चिंता मनी 28 : बीमा पॉलिसी पर राइडर लेना ठीक होगा?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के बंसल परिवार में पिछले कुछ महीनों में काफी कुछ बदल गया जब नौकरी और करियर के सिलसिले में बड़े शहरों में रहने वाली उनकी दोनों बेटियां उनके साथ हैं। लॉकडाउन के कारण मुंबई में रहने वाली सारिका और हैदराबाद में रहने वाली तुलिका लखनऊ लौट आई थीं और अभी वापस नहीं गई हैं। दोनों अपने काम में व्यस्त हैं, मगर सारिका ने घर में बरसों से पड़े दस्तावेजों को व्यवस्थित करने का जिम्मा भी उठा लिया। चार सदस्यीय इस परिवार के पास मौजूद करीब दर्जन भर जीवन बीमा पॉलिसी को खंगालते हुए वह यह समझने की कोशिश कर रही हैं कि इन पॉलिसी से वास्तव में क्या लाभ हैं। उन्हें पता चला कि उनके नाम की दो पॉलिसी गंभीर बीमारियों के राइडर के रूप में है। वह हैरत में हैं कि आखिर महज 26 साल की उम्र में उन्हें गंभीर बीमारियों से जुड़ी बीमा पॉलिसी की क्या जरूरत है।
इंश्योरेंस राइडर क्या हैं?
जीवन बीमा पॉलिसी राइडर पिज्जा की टॉपिंग जैसा है और यह किसी मौजूदा जीवन पॉलिसी के साथ विशिष्ट तरह के जोखिम को कवर करता है। राइडर एक अतिरिक्त बीमा कवर होता जिससे पॉलिसीधारक को अपने जीवन बीमा कवरेज का दायरा बढ़ाने में मदद मिलती है। राइडर सड़क हादसे में मौत, गंभीर बीमारी या फिर बेसिक टर्म कवर जैसे विशिष्ट जोखिम को कवर करते हैं। राइडर का लाभ यह है कि कम लागत में ये अकेली बीमा पॉलिसी की तुलना में समान जोखिम के लिए अधिक कवरेज देते हैं। आप नई बीमा पॉलिसी लेते समय राइडर ले सकते हैं, बशर्ते की यह उपलब्ध हो।
मसलन आप कोई टर्म या मनी बैक पॉलिसी ले रहे हों, तो उसके साथ ही दिव्यांगता, हादसे में मौत, प्रीमियम में छूट या फिर गंभीर बीमारी से जुड़े राइडर ले सकते हैं। एक बार पॉलिसी खरीदने के बाद उसमें राइडर नहीं जोड़ा जा सकता। राइडर कम लागत में अतिरिक्त कवर प्रदान करते हैं और वित्तीय संकट के समय यह मददगार साबित हो सकते हैं। इससे आपको धारा 80 सी के तहत आयकर में छूट भी मिलती है।
राइडर के प्रकार
एक्सीडेंटल डेथ राइडर: सारी जीवन बीमा पॉलिसियां हादसे में होने वाली मौत के जोखिम को कवर करती हैं। यदि किसी हादसे में आपकी मौत होती है, तो आपके नॉमिनी को बीमित राशि की दोगुना राशि मिलती है।
स्थायी या आंशिक दिव्यांगता: यह राइडर उस स्थिति में मददगार होता है, जब किसी हादसे में बीमाधारक अस्थायी या स्थायी रूप से दिव्यांग हो जाए। अधिकांश मामलों में बीमा कंपनियां हादसे के कारण होने वाली दिव्यांगता की स्थिति में एक निश्चित बीमित राशि देती हैं, जो कि सामान्य पॉलिसी नहीं करती।
आय बढ़ाने वाला राइडर: यह राइडर पॉलिसीधारक के निधन या दिव्यांग होने पर परिवार को एक नियमित आय प्रदान करता है।
प्रीमियम में छूट: यह राइडर सुनिश्चित करता है कि यदि आप हादसे या गंभीर रूप से बीमार होने के कारण प्रीमियम अदा करने में असमर्थ हों, तो आपकी जीवन बीमा पॉलिसी कायम रहे।
गंभीर बीमारी: इस राइडर के तहत यदि आप पॉलिसी दस्तावेज में उल्लिखित किसी महत्वपूर्ण बीमारी से पीड़ित हैं, तो अपने आप को कवर करने के लिए अतिरिक्त राशि का भुगतान कर सकते हैं। यह हेल्थ इंश्योरेंस कवर से अलग है, जिसमें
इलाज का खर्च वहन किया जाता है। इस राइडर से किसी गंभीर बीमारी का पता चलने पर आपको एकमुश्त राशि मिलती है। उम्मीद है, इस जानकारी के बाद यदि सारिका को लगता है कि उनके पास जोखिम को कवर करने के लिए पर्याप्त राइडर हैं, वह किसी गैरजरूरी राइडर को खत्म कर सकती हैं। ध्यान रहे, राइडर का मकसद जोखिम कवर को बढ़ाना है, इसलिए सिर्फ यह सोचकर इसे न लें कि इसकी लागत कम है।