विवेचना में जुटी हुई है।