सीजी: दुर्ग में दोस्त ने की दोस्त की हत्या, नशा करने से मना करने पर चाकू से किया हमला; पुलिस जांच में जुटी
दुर्ग के उरला बॉम्बे आवास में गुरुवार देर रात 19 वर्षीय शिवा सोनी की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक पूछताछ में नशा करने से मना करने पर विवाद की बात सामने आई है। आरोपी लक्ष्य कुमार फरार है।
विस्तार
दुर्ग मोहन नगर थाना क्षेत्र के उरला बॉम्बे आवास में गुरुवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक ने अपने ही दोस्त पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 19 वर्षीय शिवा सोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर फरार आरोपी लक्ष्य कुमार की तलाश शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलने पर दुर्ग शहर के एएसपी शोभराज अग्रवाल, सीएसपी, मोहन नगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और मृतक के परिजनों तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की।
पढे़ं; छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, अगले 24 घंटे में बदलाव के संकेत, जानें अन्य जिलों का हाल
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि मृतक अपने दोस्त को नशा करने से मना करता था। इसी बात को लेकर विवाद होने की जानकारी मिली है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
एएसपी ने क्या बताया?
दुर्ग शहर के एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि पुलिस को मोहन नगर थाना क्षेत्र के उरला बॉम्बे आवास में एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने और उसकी मौत होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश की जा रही है।