छत्तीसगढ़: सीआरपीएफ-डीआरडीओ ने विकसित की बाइक एंबुलेंस सेवा, नक्सल क्षेत्रों में जवानों की मदद करेगी 'रक्षिता'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में इमरजेंसी के दौरान चिकित्सा सहायता तत्काल उपलब्ध कराने की मंशा से सैनिकों के लिए 'बाइक एंबुलेंस' सेवा की शुरुआत की गई है। किसी ऑपरेशन के दौरान अगर कोई जवान घायल हो जाता है तो जंगलों के बीच उसे तुरंत ही चिकित्सा सहायता देने में मुश्किल होती है। इसे देखते हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स (सीआरपीएफ) ने बाइक एंबुलेंस तैयार की है।
केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स के अनुसार अगर फील्ड में ऑपरेशन के दौरान कोई कमांडो घायल होता है तो वहां उसकी मदद के लिए बाइक एंबुलेंस तैयार रहेंगी। इन्हें 'रक्षिता' नाम दिया गया है। फर्स्ट ऐड देने के साथ घायल जवान को यह बाइक जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाएगी।
सीआरपीएफ के डीजी एपी माहेश्वरी ने कहा, 'ये मोटरसाइकिल सीआरपीएफ और डिफेंस रिसर्च एंड डेवेलपमेंट (डीआरडीओ) की मदद से बनाई गई है। जहां भी हमारे सैनिक तैनात होंगे, जहां पर सड़क नहीं होंगी वहां पर यह मोटरसाइकिल एंबुलेंस काम करेंगी।' सीआरपीएफ ने ऐसी 21 बाइक एंबुलेंस के साथ शुरुआत की है।
छत्तीसगढ़: नक्सल इलाके में सैनिकों के लिए 'बाइक एंबुलेंस' सेवा की शुरूआत की गई है।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 12, 2021
CRPF के DG ए.पी. माहेश्वरी ने बताया, "ये मोटरसाइकिल CRPF और DRDO की मदद से बनाई गई है। जहां भी हमारे सैनिक तैनात होंगे, जहां पर सड़क नहीं होंगी वहां पर ये मोटरसाइकिल एंबुलेंस का काम करेंगी।" pic.twitter.com/2N3gttiOUg
नक्सल प्रभावित इलाकों में आए दिन नक्सली सुरक्षा बलों के वाहनों को आईडी के जरिये निशाना बनाने की कोशिश करते हैं। ऐसे में ऑपरेशन के लिए निकली जवानों की टीमों को हिदायत दी जाती है कि वह मुख्य सड़कों का इस्तेमाल ना करें।
घने जंगलों में जवानों को कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। ऐसे में कांबिंग ऑपरेशन के लिए बाइक्स का सहारा लिया जाता है। अगर मुठभेड़ मे कोई जवान घायल होता है तो उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाने होता है, लेकिन खराब रास्ते और मुख्य सड़कों पर नक्सलियों के आईईडी के खतरे को देखते हुए बहुत संभल कर धीरे-धीरे चलना होता है।
ऐसे में इन जरूरतों को देखते हुए डीआरडीओ के साथ सीआरपीएफ के लिए डिजाइन की गई बाइक एंबुलेंस बहुत कारगर है। घायल जवानों के लिए यह संजीवनी से कम नहीं है। बाइक में ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था के साथ जीपीएस मॉनिटर लगाया गया है। इससे घायल जवान के ब्लड प्रेशर, हार्ट बीट की जानकारी मिलती रहती है।