Bijapur: जप्पेमरका और कामकानार के जंगलों में डीआरजी और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, दो माओवादी ढेर
बीजापुर जिले के मिरतुर थाना क्षेत्र जप्पेमरका और कामकानार के जंगलों में डीआरजी और नक्सलियों के बीच रुक-रुककर मुठभेड़ हो रही है। मुठभेड़ में दो माओवादी ढेर हो गए हैं।
विस्तार
बीजापुर जिले के मिरतुर थाना क्षेत्र के जप्पेमरका व कामकानार के जंगलों में डीआरजी व नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में जवानों ने दो नक्सलियों को मार गिराया है। वहीं मौके से हथियार, वायरलेस सेट व अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक जप्पेमरका व कामकानार के जंगल मे प्रतिबंधित भाकपा माओवादियों के वेस्ट बस्तर डिवीजन सप्लाई टीम इंजार्च पंडरु, भैरमगढ़ एरिया कमेटी के एसीएम जोगा, एसीएम सोनू व अन्य 10 से 15 सशस्त्र नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर शुक्रवार की रात बीजापुर डीआरजी की टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी।
अभियान के दौरान शनिवार की सुबह जप्पेमरका व कामकानार के जंगल में पुलिस पार्टी व नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में जवानों ने दो नक्सलियों को मार गिराया हैं। वहीं मौके से हथियार, वायरलेस सेट, पिट्ठू, नक्सली वर्दी, दवाइयां, नक्सल संगठन के प्रचार प्रसार की सामाग्री, साहित्य व रोजमर्रा के सामान बरामद किये गये हैं। इलाके में अभी सर्चिंग जारी है। पुलिस ने कहा है कि विस्तृत जानकारी अलग से दी जाएगी।