एटीएम में नहीं निकल रहे 100 और 2 हजार के नोट, बैंक वाले दे रहे बंद होने का हवाला
दोनों ही सूरतों में लोगों की परेशानी बढ़ गई है। ऐसे में मजबूरन 500 रुपये का नोट ही निकालना पड़ रहा है। शहर में करीब 470 एटीएम हैं। इनमें तकनीकी खराबी तो एक समस्या है ही, दूसरा कई दोनों तरह के नोट निकालने में अक्षम साबित हो रहे हैं।
100 और दो हजार रुपये के नोट की बजाय 500 का ही नोट निकल रहा है। ऐसे में छोटे नोटों का विकल्प ही समाप्त किया जा रहा है। इसने कई लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
100 रुपये के नोट को लेकर बैंककर्मी कुछ और ही तर्क देते हैं। उनका कहना है कि इसे डालने पर नोटों की संख्या बढ़ जाती है, लेकिन ज्यादा समय तक चल नहीं पाते हैं। कुछ ही घंटों में एटीएम खाली हो जाता है।
दो हजार के नोट की नई खेप नहीं आ रही
500 रुपये का नोट 100 की तुलना में कम डाला जाता है, लेकिन ज्यादा समय तक एटीएम में बना रहा है। यानि 48 घंटे बाद ही एटीएम लोड करना पड़ता है। इधर, दो हजार रुपये के नोटों को सरकार वैसे ही बंद करने की तैयारी में है। इसलिए नई खेप आ नहीं रही है। पहले से मौजूद नोट ही घूम रहे हैं।
एटीएम में 100 रुपये का नोट ज्यादा देर तक चल नहीं पाता है। इसलिए इसे कम ही डाला जाता है। जबकि दो हजार रुपये के नोट धीरे-धीरे चलन से बाहर हो सकते हैं। - सुरेश राम, अग्रणी जिला प्रबंधक लीड बैंक
एटीएम में छोटे नोट होने जरूरी हैं। कई मौकों पर बिना इनके काम नहीं चल पाता है। मजबूरी में बड़े नोट ही निकालने पड़ जाते हैं। - आयुष गुप्ता, कारोबारी
कई मौकों पर 100 रुपये के नोटों की जरूरत बन जाती है। बड़े नोटों के खुले मिल नहीं पाते हैं। ऐसे में यह विकल्प होना आवश्यक है। - लोकेंद्र सिंह, नौकरीपेशा