बीजापुर: रीपा केन्द्र से गायब हुई मशीनें, 25 जून को जिला पंचायत सीईओ ने किया था निरीक्षण, सचिव को नोटिस
बीजापुर में भोपालपटनम ब्लॉक के ग्राम पंचायत रूद्रारम में स्थित रीपा स्थल से कई महत्वपूर्ण मशीनों के गायब होने की खबर सामने आई है।
विस्तार
बीजापुर में भोपालपटनम ब्लॉक के ग्राम पंचायत रूद्रारम में स्थित रीपा स्थल से कई महत्वपूर्ण मशीनों के गायब होने की खबर सामने आई है। 25 जून 2025 को जिला पंचायत सीईओ द्वारा किये गये औचक निरीक्षण में यह खुलासा हुआ कि केन्द्र में पापड़ निर्माण मशीन, दोना-पत्तल निर्माण मशीन, कुकीज़/ब्रेड निर्माण मशीन, लाख प्रोसेसिंग यूनिट, इमली चपाती निर्माण मशीन एवं रस्सी बनाने की मशीन मौजूद नहीं थीं। जिला पंचायत सीईओ ने रूद्रारम ग्राम पंचायत के सचिव विजय कुमार कोरम से तीन दिनों के भीतर स्वयं उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने को कहा है। पत्र में यह भी पूछा गया है कि यदि मशीनें कहीं और रखी गई हैं तो किसकी अनुमति से और कहाँ रखी गई हैं। यदि मशीनें चोरी हुई हैं तो क्या इस संबंध में पुलिस में एफ.आई.आर. दर्ज की गई है और क्या उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई है?
नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि समय पर संतोषजनक उत्तर नहीं मिला, तो सचिव के विरुद्ध छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा आचरण नियम 1998 के तहत निलंबन व विभागीय जांच की कार्रवाई की जाएगी। यह मामला पंचायत स्तर पर लापरवाही और जवाबदेही की बड़ी मिसाल बन सकता है। ग्रामीणों में भी इस घटना को लेकर चिंता देखी जा रही है, क्योंकि यह मशीनें स्थानीय ग्रामीणों को स्व-रोजगार से जोड़ने हेतु उपलब्ध कराई गई थीं।