छत्तीसगढ़ के सुकमा में बम विस्फोट, बच्ची की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
छत्तीसगढ़ के सुकमा ज़िले में एक विस्फोट में आठ साल की बच्ची की मौत हो गई है। पुलिस का कहना है कि बच्ची संदिग्ध माओवादियों द्वारा लगाए गए इम्प्रोवाइज़्ड एक्प्लोसिव डिवाइस की चपेट में आ गई।
विस्फोट इतना ज़बरदस्त था कि बच्ची का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। ज़िले के पुलिस अधीक्षक डी श्रवण के अनुसार, "बंडा-गोलपल्ली पर मुरलीगुड़ा के पास गुरुवार की शाम एक बच्ची की मौत हुई है। बच्ची अपनी मां के साथ कोंटा से लौट रही थी।"
पुलिस के अनुसार कन्हाईगुड़ा की 8 साल की मुचाकी अनिता कोंटा के ढ़ोढरा में कन्या आश्रम में पहली कक्षा में पढ़ती थी। तबियत खराब होने के कारण अपनी मां के साथ घर लौट रही थी, जहां रास्ते में ये विस्फोट हो गया।
पिछले हफ्ते भी हुआ था विस्फोट, जवान की हो गई थी मौत
पुलिस ने बताया कि पिछले हफ्ते भी इम्प्रोवाइज़्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस के धमाके में सीआरपीएफ़ के एक जवान की मौत हो गई थी। इस विस्फोट में एक डिप्टी कमांडेंट समेत चार लोग घायल हुए थे।
मानवाधिकार संगठन पीयूसीएल ने पूरे मामले की न्यायिक जांच की मांग की है। छत्तीसगढ़ में पीयूसीएल के अध्यक्ष डॉ. लाखन सिंह ने कहा है कि बस्तर में युद्ध जैसे हालात पैदा कर दिए गए हैं जिसका शिकार दोनों तरफ़ से आदिवासी हो रहे हैं।
डॉ लाखन सिंह ने कहा, "हम हर तरह की हिंसा के खिलाफ़ हैं, हम इस बच्ची की मौत की निंदा करते हैं औऱ इसकी जांच की मांग करते हैं।"