इंटरनेट बंद होने से हुआ ताजनगरी में करोड़ों का नुकसान, ओला-उबर नहीं मिलने से भटके पर्यटक
इंटरनेट सेवा क्या बंद हुई, सरकारी कामकाज ठप सा हो गया। न ड्राइविंग लाइसेंस, न जमीनों के बैनामे हुए, न ही ताज के ऑनलाइन टिकट बुक हो पाए। डीलर राशन नहीं बांट पाए। यू-ट्यूब पर देखकर कढ़ाई बुनाई और पकवान बनाने वाली महिलाओं को परेशानी हुई, सो अलग....
आरटीओ में जहां जन सुविधा केंद्रों पर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने आए लोग आवेदन नहीं कर सके। डाकघरों में रजिस्ट्री और स्पीड पोस्ट सेवाएं प्रभावित रहीं। आरटीओ में ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन नहीं हो सके। जन सुविधा केंद्रों पर नए आवेदन नहीं हुए।
कंप्यूटर टेस्ट में भी दिक्कतें आईं। एआरटीओ (प्रशासन) एके सिंह ने बताया कि जिन आवेदकों का बृहस्पतिवार का स्लाट था, वह लोग बायोमेट्रिक और टेस्ट देने आए थे। इसी तरह स्थायी लाइसेंस में भी वही लोग आए जिनकी पूर्व तारीख निर्धारित थी। नए आवेदन आरटीओ के सर्वर पर नहीं पहुंच सके, इस कारण एक भी लर्निंग लाइसेंस नहीं बन सका।
डाकघर : रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट पर लगा ब्रेक
सिकंदरा, राजामंडी, संजय प्लेस के डाकघरों में रजिस्ट्री और स्पीड पोस्ट सेवाएं प्रभावित रहीं। कर्मचारियों ने लोगों को लौटा दिया। हालांकि इनके पास ब्राडबैंड सेवा अलग से है। सेवाओं पर असर नहीं पड़ना चाहिए था लेकिन कर्मचारियों ने कभी सर्वर का बहाना बनाकर तो कभी नेट नहीं होने के कारण स्पीड पोस्ट और रजिस्ट्री नहीं की गईं।
- 400 ऑनलाइन रजिस्ट्री रोज होती हैं शहर में।
- औसतन 500 स्पीड पोस्ट रोज की जाती हैं शहर में।
- एक दिन में 425 लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन किए जा सकते हैं।
- औसतन करीब 250 लाइसेंस रोज बनते हैं।
राशन वितरण के लिए नई तारीख मांगी
राशन पाने से वंचित रह गए कार्ड धारकों को 26 दिसंबर को डीलरों के यहां से राशन नहीं मिल पाया। इंटरनेट सेवा बंद होने से राशन का वितरण नहीं किया गया। वितरण का रिकार्ड ऑनलाइन दर्ज किया जाता है। दूसरी तिथि पर राशन वितरण की अनुमति मांगी है। जिले में 1326 राशन डीलर और 6.63 लाख राशन कार्ड धारक हैं। दिसंबर माह में 08 से 10 फीसदी कार्ड धारकों को राशन नहीं मिल पाया है।
इनको राशन उपलब्ध कराने के लिए आपूर्ति विभाग की ओर से राशन डीलरों को 26 दिसंबर को दुकानें खोलने का निर्देश दिया गया था। जिला आपूर्ति अधिकारी उमेश चंद्र मिश्रा का कहना है कि 28 या 29 दिसंबर को राशन वितरित करने की अनुमति मांगी गई है।
- 66 हजार कार्डधारकों को नहीं मिला है राशन
- 28 या 29 दिसंबर को वितरण के लिए अनुमति मांगी गई
ठप हुई ओला-उबर की सेवा
ऑनलाइन सर्विस ओला व उबैर टैक्सी सिस्टम सुबह आठ बजे से ठप हो गया। इस कारण पूरे दिन लोग ओला व उबैर टैक्सियों की बुकिंग नहीं करा सके। ओला की ऑटो, मोटरसाइकिल सेवाएं भी ठप रहीं। पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ऑनलाइन फूड सप्लाई करने वाली स्वीगि व जोमेटो की सेवाएं बंद रहीं। होटल बुकिंग साइटें भी आफ लाइन रहने के कारण पर्यटक परेशान रहे।
- 250 ओला और उबेर टैक्सियां हैं शहर में
- 60 फीसदी कमी आई है होटलों की ऑनलाइन बुकिंग में।
सदर के रजिस्ट्री दफ्तर में कामकाज ठप
इंटरनेट न चलने के कारण सदर के रजिस्ट्री दफ्तर में कामकाज ठप रहा। दूर दराज से लोग बैनामों के लिए आए। दोनों पक्ष मौजूद थे, वकील भी साथ लाए थे, औपचारिकताएं भी पूरी थीं लेकिन बैनामे नहीं हो सके। सभी लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा। कड़ाके की सर्दी के बावजूद 35 लोग बैनामा कराने के लिए पहुंचे थे।
ये भी दिक्कतें रहीं
1. जोमेटो, स्वीगी से लोग खाना नहीं मंगा पाए।
2. फ्लाइट के टिकट बुक नहीं करा पाए लोग।
3. बिजली के ऑनलाइन बिल जमा नहीं हो पाए।
4. मोबाइल पर ट्रेनों की जानकारी नहीं ले पाए लोग।
5. एप से ट्रेनों के टिकट भी बुक नहीं हो पाए।