सीजी: बीजापुर में सुरक्षा बलों को मिली कामयाबी, माओवादियों के लगाए पांच किलो के टिफिन बम को किया निष्क्रिय
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने करकेली-बेदरे मार्ग पर माओवादियों द्वारा लगाया गया पांच किलोग्राम वजनी टिफिन प्रेशर आईईडी बरामद कर सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। डी-माइनिंग अभियान के दौरान समय रहते विस्फोटक मिलने से बड़ा हादसा टल गया।
विस्तार
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में करकेली-बेदरे मार्ग पर सुरक्षा बलों ने माओवादियों द्वारा बिछाए गए पांच किलोग्राम वजनी टिफिन प्रेशर आईईडी को बरामद कर नष्ट कर दिया। बम निरोधक दस्ते और बेदरे थाने की संयुक्त टीम ने 11 नवंबर को करकेली से बेदरे जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे कच्ची पगडंडी में छिपाकर रखे गए इस विस्फोटक को खोज निकाला।
डी-माइनिंग अभियान से टला हादसा
सुरक्षा बलों के जवानों ने इलाके में चलाए गए डी-माइनिंग अभियान के दौरान इस शक्तिशाली टिफिन बम को बरामद किया। माओवादियों ने इस आईईडी को प्रेशर स्विच सिस्टम के जरिये लगाया था। समय रहते विस्फोटक मिलने से क्षेत्र में संभावित बड़ा खतरा टल गया। सूचना मिलने के तुरंत बाद बम निरोधक दस्ता और बेदरे थाने की टीम मौके पर पहुंची। जवानों ने निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं और मानकों का कड़ाई से पालन करते हुए आईईडी को निष्क्रिय किया और उसे सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई से करकेली-बेदरे मार्ग पर माओवादियों की मंशा विफल हो गई।