CG election 2023: अनुराग ठाकुर बोले- लोग छत्तीसगढ़ को दोबारा कांग्रेस का 'एटीएम' नहीं बनने देंगे
भाजपा प्रत्याशी महेश गागड़ा ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए नामांकन जमा किया। गागड़ा के नामांकन कार्यक्रम में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण व युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी शिरकत की।
विस्तार
शुक्रवार को बीजापुर विधानसभा से भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी महेश गागड़ा के नामांकन कार्यक्रम में बीजापुर पहुंचे केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने आमसभा को संबोधित करते हुए भूपेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भूपेश सरकार के मंत्री और विधायकों ने गरीबों का चावल तक खा लिया।
भाजपा प्रत्याशी महेश गागड़ा ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए नामांकन जमा किया। गागड़ा के नामांकन कार्यक्रम में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण व युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी शिरकत की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकाली यह रैली भाजपा कार्यालय से कलेक्ट्रेट कार्यालय तक निकाली गई। रैली की शक्ल में अनुराग ठाकुर व महेश गागड़ा ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन दाखिल किया।
नामांकन जमा करने के बाद बाइक रैली के साथ केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर व भाजपा प्रत्याशी महेश गागड़ा नये बस स्टैंड स्थित सभा स्थल पहुंचे। यहां केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर व महेश गागड़ा ने आमसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ को मोदी सरकार ने देने में कोई कमी नहीं रखी, लेकिन भूपेश सरकार ने भी खाने में कोई कमी नहीं रखी। भूपेश सरकार के मंत्री और विधायकों ने गरीबों का चावल तक खा लिया, 2018 के में चुनाव से पहले गंगाजल कि कसम खाके कांग्रेस के नेताओं ने कहा था कि छत्तीसगढ़ को शराब मुक्त करेंगे। लेकिन चुनाव जीतने के बाद घर-घर में शराब पहुंचाया, फर्जी स्टीकर और होलोग्राम लगाकर छत्तीसगढ़ का पैसा प्रियंका गांधी,राहुल गांधी और सोनिया गांधी को देने का काम किया।
अनुराग ठाकुर ने आगे कहा कि कांग्रेस कि सरकार घोटालों कि सरकार साबित हो गई है। इन्होने शराब घोटाला, कोल घोटाला और गोबर घोटाला जैसे स्केम को अंजाम दिया। केंद्रीय मंत्री ने आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में यहां पर स्पोर्ट्स एकेडमी खोला गया इस स्पोर्ट्स अकादमी के बच्चों ने पूरे देश भर में अपना परचम लहराया और छत्तीसगढ़ और बीजापुर जिले का नाम रोशन किया। केंद्रीय मंत्री ने अपील करते हुए कहा कि इस बार सात नवंबर को बीजापुर जिले के मतदाता बीजेपी के महेश गागडा को वोट देकर भारी मतों से विजयी बनाने बनायें। वहीं भाजपा के पूर्व विधायक व प्रत्याशी महेश गागडा ने आमसभा को संबोधित करते हुए स्थानीय विधायक विक्रम मांडवी को घेरते हुए कहा कि मेरे 10 साल के कार्यकाल में जिले में कई विकास कार्य किये गए। लेकिन कांग्रेस के विधायक के पांच साल के कार्यकाल में जनता त्रस्त हो गई है। विधायक खुद ठेकेदार बन गए हैं, विधायक ने पांच साल में सिर्फ भूमिपूजन किया।