इंडियाबुल्स पर 1500 करोड़ रुपए की कर चोरी का आरोप, आयकर के छापे
करीब 1500 करोड़ रुपये के कर चोरी के आरोप में आयकर विभाग ने बुधवार को इंडियाबुल्स ग्रुप के मुंबई, दिल्ली, चेन्नई और करनाल स्थित दफ्तरों और परिसरों में गहन छापेमारी की। विभाग के सूत्रों ने बताया कि इस छापेमारी में आयकर विभाग के सैकड़ों कर्मचारी और पुलिसकर्मी शामिल थे। माना जा रहा है कि छापेमारी की कार्रवाई बृहस्पतिवार को भी जारी रहेगी।
मालूम हो इंडिया बुल्स देश का बड़ा बिजनेस हाउस है, जो रियल एस्टेट, फाइनेंस और पावर सेक्टर में काम करता है। विभाग के सूत्रों के मुताबिक इस कारपोरेट हाउस ने 1700 करोड़ रुपये का कर्ज लिया है और इसी संदर्भ में छापे मारे गए हैं। आयकर विभाग 1000 करोड़ की बेनामी लेनदेन के मामले की भी जांच कर रहा है।
छापे की खबर फैलते ही इंडियाबुल्स के शेयरों में सात फीसदी की गिरावट
कंपनी का कहना है कि आयकर विभाग के अधिकारी खातों की जांच के लिए आए थे और हम लोग टीम के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं। छापे की खबर फैलते ही इंडियाबुल्स के शेयरों में सात फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड ने बीएसई को दिए स्पष्टीकरण में छापेमारी की बात स्वीकार की है।
इंडियाबुल्स समूह ने एक अलग बयान में कहा है कि पिछले साल समूह ने आयकर के रूप में 782 करोड़ रुपये और सेवा कर के रूप में 372 करोड़ रुपये का भुगतान किया। करनाल में कांग्रेस की पूर्व विधायक सुमिता सिंह के घर पर आयकर विभाग ने छापा मारा। इंडियाबुल्स के मालिक समीर गहलावत सुमिता सिंह के दामाद हैं। सूत्र बताते हैं कि छापेमारी के दौरान न तो किसी को घर के बाहर आने दिया और न ही किसी को अंदर जाने दिया गया।