छत्तीसगढ़: दिवाली से पहले दो प्रतिशत डीए की मांग, कर्मचारियों ने दी घेराव की चेतावनी
शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों ने आगामी दिवाली पर्व से पूर्व दो प्रतिशत महंगाई भत्ता एरियर के साथ जारी करने की पुरजोर मांग उठाई है।
विस्तार
फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री को भेजे पत्र के माध्यम से राज्य सरकार को उसके चुनावी घोषणा पत्र की याद दिलाई है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने से पूर्व भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश के कर्मचारियों को केंद्र के समान महंगाई भत्ता एरियर सहित देने का वादा किया था। लगातार बढ़ती महंगाई के कारण कर्मचारियों और पेंशनरों को अपने परिवार की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में भारी आर्थिक परेशानी हो रही है। ऐसी स्थिति में लंबित महंगाई भत्ते का भुगतान देय तिथि से एरियर सहित किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
फेडरेशन के पदाधिकारियों के अनुसार संगठन ने छह सितंबर को आयोजित अपनी प्रांतीय बैठक में इस विषय पर शासन को पत्र लिखने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया था। संगठन ने राज्य सरकार से घोषणा पत्र के वादे के अनुरूप लंबित दो प्रतिशत महंगाई भत्ता जल्द स्वीकृत करने की अपील की है। फेडरेशन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार दिवाली से पहले इस संदर्भ में कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो समस्त कर्मचारी संगठन एकजुट होकर मंत्रालय का घेराव करेंगे।