Share Market: एचएमपीवी की आहट से सहमा बाजार; दो मामले सामने आने के बाद सेंसेक्स-निफ्टी में बड़ी बिकवाली
Share Market: देश में एचएमपीवी वायरस के दो मामले सामने आने के बाद शेयर बाजार में भी चिंता देखी गई। घरेलू बेंचमार्क सूचकांक हरे निशान पर खुलने के बावजूद बुरी तरह टूट गए। सेंसेक्स 1200 अंकों तक फिसल गया, जबकि निफ्टी 23700 से नीचे आ गया। आइए जानें बाजार का पूरा हाल।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को हरे निशान पर कारोबार शुरू होने के बावजूद बिकवाली हावी हो गई। बाजार में यह गिरावट एचएमपीवी के दो मामले सामने आने के बाद देखी गई। निवेशक नए वायरस की खबर के बाद चिंता में दिखे। सुबह 11 बजकर 51 मिनट पर सेंसेक्स 1,151.41 (1.45%) अंकों की गिरावट के साथ 78,085.34 के स्तर पर पहुंच गया। दूसरी ओर, निफ्टी 317.80 (1.32%) अंक गिरकर 23,686.95 पर पहुंच गया।
क्या है बाजार में गिरावट का कारण?
अर्थव्यवस्था में सुस्ती और डॉलर के मुकाबले रुपये में कमजोरी के बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बीते कुछ दिनों में भारतीय बाजार में बिकवाली की है। एचएमपीवी के मामले सामने आने की खबर के बाद सोमवार को बाजार में उतार-चढ़ाव मापने वाला इंडिया वीआईएक्स सूचकांक 13% तक उछल गया। इससे बाजार में नकारात्मक माहौल बना। विदेशी निवेशकों में भारतीय बाजार में लौटने के प्रति चिंता बढ़ गई है। हालांकि, चीन के बाजारों में भी बिकवाली हो रही है, जिससे एक उम्मीद जगी है कि निवेशक भारतीय बाजार का रुख करेंगे। इसके पहले चीन में सरकार की ओर से किए गए एलानों के बाद एफआईआई वहां खरीदारी करने लगे थे। अब वहां नए वायरस की खबर से बाजार चिंता में है। ऐसे में उम्मीद है कि ऊंचे वैल्यूएशन के बाद भी फंड मैनेजर भारत पर ही दांव लगा सकते हैं। चीन में आर्थिक रिकवरी की चिंता के बीच फंड मैनेजर के लिए भारतीय बाजार ज्यादा भरोसेमंद विकल्प साबित हो सकता है।
बाजार में कैसे तय होगी आगे की दिशा?
निवेशकों का ध्यान इस सप्ताह शुरू होने वाले तीसरी तिमाही के नतीजों के पर भी बना हुआ है। कंपनियों की कमाई पर नजर रखने के साथ-साथ अमेरिका में ट्रंप की वापसी से जुड़े घटनाक्रम को भी बाजार ट्रैक कर रहा है। इससे आने वाले समय में बाजार की दिशा तय हो सकती है। अचानक भारत में एचएमपीवी के मामले आने से निवेशक फिलहाल चकित हैं। कर्नाटक में दो एचएमपीवी मामलों का पता चलने की स्वास्थ्य मंत्रालय ने पुष्टि की है। एक और संक्रमण की खबर गुजरात के अहमदाबाद से भी आ रही है। हालांकि, इसकी फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है।
शुरुआती कारोबार में बढ़त के साथ खुला था कारोबार
इससे पहले, भारतीय शेयर बाजार हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को हरे निशान में खुला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 296.94 अंक चढ़कर 79,520.05 के स्तर पर कारोबार कर रहा है, जबकि निफ्टी 85.2 अंक चढ़कर 24,089.95 के स्तर पर पहुंच गया। लेकिन शुरुआती तेजी बाद शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली है। गिरावट की वजह विदेशी फंड निकासी और सतर्कता है।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 296.94 अंक चढ़कर 79,520.05 अंक पर पहुंच गया था। एनएसई निफ्टी 85.2 अंक की बढ़त के साथ 24,089.95 अंक पर रहा। हालांकि, बाद में दोनों सूचकांक नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करने लगे।
शुरुआती कारोार में सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में से बजाज फाइनेंस, टाइटन, इंफोसिस, एचसीएल टेक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और टेक महिंद्रा के शेयर सबसे अधिक मुनाफे में रहे। कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा स्टील, पावर ग्रिड और एशियन पेंट्स के शेयर नुकसान में रहे। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी फायद में रहा, जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट, हांगकांग का हैंगसेंग तथा जापान का निक्की नुकसान में रहे।
अमेरिकी बाजार शुक्रवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76.35 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 4,227.25 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।