Balod: सीआरपीएफ जवान ने हैदराबाद में खुद को मारी गोली, CRPF प्रोटोकॉल के तहत गांव में हुआ अन्तिम संस्कार
मृतक की माता सहित पूरा परिवार घटना से आहत है। गांव में सेना के जवान का पार्थिव शरीर पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया।
विस्तार
बालोद जिले के गहिरा नवागांव में रहने वाले सीआरपीएफ के जवान ने अपने ड्यूटी के दौरान हैदराबाद कैंप में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पार्थिव शरीर आज उनके गृहग्राम लाया गया। मिली जानकारी के अनुसार स्वयं के राइफल से गोली मारकर जवान ने आत्महत्या की है सीआरपीएफ का जवान गहिरा नवागांव का रहने वाला है। मृतक दो भाई व एक बहन हैं मृतक जवान को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के द्वारा अंतिम सलामी दी गई। घटना सिकंदराबाद के बेगमपेट के चिकोटी गार्डन में गुरुवार सुबह हुई।
18 माह से था पदस्थ
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक देवेंद्र कुमार पिता सोनू राम भूआर्य उम्र 25 वर्ष 18 माह से हैदराबाद के सीआरपीएफ कैंप में पदस्थ था। ग्रामीण प्रेमेंद्र ठाकुर ने बताया कि देवेंद्र सीधा-साधा तथा होनहार युवक था। वह अपने परिवार का दुलारा था। उसी परिवार में सभी स्नेह करते थे। देवेंद्र ठाकुर ने आत्महत्या क्यों की यह रहस्य बना हुआ है। मृतक के पिता सोनू राम भूआर्य ने बताया कि देवेंद्र कुमार से लगातार बातचीत हो रही थी लेकिन उसमें अपनी परेशानी के बारे में कभी नहीं बताया।
आत्महत्या की रात हुई थी बातचीत
बुधवार की रात आत्महत्या करने के पूर्व परिवार के सभी सदस्यों से बातचीत हुई थी उसने घटना के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी वह परेशान भी नहीं लग रहा था। मृतक की माता खेमिनबाई सहित पूरा परिवार घटना से आहत है। गांव में सेना के जवान का पार्थिव शरीर पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया।