Balod: विधायक मेरी छोटी बहन...लेकिन नहीं निभाया फर्ज, भाजपा प्रत्याशी ने महिलाओं को लेकर कही ये बात
राकेश यादव ने विधायक संगीता सिन्हा पर तंज कसते हुए कहा कि वैसे तो विधायक मेरी छोटी बहन है और एक महिला होने के नाते उन्होंने अपना कर्तव्य नहीं निभाया है।
विस्तार
बालोद जिले के संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र के लिए भारतीय जनता पार्टी ने राकेश यादव को अपना विधायक प्रत्याशी बनाया है राकेश यादव ने कहा कि अगर मैं चुनाव जीत कर आता हूं तो महिलाओं के लिए महिला कमांडो की टीम को एक्टिव करूंगा जिनको देखकर शराबी तर-तर कांपते थे और सामाजिक बुराई से लड़ते थे लेकिन आज इस सरकार में हर तरफ शराब की गंगा बह रही है अब इस सरकार को उखाड़ कर फेंकने का समय आ गया है।
विधायक मेरी बहन
राकेश यादव ने विधायक संगीता सिन्हा पर तंज कसते हुए कहा कि वैसे तो विधायक मेरी छोटी बहन है और एक महिला होने के नाते उन्होंने अपना कर्तव्य नहीं निभाया है। विधानसभा में शराब, जुआ सट्टा जैसे अपराधों में वृद्धि हुई है और उसमें विधायक का संरक्षण रहा है इसलिए मैं यह सोचता हूं कि एक महिला होकर उन्होंने अपना कर्तव्य नहीं निभाया जो उन्हें वास्तविक रूप से निभाना था।
मतदान केंद्र के कार्यकर्ता को बनाया प्रत्याशी
प्रत्याशी बनकर आए राकेश यादव ने कहा कि मुझे बड़ी खुशी है कि एक छोटे से कार्यकर्ता को प्रत्याशी बनाकर उतारा है। उन्होंने कहा कि जितने भी हमारे संगठन प्रभारी हैं, जितने भी हमारे वरिष्ठ जन हैं, हमारी आने वाली पीढ़ी है सभी का मैं आभार व्यक्त करता हूं और यह उम्मीद करता हूं कि हमारे विधानसभा के साथ-साथ पूरे जिले और पूरी छत्तीसगढ़ में इस बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी और इसमें हर एक कार्यकर्ता हर एक आम जनता का योगदान रहेगा।